इंदाैरा : वन विभाग की भूमि पर अवैध कबाड़ की दुकान में लगी आग
मनीष ठाकुर। इंदाैरा
पठानकोट के अड्डा के पास पड़ती वन विभाग की जमीन पर एक कबाड़ी वाले ने कब्जा कर रखा था, जिसमें शुक्रवार को कबाड़ में लगी आग ने विकराल रूप धारण किया और आसपास के 75 पेड़ जल गए और अन्य वन संपदा को भी अपनी चपेट में ले लिया है। इसके चलते एक बडे़ क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। हलांकि 5-6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने एयर फोर्स की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया। वहीं, वन विभाग ने कबाड़ी वाले के खिलाफ सदर में शिकायत दर्ज करवाई है।
इस दौरान उस पर कार्रवाई और वन विभाग की जमीन पर कब्जा हटवाने के लिए पुलिस को लिखा गया है। इसके अलावा वन संपदा को हुए नुकसान की डैमेज रिपोर्ट काटी गई है। वन विभाग मामले को कोर्ट में ले जाने की तैयारी में हैं। दरअसल शुक्रवार दोपहर को सरना अड्डा के पास कबाड़ के समान में आग लग गई, जिसके बाद तेज हवा से आग चारों तरफ फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस, दमकल विभाग व वन विभाग को इसकी सूचना दी। थाना सदर एसएचओ तरजिंदर सिंह और रेंज अफसर वरिंजीत सिंह मौके पर पहुंचे। वन अधिकारियों ने वन संपदा के हुए नुकसान की सुची तैयार की।
