ज्वालामुखी : प्रोबेशन में सेवाएं दे रहे जेबीटी अध्यापकों की वेतन विसंगति दूर करे सरकार- संघ
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी
शिक्षा खंड खुंडियां की बैठक खंड प्रधान भीम सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें खंड कार्यकारिणी के लगभग 30 पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रदेश सरकार तथा वित्त विभाग से प्रोबेशन में सेवाएं दे रहे पैट से नियमित हुए जेबीटी अध्यापकों की वेतन विसंगति को दूर करने का आग्रह किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए खंड प्रधान ने कहा कि प्रोबेशन पर सेवारत होने के चलते जेबीटी वर्ग में इस वर्ग को पे रिवीजन का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। इन्होंने कहा कि वित्त विभाग द्वारा सुझाए गए तीनों विकल्पों से जहां प्रदेश के सभी कर्मचारियों को पे कमीशन से फायदा हो रहा है, तो वहीं दूसरी ओर प्रोबेशन पर सेवाएं होने के कारण इन अध्यापकों के मूल वेतन में इनसे एक माह पूर्व प्रोबेशन पूरा कर चुके अध्यापकों के मूल वेतन में 5000 रुपए का अंतर आने से भारी वेतन विसंगति का खामियाजा इस वर्ग को भुगतना पड़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश में पंजाब की वेतनमान की सिफारिशें लागू करने के बावजूद वेतनमान में इतना अंतर इसलिए आ रहा है। क्योंकि पंजाब में प्रोबेशन जैसी व्यवस्था नहीं है तथा अक्तूबर,2011 से उनके समकक्ष अध्यापकों को हायर ग्रेड पे मिलता है, जबकि हिमाचल में दो साल की नियमित सेवा के बाद ही ऐसी व्यवस्था की जाती है। अगस्त 2022 में 15 परसेंट के विकल्प से जहां इन अध्यापकों का मूल वेतन 36500 हो जाएगा, तो वहीं वर्तमान में उनके लिए उपलब्ध मात्र 2.59 के विकल्प से इनका मूलवेतन 31500 रुपए ही होगा। 17 वर्षाें तक अस्थायी सेवाएं देने के कारण इन अध्यापकों की सेवाएं बहुत ही सीमित बची हैं। संघ ने सरकार व वित्त विभाग से मांग की है कि इन्हें नियुक्ति के समय से हायर ग्रेड पे पर 2.25 का विकल्प या फिर प्रोबेशन पूर्ण हो जाने के उपरांत 15 प्रतिशत का विकल्प मुहैया करवाया जाए, ताकि इन अध्यापकों को भी पे कमीशन का फायदा मिल सके।
बैठक में प्राथमिक स्कूलों में जेबीटी अध्यापकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने का आग्रह भी प्रदेश सरकार से किया गया। बैठक में संघ के महासचिव दवेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष गुरबख्श, मुख्य सलाहकार प्रितपाल चौहान, एनपीएस प्रधान गुरजीत सिंह, प्रेस सचिव होशियार सिंह, सुरजीत सिंह सहित संजय कुमार, विजय कुमार, विनोद धीमान, राजिंद्र कुमार, मोहन लाल, अजय कुमार, शालिग्राम, जयचंद, सुनील, सुरिन्द्र, वासुदेव, रीतू राम, सुरेश कुमार, देशराज, आशा देवी तथा मीनाक्षी भी उपस्थित रहे।
