हमीरपुर : बड़सर के चकमोह में भीषण अग्निकांड, तीन मकान जलकर राख
- दो घर गरीब परिवारों के, अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत कर आग पर पाया काबू
-सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक लखनपाल घटना स्थल पर पहुंचे
प्रदेश के जिला हमीरपुर के उप मंडल बड़सर के तहत चकमोह गांव में भीषण अग्निकांड सामने आया है। यहां रविवार देर रात आग लगने से दो गरीब परिवारों के घरों सहित तीन घर जलकर राख हो गए हैं।
सूचना मिलते ही रविवार देर रात अग्निशमन विभाग हमीरपुर के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह तक आग पर काबू पाया गया है। इस घटना में प्रभावित परिवारों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग की भेंट चढ़े ये मकान चकमोह निवासी राज कुमार, ज्ञान चंद और ठाकुर दास के हैं। हालांकि आग लगने की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया, लेकिन आज इतनी भयंकर थी कि इस पर काबू पाना मुश्किल था।
आग लगने की सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी सोमवार सुबह तक आग पर काबू पाने के लिए जुटे रहे। वहीं, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल भी देर रात ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौके पर राहत और बचाव कार्यों को भी जांचा व प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
