हमीरपुर: मात्र घोषणा कर देने से मेडिकल कॉलेज नहीं बन जाता : भाजपा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व चेयरमैन विजय अग्निहोत्री ने कहा कि मात्र घोषणा कर देने से मैडिकल कॉलेज नहीं बन जाता। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव से चंद दिन पहले एक कागज के टुकड़े के उपर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर, मेडिकल कॉलेज नाहन और मेडिकल कॉलेज चंबा तीनों की घोषणा हो गई और इसके तुरंत बाद चुनाव हो गए और चुनाव में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी और जगत प्रकाश नड्डा इस सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने।
भाजपा नेता ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद ही तीनों मेडिकल कॉलेजों के लिए संपूर्ण धन का प्रावधान किया गया और उसी धन की उपलब्धता के आधार पर तीनों मेडिकल कॉलेज बनने शुरू हुए।
उन्होनें कहा कि सीएम सुक्खू का यह कथन सत्य से परे है कि इस मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण में उनका बड़ा योगदान है, जबकि पिछले 5 वर्षों में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार के दौरान ही हमीरपुर मेडिकल कॉलेज, नाहन मेडिकल कॉलेज और चंबा मेडिकल कॉलेज तीनों के भवनों का निर्माण कार्य वर्तमान स्थिति पर पहुंचा। नाहन मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण का कार्य तो वर्तमान सुक्खू सरकार ने पूरी तरह से बंद करवा दिया और यह भी जानकारी मिल रही है कि वर्तमान प्रदेश सरकार नाहन के मेडिकल कॉलेज को दायने-बाएं बनाने की सोच रही है, ताकि कार्य में और विलंब हो।
