हमीरपुर: पूर्व सैनिकों कोटे में रिक्त पद भरने की प्रक्रिया शुरू
हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण विभाग पूर्व सैनिकों कोटे के तहत पूर्व सैनिकों को विभिन्न सरकारी विभागों में पद भरने की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिला दिव्यांग पूर्व सैनिक व युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं व आश्रितों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। यहां इनके प्रमाण पत्रों की जांच की गई।
प्रमाण पत्रों की जांच करने के बाद योग्यता के अनुरूप पूर्व सैनिकों को विभिन्न विभागों में पदों पर तैनात किया जाएगा। सोमवार को साक्षात्कार के लिए पहुंचे पूर्व सैनिकों ने लाइनमैन और इलेक्ट्रीशियन के सामान्य, ओबीसी, एससी व एसटी वर्ग के 26 पदों के लिए साक्षात्कार में भाग लिया। योग्यता पूरी करने वाले पूर्व सैनिकों का पैनल तैयार किया जाएगा तथा पैनल के अनुरूप ही सिनियोरिटी के आधार पर नौकरी दी जाएगी। वहीं इस मौके पर पूर्व सैनिक निदेशालय के बिग्रेडियर मदनशील शर्मा ने विभिन्न जिला से आए हुए पूर्व सैनिकों को साक्षात्कार में जरूरी दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी।
साक्षात्कार देने 60 के करीब अभ्यर्थी पहुंचे
लाइनमैन और इलेक्ट्रीशियन के लिए सामान्य वर्ग में 12, ओबीसी वर्ग में 4, एससी वर्ग में 8 व एसटी वर्ग में 2 पदों के लिए साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। पूर्व सैनिक रोजगार विभाग के अधिकारी रविंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि सेामवार को लाइनमैन और इलेक्ट्रीशियन के 26 पदों के लिए विभिन्न जिलाें के पूर्व सैनिकों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। 26 पदों पर साक्षात्कार के लिए 60 के करीब पूर्व सैनिक ही पूर्व सैनिक के रोजगार विभाग में दस्तावेज चेक करवाने के लिए पहुंचे है। उन्होंने बताया कि दिव्यांग पूर्व सैनिक व युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं व आश्रितों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है।
