हमीरपुर के अनूप कुमार शर्मा को बेहतर सेवाओं के लिए मिलेगा उत्कृष्ट सेवा पदक
दाे पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा कर्मी रह चुके अनूप कुमार शर्मा को 15 अप्रैल को शिमला में किया जाएगा सम्मानित
वर्तमान में दबंग पुलिस अधिकारी के नाम से जाने जाते हैं एएसआई अनूप कुमार शर्मा
मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर
हमीरपुर के भटवाड़ा गांव के हिमाचल पुलिस में तैनात एएसआई अनूप कुमार शर्मा को वर्ष 2021-22 में बेहतरीन सेवाओं के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश पुलिस 15 अप्रैल को शिमला में एएसआई अनूप कुमार शर्मा को बेहतर सेवाओं के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक से नवाजेगी। एएसआई अनूप कुमार शर्मा वर्तमान में कांगड़ा जिला के आलमपुर में चौकी प्रभारी हैं। वर्ष 2021 में वह सुजानपुर थाना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी बेहतरीन कार्यप्रणाली व कार्यकुशलता के चलते करीब 2 वर्षों में एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 25 मामले दर्ज किए थे। दबंग पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाने वाले अनूप कुमार शर्मा ने सुजानपुर में सेवाएं देते हुए नशे के खिलाफ अभियान चलाया था, जिसमें नशीले पदार्थों को भी जब्त किया था। इसके अलावा सुजानपुर थाना में बतौर मुंशी के पर सेवाएं देते हुए उन्होंने वर्ष 1885 से अब तक का पुलिस रिकॉर्ड संभाल कर रखने व उसे दुरुस्त करने में भी अहम योगदान दिया था।
अनूप कुमार शर्मा ने अपराधिक घटनाओं हत्या जैसे मामलों को सुलझाने में भी अहम योगदान दिया। वर्ष 2021 में सुजानपुर थाना के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र चौरी में हुई हत्या मामले को उन्होंने अपनी कार्यकुशलता से सुलझाया था और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चयनित किया गया है। एएसआई अनूप कुमार शर्मा तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सुरक्षाकर्मी रह चुके हैं और वर्तमान में वह कांगड़ा जिला में अपनी सेवाएं चौकी प्रभारी के रूप में दे रहे हैं।
एएसआई अनूप शर्मा ने इस सम्मान के लिए पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों व सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि जो भी दायित्व उन्हें अब तक मिला है, उस दायित्व को उन्होंने अभी तक ईमानदारी व निष्ठा से निभाया है। आगे भी जो भी दायित्व हिमाचल पुलिस की तरफ से उन्हें समाज की सेवा के लिए मिलेगा, उसे भी वह ईमानदारी और पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
