बिलासपुर: सतलुज में गिरा रेलवे कंपनी का टिप्पर, चालक की मौ**त
भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बागछाल पुल के समीप एक टिप्पर अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब एक बजे पेश आया। मृतक की पहचान 49 वर्षीय कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो मंडी जिले के गांव धनीपखर का निवासी था। कुलदीप सिंह रेलवे परियोजना में टिप्पर चालक के रूप में कार्यरत था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन बागछाल पुल के पास अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और गहरी खाई में गिर गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। रविवार सुबह हादसे की खबर फैलते ही मृतक के स्वजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। स्वजनों और ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम करीब डेढ़ बजे शुरू हुआ, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। स्थिति को संभालने के लिए मंडी-भराड़ी की ओर से आने वाले वाहनों को पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर मोड़ा गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद निर्माण कंपनी का कोई भी उच्च अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने कंपनी की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीण उचित मुआवजे और कंपनी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग पर अड़े हुए हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
