बिलासपुर: 2.85 ग्राम चिट्टे के साथ दो सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना पुलिस की टीम ने सुंगल क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक पुलिसकर्मी और बिजली बोर्ड के एक कर्मचारी को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर थाना प्रभारी राजेश पराशर के नेतृत्व में सदर पुलिस टीम ने सुंगल इलाके में नियमित नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन नाके की ओर आया, जिसे जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 2.85 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों से चिट्टे के अलावा 17,500 रुपये की नकद राशि भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल और सुरेंद्र के रूप में हुई है। विशाल एक पुलिस कर्मचारी है, जो वर्तमान में विजिलेंस विंग में ड्राइवर के पद पर प्रतिनियुक्ति पर तैनात है, जबकि सुरेंद्र हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और नकदी को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
