धर्मपुर-मंडी: रियूर गांव में दरिंदगी की घटना, बेसहारा बैलों को खाई में दिया धक्का
मंडी जिला के उपमंडल धर्मपुर के रियूर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार कुछ शरारती तत्वों ने बेसहारा घूम रहे बैलों को बेरहमी से धक्के मारकर खाई में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही शिवद्वाला गांव से ताल्लुक रखने वाले समाजसेवी कश्मीर सिंह, संजय कुमार, अमर चंद, विजय कुमार और राम चंद मौके पर पहुँचे और बैलों को खाई से बाहर निकालने का साहसिक प्रयास शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने अधिकांश बैलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक बैल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यह बैल उठ भी नहीं पा रहा था। समाजसेवियों ने इसकी सूचना पशु चिकित्सकों को दी तुंरत पशुपालन विभाग के चिकित्सक ने घटनास्थल पर जाकर घायल पशुओं का प्राथमिक उपचार किया। घटनास्थल पर मौजूद समाजसेवियों ने इसे “मानवता को झकझोर देने वाली दरिंदगी” बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ-संरक्षण की बात तो खूब होती है, लेकिन बेसहारा पशुओं की सुरक्षा के लिए जमीनी स्तर पर अभी भी संवेदनशीलता की कमी साफ दिखाई देती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोक पाना मुश्किल हो जाएगा। ग्रामीण यह भी मांग कर रहे हैं कि बेसहारा पशुओं के लिए स्थायी प्रबंध किए जाएं और गांव-गांव में निगरानी बढ़ाई जाए। यह घटना न केवल कानून व्यवस्था, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। धर्मपुर के लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी शरारती तत्व गौवंश के साथ ऐसी निर्दयता करने की हिम्मत न कर सके। एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल से बात करने पर उन्होंने कहा कि इस घटना की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
