किन्नौर कैलाश से टूटा हिमखंड, रिब्बा गाँव में दहशत, इन जिलों के लिए भी चेतावनी जारी...
हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच सोमवार दोपहर करीब 12 बजे किन्नौर के रिब्बा गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में, किन्नौर कैलाश पर्वत के नीचे हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन नाले में गिरने के कारण जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा इतना अचानक था कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। जैसे ही बर्फ का पहाड़ नीचे गिरा, पूरा इलाका सफेद धुंध की चादर में लिपट गया और तेज बर्फीली हवाओं ने रिब्बा के बाशिंदों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। फिलहाल किसी तरह की संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने घाटी में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
मौसम विज्ञानियों की मानें तो खतरा अभी टला नहीं है। अगले 24 घंटों के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी की गई है। 3000 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फ की परतें अब बेहद कच्ची और अस्थिर हो चुकी हैं। किन्नौर के अलावा लाहौल-स्पीति और चंबा के दुर्गम इलाकों पर भी हिमस्खलन की तलवार लटक रही है। वहीं खतरे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए जारी परामर्श में स्पष्ट कहा गया है कि गैर-जरूरी सफर से बचें, ऊंचाई वाले रास्तों और बर्फीले ढलानों की ओर बिल्कुल न जाएं। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोग मौसम की पल-पल की अपडेट रखें।
