कांगड़ा: कथोग के दिव्यांश धीमान राष्ट्रीय विद्यार्थी विज्ञान मंथन के लिए चयनित
कथोग के दिव्यांश धीमान ने राज्य स्तरीय विद्यार्थी विज्ञान मंथन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर कथोग का नाम पूरे हिमाचल प्रदेश में रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से चयनित 125 विद्यार्थियों ने भाग लिया। दिव्यांश धीमान दसवीं कक्षा में अध्ययनरत है और पढ़ाई में भी काफी होशियार है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विज्ञान भारती (विभा) तथा एनसीईआरटी द्वारा यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है।
डीएवी भरौली में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यार्थी विज्ञान मंथन कार्यक्रम में दिव्यांश धीमान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले नेशनल कैंप में भाग लेगा। यह दूसरा अवसर है जब दिव्यांश विद्यार्थी विज्ञान मंथन के नेशनल कैंप में भाग लेगा। इससे पहले वह आईआईटी वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय विद्यार्थी विज्ञान मंथन में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुका है। दिव्यांश की विज्ञान विषय में गहरी रुचि है। उसने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों को दिया है।
