मनाली में CM सुक्खू ने किया विकासात्मक योजनाओं का उद्धघाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज कुल्लू जिला के मनाली विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान कुल 63 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 8 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से नथाण–जाणा सड़क के उन्नयन कार्य, 5 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से मनाली–कनयाल सड़क के स्तरोन्नयन कार्य तथा नाबार्ड के तहत 13 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित बबेली–जिंदौड़ सड़क के मैटलिंग एवं टायरिंग कार्य का उद्घाटन किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 13 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 33/11 केवी जी.आई.एस. विद्युत सब-स्टेशन, आईबैक्स चौक मनाली, 15 करोड़ रुपये की लागत से रांगड़ी में ब्यास नदी पर पुल निर्माण, 2 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से रांगड़ी और बटाहर क्षेत्र के लिए ब्यास नदी के बाएं तट पर भूस्खलन नियंत्रण निवारण कार्य, एक करोड़ रुपये की लागत से कलाथ में हॉट वाटर स्नान सुविधा, तथा 2 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से जिला पंचायत संसाधन केंद्र, बाशिंग, कुल्लू के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, बिजली, पर्यटन और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
