कुनिहार: बी.एल. सेंट्रल स्कूल में मनाया गया लोहड़ी और मकर संक्रांति का पर्व
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुनिहार में लोहड़ी और मकर संक्रांति का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं पारंपरिक वातावरण में मनाया गया। जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ लोहड़ी और मकर संक्रांति का पर्व मनाया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भारतीय संस्कृति व परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने योग्य रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। शिक्षकों ने बच्चों को सरल भाषा में बताया कि लोहड़ी और मकर संक्रांति सूर्य के उत्तरायण होने का प्रतीक हैं तथा यह पर्व नई ऊर्जा, सकारात्मकता और परिश्रम का संदेश देता है। बच्चों को तिल-गुड़ के महत्व, पतंग उड़ाने की परंपरा और फसल उत्सव से जुड़े तथ्यों की जानकारी भी दी गई। विद्यालय अध्यक्ष ने सभी बच्चों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और मिठाई के रूप में रेवड़ियां वितरित कीं।
नन्हे बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सज-संवरकर कविता पाठ, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा बनाई गई पतंगों तथा लोहड़ी और मकर संक्रांति से संबंधित चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे शिक्षकों ने खूब सराहा। तिल, गुड़ और खिचड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से बच्चों को त्योहार की विशेषताओं से परिचित कराया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इससे बच्चों में अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। साथ ही बच्चों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग का संदेश भी मिलता है। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन ने बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों को भी भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया।
