शिमला: संजौली हेलीपोर्ट से शुरू हुई हेली टैक्सी सेवाएं, जानें रुट और किराया
प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली हेलीपोर्ट को केंद्र सरकार से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद आधिकारिक तौर पर उड़ानों के लिए खोल दिया गया है। इसके साथ ही यहां से हेली टैक्सी सेवाएं भी शुरू हो गई हैं। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हरी झंडी दिखाकर इन सेवाओं का शुभारंभ किया।
संजौली हेलीपोर्ट से हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड हेली टैक्सी सेवाएं प्रदान करेंगी। हेरिटेज एविएशन शिमला से रिकांगपिओ और कुल्लू (भुंतर) रूट पर उड़ानें संचालित करेगी, जबकि पवन हंस लिमिटेड चंडीगढ़-शिमला रूट पर सेवाएं देगी। यह सेवाएं केंद्र सरकार की उड़ान योजना (उड़े देश का आम नागरिक) के तहत शुरू की गई हैं। इसके लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी। हेली टैक्सी सेवा के संचालन पर आने वाले खर्च का 80 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार और 20 प्रतिशत प्रदेश सरकार वहन करेगी।
हेरिटेज एविएशन शिमला से रिकांगपिओ के लिए प्रतिदिन एक उड़ान और भुंतर के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित करेगी। शिमला से भुंतर का प्रति यात्री किराया 3500 रुपये तय किया गया है, जबकि शिमला से रिकांगपिओ के लिए किराया 4000 रुपये रखा गया है। वहीं पवन हंस लिमिटेड की हेली टैक्सी चंडीगढ़-शिमला रूट पर सप्ताह में तीन दिन—सोमवार, शुक्रवार और शनिवार—उड़ान भरेगी। इस रूट पर किराया अभी तय नहीं किया गया है।
राज्य पर्यटन निदेशक विवेक भाटिया ने बताया कि संचालन की मंजूरी मिलने के बाद संजौली हेलीपोर्ट को आधिकारिक रूप से खोल दिया गया है, जिससे प्रदेश के पर्यटन को नई गति मिलेगी। हेली टैक्सी सेवाओं से पर्यटक शिमला की सुंदर वादियों का हवाई नजारा ले सकेंगे और साहसिक व धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हेरिटेज एविएशन जल्द ही मंडी-चंडीगढ़ रूट पर भी हेली टैक्सी सेवा शुरू करेगी। साथ ही भविष्य में शिमला-चंडीगढ़ रूट पर उड़ानों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।
