इंदौरा: मेलों के नाम पर घटिया राजनीति कर रही भाजपा: दविंद्र मनकोटिया
ब्लॉक कांग्रेस इंदौरा के निवर्तमान अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी अब मेलों और त्यौहारों जैसे सांस्कृतिक आयोजनों का भी राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा विभाजन की राजनीति करती आई है और अब उसका स्तर इतना गिर गया है कि वह सांस्कृतिक मंचों का भी इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है।
मनकोटिया ने यह बयान इंदौरा में बैसाखी पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंत्री राकेश पठानिया और पूर्व विधायक रीता धीमान द्वारा इंदौरा के विधायक पर की गई कथित टिप्पणियों के जवाब में दिया। उन्होंने कहा कि इंदौरा के विधायक ने हमेशा मेलों और त्योहारों को सांस्कृतिक विरासत के रूप में देखा है। इसी सोच के तहत उन्होंने इंदौरा उत्सव की शुरुआत कर उसे जिला स्तरीय उत्सव का दर्जा दिलाया। इसके अलावा श्री क्यालू बाबा छिंज मेला गंगथ को भी जिला स्तर तक पहुंचाया गया।
मनकोटिया ने भाजपा नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कहना कि विधायक ने बैसाखी कार्यक्रम में बाधा डाली, पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि विधायक मलेंद्र राजन उस समय पार्टी के कार्यों के चलते क्षेत्र में मौजूद नहीं थे, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों को भी है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार इंदौरा में आयोजित बैसाखी कार्यक्रम सांस्कृतिक और जनसमर्पित होने की बजाय भाजपा का कार्यक्रम बनकर रह गया। मनकोटिया ने आयोजकों से अपील की कि सामाजिक समरसता के ऐसे आयोजनों को राजनीति का अखाड़ा बनाने के बजाय प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से आयोजित किया जाना चाहिए।
