देहरा : हरिपुर गुलेर महाविद्यालय में मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस
विनायक ठाकुर। देहरा
चंद्रधर गुलेरी राजकीय महाविद्यालय हरिपुर गुलेर में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ केएस अत्री की अध्यक्षता में एनएसएस इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो यशपाल शर्मा ने मंच का संचालन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सामाजिक आर्थिक राजनीतिक और विभिन्न क्षेत्रों में उनके महत्वपूर्ण योगदान एवं उपलब्धियों को याद करने के लिए मनाया जाता है। वहीं, प्रो. पंकेश कुमार ने जहां भारत की 10 प्रसिद्ध उद्यम महिलाओं के बारे में बताया। वहीं, प्रो. अमन वालिया ने महिला दिवस की महत्वता एवं प्रसंगिकता पर सार्थक चर्चा की।
वरिष्ठतम प्राध्यापक डॉ राजीव रतन ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही महिलाओं की सम्मानजनक स्थिति रही है, परंतु मध्यकाल और आधुनिक काल आते आते महिलाओं की स्थिति में परिवर्तन हुआ और आज जिस प्रकार से महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है ये काबिले तारीफ है, परंतु मजबूत भविष्य के लिए लैंगिक समानता अति आवश्यक है। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ केएस अत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा की महिलाओं के खिलाफ भेदभाव को खत्म करने के लिए यह दिवस मनाया जाता है तथा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए भी ये दिवस यह दिवस महत्वपूर्ण है। उन्होंने महाविद्यालय की सभी छात्राओं से आह्वान किया कि वे कड़ी मेहनत करें और अपने जीवन तथा कैरियर को सफल बनाएं।
कॉलेज प्राचार्य डॉ केएस अत्री इस मौके पर कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारी संदला देवी कंचन बाला और कृष्णा देवी को महाविद्यालय प्रशासन में सराहनीय योगदान पर उन्हें गुलदस्ते एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही महाविद्यालय में बेटी है अनमोल थीम के तहत महाविद्यालय में अध्ययनरत एकल लड़की संतान कविता रानी और अंजली कुमारी को भी समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। महाविद्यालय की दो छात्राएं शगुन धीमान और मुस्कान ने भी महिला दिवस पर अपने विचार साझा किए। इस कार्यक्रम में डॉ प्रभात शर्मा, डॉ सुभाष चंद्रा, प्रो अजय कुमार, डॉ नवीन, प्रो. राजेश, प्रो. ओंकार व डॉ. नवीन राठौर सिंह इत्यादि मौजूद रहे।
