पालमपुर : शहीद राकेश परिवार के अनुरोध के हर पहलू को जयराम सरकार करेगी पूरा-त्रिलोक कपूर
प्रतिमा राणा। पालमपुर
शहीद राकेश परिवार अनुरोध के हर पहलू को जयराम सरकार पूरा करने के प्रति वचनबद्ध है। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने आज तड़के बैजनाथ के एसडीएम, तहसीलदार और सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर संजीव सोनी के साथ शहीद राकेश के परिजनों से मुलाकात करने के उपरांत एक प्रेस विज्ञप्ति में दी। शहीद राकेश के पिता जिगरी राम ने बताया कि आर्मी की ओर से उन्हें सभी आवश्यकताओं को लेकर बराबर संपर्क बना हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार से ग्वालटिक्कर से कंदराल वया महेशगढ़ को जोड़ने और ग्वाल टिक्कर में शहीद के नाम पर गेट, रोड व खेल का मैदान और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंदराल का शहीद के नाम पर नामकरण करने के लिए आग्रह किया था। इस पर त्रिलोक कपूर ने कहा कि इन सभी विषयों को पूरा करने के लिए सरकार और प्रशासन के सहयोग से शीघ्र पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि श्मशान घाट का कार्य भी प्रशासन के ध्यान मे है, इसका कार्य भी शीघ्र आरंभ कर दिया जाएगा। भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने कहा कि शहीद राकेश कुमार का बलिदान देश के लिए हुआ है। उनकी कुर्बानी के सम्मान को लेकर किसी भी तरह से सरकार कोई कमी नहीं रखेगी। इस अवसर पर कपूर ने शहीद की माता, पत्नी और बच्चे से भी भेंट करके उनको हौंसला दिया। इस अवसर पर युवा मोर्चा के अध्यक्ष राकेश कुलेठी, ग्राम पंचायत की प्रधान, राजस्व विभाग के कानगो, पटवारी बा पंचायत के कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
