ज्वालामुखी: हिमाचल परिवहन निगम को रोड़वेज का दर्जा दिया जाए : राजन वर्मा
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ की बैठक प्रदेशाध्यक्ष राजन वर्मा की अध्यक्षता में माँ ज्वालामुखी के गीता भवन में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि 31 जनवरी 2022 को परिवहन निगम को रोड़वेज का दर्जा देने के लिए एक मांग पत्र हिमाचल सरकार व प्रबंधक निदेशक हिमाचल पथ परिवहन निगम को सौंपा गया था लेकिन अभी तक सरकार ने परिवहन निगम मजदूर संघ के इस मुद्दे को गम्भीरता से नहीं लिया है। इससे पहले भी 18 जून 2012 को पूर्व भाजपा सरकार के साथ निगम को रोड़वेज का दर्जा देने का समझौता हुआ था। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अवैध रूप से वोल्वो बसों के प्रचलन के कारण परिवहन निगम को भारी घाटा उठाना पड़ रहा है और बैट लीजिंग बसों को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। पांचवें वेतन आयोग में निम्न वर्ग के कर्मचारियों परिचालक व बुकिंग क्लर्क, पीपीए खाता लिपिक तथा वरिष्ठ भंडारी, भंडारी इत्यादि कर्मचारियों को 2400 से 3200 ग्रेड पे आज तक जारी नहीं किया गया है। पीस मेल कर्मचारियों के लिए पॉलिसी बना कर तुरंत प्रभाव से लागू की जाए। इसके अलावा कर्मशाला कर्मचारियों की पदोन्नति के समय सीमा घटाई जाए। सेवानिवृत्त व मृत कर्मचारियों को वरिष्ठता सूची में शामिल ना किया जाए। परिवहन निगम के समस्त कर्मचारियों का वेतन प्रतिमाह 2 तारीख से पहले देना सुनिश्चित किया जाए। कर्मचारियों को बेसिक के हिसाब से रात्रि भत्ता भी दिया जाए। उड़नदस्ते में तैनात चालकों को निरीक्षकों की तर्ज पर अतिरिक्त भत्ता दिया जाए। इस बैठक में रणजीत चौहान, संजीव कुमार , सतीश नड्डा, रजनीश अहलूवालिया, राम कुमार, मनजीत सिंह वन्याल, मोतीराम, यश पंडित, पवन ठाकुर ब्रह्मदत्त शर्मा, शशी कुमार, योगेश राणा, राकेश कुमार, सुरजीत सिंह नरेश कुमार इत्यादि लगभग 80 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया ।
