इंदाैरा : ठेकेदार द्वारा नल लगाने में प्रयोग किया गया सामान हो रहा क्षतिग्रस्त
जगह-जगह से पाइपें लीक होने से रास्तों में बह रहा पानी
मनीष ठाकुर।इंदाैरा
केंद्र सरकार द्वारा जल शक्ति मिशन के तहत घर घर जल पहुचाने के लिए प्रदेश सरकार को करोड़ों रुपए जारी किए है और पूरे प्रदेश में घर घर नल लगाने और नई पेयजल योजनाएं स्थापित करने का काम प्रगति पर है और यह सब कार्य जल शक्ति विभाग द्वारा निजी ठेकेदारों के माध्यम से करवाया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत पड़ते गांवों में भी नई पेयजल योजनाओं के निर्माण कार्य व घर घर नल लगाने के काम युद्ध स्तर चले हुए हैं। इंदौरा क्षेत्र में कुछ ठेकेदार घर घर नल लगाने की योजना का ठेका लेकर घटिया किस्म के गेटबाल, फरुल व टैप लगाकर खूब चांदी कूट रहे है और उनके नल लगाने में प्रयोग हुआ सारा सामान क्षतिग्रस्त होकर पानी नालियों में व्यर्थ वह रहा है। ऐसा ही मामला उलेहडिया पंचायत के गांव खानपुर में देखने को मिला है। यहां एक ठेकेदार द्वारा घर घर फ्री नल लगाने का जलशक्ति विभाग से ठेका लिया गया है और गांव मे नल लगाने का अभी कार्य चला हुआ है और लगाए जा रहे नलों में प्रयोग होने वाले मटीरियल का टूटना शुरू भी हो गया है।
ग्रामीणाें ने कहा कि ठेकेदार द्वारा जो नल लगाने में जो फरुल, गेटबाल व टैप प्रयोग किया जा रहा है, वो सिर्फ नाम के ही पीतल की धातु के हैं, उसकी क्वाल्टी बहुत ही घटिया है और पूरे गांव में कई घरों में फरुल, गेटबाल व टैप टूट चुके हैं और सारा पानी गलियों में व्यर्थ बह रहा है। टैप की क्वाल्टी भी ठीक न होने के चलते लोग खुद पैसे खर्च कर बढ़िया किस्म के टैप दुकानों के खरीदकर अपने घरों में लगा रहे है। ग्रामीणों ने विभाग व ठेकेदार के खिलाफ रोष जाहिर करते हुए कहा कि विभाग की आखिर क्या मजबूरी है, जो सब कुछ देखते हुए भी साथ होकर ऐसा घटिया सामान ठेकेदार से लगवा रहा है। ग्रामीणों ने सरकार व विभागीय अधिकारियों से अपील की है कि खानपुर गाँव में ठेकेदार द्वारा जितने भी घरों में नल लगाए जा रहे हैं, उनका निरिक्षण किया जाए व घटिया मटीरियल का प्रयोग करने वाले ऐसे ठेकेदार लाइसेंस रद्द किया जाए।
इस संबंध में जब अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग इंदौरा गुरबख्श धीमान से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि नल लगाने में ठेकेदार द्वारा घटिया किस्म का सामान प्रयोग करने का मुझे आपके माध्यम से ही पता चला है, चाहे कोई भी ठेकेदार हो उसके कार्य मे कोताही बर्दास्त नही की जाएगी। अगर ठेकेदार ने घटिया मटीरियल का प्रयोग किया है, तो उस मटीरियल को बदली करवाया जाएगा ओर मैं खुद भी खानपुर में लगाए गए नलों का निरिक्षण करूंगा
