पालमपुर : समाज के लिए योगदान देने वालों की स्मृति में बनेंगे स्मारक : परमार
विधान सभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने कहा कि सुलाह निर्वाचन क्षेत्र से सम्बंधित समाज के लिए अमूल्य योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान और उनके योगदान को याद रखने के लिये स्मारक बनाये जा रहे हैं, ताकि युवा और आने वाली पीढ़ी के लिए यह प्रेरणा स्त्रोत बने और उनके योगदान को याद किया जा सके।विधान सभा अध्यक्ष ने रविवार को ग्राम पंचायत सिहोटू के अटियालदाई में पूर्व विधान सभा अध्यक्ष चौधरी सरवन कुमार की प्रतिमा का आवरण उनके परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में किया। चौधरी सरवन कुमार मलोग गांव के रहने वाले थे और दो बार विधान सभा के लिये पालमपुर से निर्वाचित हुए। वे 1977 से 1982 तक विधान सभा अध्यक्ष और स्वास्थ्य तथा आवकारी एवं कराधान मंत्री रहे। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि समाज के लिये योगदान देने वाली विभूतियां हमेशा लोगों के दिलों दिमाग के रहती है और समाज के लिये प्रेरणा का केंद्र होती है। उन्होंने कहा कि सुलाह से सम्बंधित ऐसी विभूतियों के स्मारक बनाने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि कालू दी हट्टी में भारतीय सेना के तीन शहीदों की स्मृति स्मारक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अच्छरु दा भरो से चंम्बी चीडन तक लगभग 20 किलो मीटर सड़क का निर्माण अपने बलबूते पर बनाने वाले चौधरी गैंदा राम के योगदान के लिये अच्छरु दा भरो से चंम्बी चीडन कहानफट सड़क का नाम उनके नाम पर किया गया है। उनकी स्मृति में भी एक विशाल द्वार भी बनाया जा रहा है।
