कांगड़ा : विधायक काजल ने निजी खर्च से ग्रामीणों की मांग पर समतल करवाया खेल मैदान
मनाेज कुमार । कांगड़ा
विधायक पवन काजल ने विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भंगवार में 2 दिन भीतर ग्रामीणों की मांग पर अपनी निजी जेसीबी मशीन और खर्च से खेल मैदान को समतल करवा कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की। काजल गांव में जनसंपर्क अभियान दौरान गए थे। ग्रामीणों ने वार्ड-1 के श्मशानघाट के साथ मैदान को समतल करवाने की मांग रखी थी। शुक्रवार को विधायक काजल ने अपनी जेसीबी मशीन भेज कर निजी खर्च से ग्रामीणों की मांग पर खेल मैदान को समतल करवा दिया। गांव विकास समिति के अध्यक्ष रतन मल्होत्रा पूर्व प्रधान कमलेश, वार्ड पंच रीना देवी, सुनीता, चंद्रकांता, अमर सिंह, रीता देवी, राज कुमार, मनदीप, सुरेश कुमार और अरविंद ने विधायक पवन काजल का आभार जताया है। उन्होंने कहा खेल मैदान बनने से स्थानीय युवाओं को अब खेलने में दिक्कत नहीं होगी। विधायक काजल ने कहा जिस भी गांव में उपयुक्त स्थल उपलब्ध होगा, वहां खेल मैदान बनाकर युवा वर्ग को राहत पहुंचा जाएगी।
