हिमाचल में कोरोना टीकाकरण की लगाई जा चुकी हैं 74 लाख से अधिक खुराकेंः मुख्यमंत्री जयराम
हिमाचल प्रदेश ने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की पात्र आबादी का शत-प्रतिशत टीकाकरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में अब तक पहली और दूसरी खुराक सहित 74 लाख से अधिक खुराकें लोगों को लगाई जा चुकी हैं। आज प्रदेश में केवल 1500 सक्रिय मामले हैं। राज्य सरकार कोरोना को नियन्त्रित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। पहले जहां प्रदेश में 32 आइसीयू सुविधाओं के साथ 440 बिस्तरों वाले 11 समर्पित कोविड स्वास्थ्य केंद्र थे वहीं वर्तमान में प्रदेश में इस प्रकार के 80 केंद्र हैं जहां 880 आईसीयू बिस्तरों के साथ 8765 बिस्तर की सुविधा है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर 11000 बिस्तरों तक बढ़ाया जा सकता है।
यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नागरिक अस्पताल पालमपुर में आयोजित वीडियों काॅन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। इससे पूर्व उन्होंने पीएम केयर्स के अन्तर्गत नागरिक अस्पताल पालमपुर में नए स्थापित किए गए पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र जनता को समर्पित किया। यह संयंत्र 100 बिस्तरों को ऑक्सीजन प्रदान करेगा। इस संयंत्र के निर्माण में दो करोड़ रुपये की लागत आई है। डीसीएचसी हरोली में स्थित ऑक्सीजन संयंत्र मैसर्ज नैस्ले इंडिया प्राईवेट लिमिटेड द्वारा प्रदान किया गया है और यह 50 बिस्तरों को ऑक्सीजन की सुविधा प्रदान करेगा। इन दोनों प्लांट की क्षमता 500 एलपीएम प्रति प्लांट है और क्रमश इन्हें लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से इन्हें स्थापित किया गया है। जोनल अस्पताल ऊना में पीएम केयर के अन्तर्गत लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से 1000 एलपीएम क्षमता का पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किया गया है जो 144 बिस्तरों को सुविधा प्रदान करेगा।
ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक विशाल नेहरिया, अरुण कूका और मुल्ख राज प्रेमी, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, छठे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व सांसद कृपाल परमार और पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रोफैसर राम कुमार, एपीएमसी के अध्यक्ष बलबीर बग्गा, उपायुक्त कांगड़ा डाॅ. निपुण जिंदल व उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा खुशाल शर्मा और पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन, सीएमओ कांगड़ा डाॅ. जी.डी. गुप्ता, सीएमओ ऊना डाॅ. रमन शर्मा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
