देश में मौसम ने बदली चाल, तापमान में आई गिरावट

पूरे देश में अक्तूबर महीने में मौसम की चाल बिगड़ गई है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं अचानक बर्फबारी ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। केरल में शनिवार से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। दो पहाड़ी जिले कोट्टायम और इडुकी सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। कोट्टायम में सबसे ज्यादा 11 लोगों की मौत हुई है और कई घर बाढ़ में बह गए हैं। एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण रविवार को पूरे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आंधी के साथ भारी बारिश हुई। इस कारण जगह-जगह पानी भरने के साथ जाम की स्थिति बन गई।
हालांकि भारी बारिश के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री गिरकर 30.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी 18 और 19 अक्तूबर को तेज बारिश की आशंका जताई गई है। उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट जारी करने के साथ ही देहरादून में सोमवार को सभी सरकारी और निजी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। मौसम विभाग ने 18 अक्तूबर के लिए रेड अलर्ट, जबकि 19 अक्तूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से बारिश से हुई तबाही पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, केरल में भारी बारिश और भूस्खलन में कुछ लोगों की जान चली गई, यह दुखद है। अधिकारी इस प्रभावितों की मदद के लिए जमीन पर कार्य कर रहे हैं।केदारनाथ धाम के आसपास पहाड़ों पर रविवार को बारिश के साथ बर्फबारी भी हुई। राज्य में कई स्थानों पर बारिश हुई है। खराब मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा को सोमवार तक के लिए रोक दिया गया है। हिमाचल में रोहतांग दर्रे, मनाली, लाहौल-स्पीति, धौलाधार और चंबा की चोटियों पर बर्फबारी के बाद दो दिन के लिए पर्यटकों के रोहतांग जाने पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, अटल टनल से आवाजाही सुचारु रहेगी। सीजन की बर्फबारी के बाद तापमान में 8 डिग्री की गिरावट आई है।