चंडीगढ़-मनाली NH बंद होने से फंसे सैकड़ों ट्रक, फल-सब्जियां सड़ने का है डर
( words)

चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पंडोह से औट बीते तीन दिनों से बंद है। हालांकि, सोमवार को यह NH थोड़े समय के लिए खुला था और उस समय यहां से वाहनों की आवाजाही भी हुई थी। लेकिन तेज़ बारिश के चलते यह राजमार्ग फिर से अवरुद्ध हो गया। बहुत से माल ढोने वाले वाहन तभी से अब तक यहां फंसे पड़े हैं। NH को सबसे अधिक क्षति दवाड़ा में लारजी पावर हाउस के नज़दीक हुआ है। इस जगह पर ब्यास नदी का पानी हाईवे पर आ गया जिसकी वजह से NH काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है।
वाहन चालक सड़क बंद होने से परेशान
चंडीगढ़-मनाली NH के बंद होने के चलते सैकड़ों मालवाहक गाड़ियां यहां फंसे पड़े हैं। इनमें बहुत सी गाड़ियां ऐसी हैं जो पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की मंडियों से फल, सब्जियां तथा जरूरत की दूसरी चीजें कुल्लू-मनाली और लाहौल स्पीति की ओर ले जा रहे थे। पर तीन दिनों से NH बंद होने की वजह से जो फल-सब्जियां गाड़ियों में लदीं हैं वो अब सड़ने लगी हैं।
वाहन चालक दवलेंद्र सेन ने कहा कि, "जालंधर से गाड़ी में सब्जी भरी है। कुल्लू के लिए जा रहे हैं। 72 घंटे से फंसे हुए हैं। गाड़ी में भिंडी, गाजर, पपीता, नींबू, घिया समेत कई सब्जियां हैं। अब सब्जियां खराब होने लगी हैं। मंडी जाकर अब सिर्फ गाड़ी खाली होगी, कोई भाड़ा नहीं मिलेगा। यह सोचकर काफी चिंता सताने लगी है"।
दूसरे वाहन चालक गुरविंदर सिंह ने कहा कि वे गाड़ी में सेब भरकर लाये हैं। इतने दिन हो गए अब सेब खराब हो रहे हैं। रोड बंद हुए करीब 72 घंटे हो गए हैं। पहले इतने घंटे कभी भी नहीं फंसे रहे, 2 घंटे तक मार्ग बाधित रहता था, फिर यातायात बहाल कर दिया जाता था।
वहीं, चालक राज सिंह ने बताया कि वे जालंधर से सब्जी भर के आए हैं। गाड़ी में कुल्लू के लिए सब्जी भरी हुई है। रास्ते की इतनी ज्यादा दिक्कत है कि बता नहीं सकते। पहले इतनी दिक्कत कभी नहीं हुई। यहां फंसे हुए आज 2-3 दिन हो गए हैं। गाड़ी में लोड सब्जियां भी खराब होने लगी हैं। अब उन्हें यह चिंता सता रही है कि भाड़ा कहां से और कैसे देंगे। क्यों कि सब्जियां खराब हो जाएंगी तो भाड़ा भी नहीं मिलेगा।
हाईवे को जल्द बहाल की मांग
प्रशासन की तरफ से भोजन की व्यवस्था तो हो रही है, लेकिन जो सामान गाड़ियों में लोड है वो खराब हो गया है। इसके चलते वाहन चालकों को इसका भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। उनका कहना है कि उन्हें भाड़ा भी नहीं मिलेगा। चालकों ने कहा कि यहां पहले कभी NH की ऐसी स्थिति नहीं हुई। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि हाईवे को जल्द से जल्द खोला जाना चाहिए।
NH को खोलने का कार्य जारी
मंडी जिला प्रशासन का कहना है कि, NH को बहाल करने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। NHAI और PWD की मशीनरी इसमें लगी हुई है। कोशिश है कि इसे जल्द से जल्द बहाल करके आवाजाही को सुचारू किया जाए। वहीं, मंडी से कुल्लू वाया कटौला मार्ग को बहाल करने का कार्य भी जारी है।