कांगड़ा : छात्रों में साक्षात्कार कौशल को विकसित करने बारे हुआ विशेष व्याख्यान का आयोजन
मनोज कुमार। कांगड़ा
एमसीएम डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा में एम.कॉम के छात्रों में साक्षात्कार कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान में मुख्यातिथि के रूप में डॉ. बलजीत सिंह पटियाल (प्राचार्य एमसीएम डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा) एवं मुख्य वक्ता के रूप में प्रो.राजीव शर्मा उपस्थित रहे। सर्वप्रथम विभाग की तरफ से मुख्यातिथि एवं मुख्य वक्ता का औपचारिक स्वागत किया गया। मंच संचालन की भूमिका का निर्वहण प्रो. राखी महाजन ने किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रो. राजीव शर्मा ने कहा कि साक्षात्कार एक कला है और इस कला का विकास एवं परिष्कार निरंतर अभ्यास से ही संभव है।
विशेष व्याख्यान के पश्चात छात्रों का 3-3 के समूह में साक्षात्कार लिया गया। इस साक्षात्कार में कुल 30 छात्रों ने प्रतिभागिता की जिनमें एम.कॉम द्वितीय सत्र की छात्रा दीपांक्षी प्रथम, सौरव द्वितीय और गौरव राणा तृतीय स्थान पर रहे।
मुख्यातिथि डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने छात्रों को आशीर्वाद दिया और कहा कि भविष्य में भी इस तरह के व्याख्यानों का आयोजन किया जाएगा, जिससे छात्रों के व्यक्तित्व में और भी निखार आ सके। इस अवसर पर मुख्यातिथि एवं विशिष्ट वक्ता के अतिरिक्त प्रो. राखी महाजन, प्रो. नितिका महाजन प्रो. शिवानी शर्मा, प्रो. चमन सिंह के अतिरिक्त एमकॉम द्वितीय एवं चतुर्थ सत्र के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
