जसवां परागपुर : पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक युवाओं के साथ खिलवाड़-मनकोटिया
विनायक ठाकुर। जसवां परागपुर
हिमाचल में एक बार फिर पुलिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक का मामला सामने आया है। इस पर कांगड़ा में एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है और मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर लिया गया है। इतना ही नहीं, पुलिस भर्ती परीक्षा को रद्द भी कर दिया गया है। इस बीच कांग्रेस ने इस मुद्दे को आड़े हाथों लिया है। जसवां परागपुर विधानसभा से कांग्रेसी नेता एवम कामगार कल्याण बोर्ड पूर्व उपाध्यक्ष सुरिंदर मनकोटिया ने कहा कि जयराम सरकार अपने कार्यकाल में युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है, जो भर्तियां निकाली गई, वह अधर में लटकी हुई है। पुलिस भर्ती में नौकरी की आस लगाए बैठे युवाओं को पेपर लीक से निराशा हाथ लगी है। यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से करवाना सरकार की जिम्मेदारी बनती है।
एक लाख 87 हजार से ज्यादा युवाओं से 300-300 रुपये की फीस वसूली गई, लेकिन अब पेपर का लीक होना दुःखद है। वहीं, कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने कहा की जसवां परागपुर में जहां भी जल जीवन के तहत नई पाइप लाइन बिछाई गई है, वह पाइप लाइन हर जगह जमीन में सामने दिखाई दे रही है। जमीन के अंदर पाइप लाइन को नहीं दबाया गया। उन्होंने सीधे ताैर पर आरोप लगाते हुए कहा इसमें घपला होने की बू आ रही है। इसकी जांच की जाए, वहीं उन्होंने कहा कि वह पहले ही कहते आ रहे हैं। भाजपा की जनविरोधी नीतियां हर तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है। यह डबल इंजन की सरकार हर तरफ फेल हो चुकी है।
