साेलन : पाइनग्रोव स्कूल ने “अचीवर्स असेंबली” में मेधावी विद्यार्थियाें काे किया सम्मानित
शैक्षणिक सत्र-2022 के उत्तरार्ध में हुई वार्षिक परीक्षाओं में जिन विद्यार्थियों ने उत्तम प्रदर्शन किया, उन्हें सम्मानित करनें के लिए होने वाली मंचीय गतिविधियों का आगाज़ “अचीवर्स असेंबली” से हुआ। “अचीवर्स असेम्बली” में उन सभी विद्यार्थियों को गोल्ड, प्लैटिनम एवं अचीवमेंट स्टार्स से सम्मानित किया गया, जो वार्षिक परीक्षा-2022 में इन स्टार्स के मापदंडों पर खरा उतरे। यहां उल्लेखनीय बात यह है कि पाइनग्रोव स्कूल में परीक्षाओं की रूपरेखा पूर्णतः बोर्ड परीक्षाओं की भांती रहती है। पाइनग्रोव स्कूल धरमपुर एवं पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू के अध्यापक एक दूसरे के लिए प्रश्नपत्र बनाते हैं, जो संपूर्ण रूप से गुप्त रूप में दोनों शाखाओं के आईटी सैल के पास रहते हैं एवं परीक्षा के दिन संबंधित इन्विजिलेटर्स को हस्ताक्षर लेकर सुपुर्द किए जाते हैं। इसी प्रकार उत्तर पुस्तिकाओं का निरीक्षण भी एक-दूसरे विद्यालयों द्वारा किया जाता है।
उत्तर पुस्तिकाओं को पहुंचाना एवं प्राप्त करना अत्यंत गोपनीय तरीके से होता है। इस प्रकार पाइनग्रोव स्कूल में शैक्षणिक उपलब्धी अर्थात ‘स्टार्स’ प्राप्त करना किसी बोर्ड परीक्षा में अत्यंत विशिष्ट श्रेणी में उतीर्ण होने के समान है। जिन विद्यार्थियों नें कठिन परिश्रम एवं एकाग्र चित्त से लक्ष्य प्राप्ती हेतु परिश्रम किया था, उन्हें मंच पर पुरस्कार/स्टार लेते हुए अति गर्व की अनुभूति हो रही थी। अपने कक्षाध्यापक/कक्षाध्यापिका के सानिध्य में मेहनत करते हुए इस लक्ष्य तक पहुंचे एवं आज उन्हीं के द्वारा छाती पर सफलता का यह तमगा लगवाते हुए उनके चेहरे का तेज वास्तव में ही अलौकिक था। इस प्रकार के आयोजनों से अन्य विद्यार्थियों को भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करनें की प्रेरणा मिलती है। उनमें इच्छा जगती है कि वे भी मंच पर सम्मानित हों एवं इस दिशा में प्रयास प्रारंभ करते हैं।
यही इस आयोजन का लक्ष्य है कि येन केन प्रकारेण विद्यार्थी शैक्षणिक रूप से समृद्ध बने, जो साकार होता प्रतीत हो रहा है।अचीवर्स असेंबली में स्टार्स डिस्ट्रीब्यूशन के पश्चात विद्यालय के हैड ऑफ़ पेस्टोरल केयर मिस्टर सुनील वर्मा ने विद्यार्थियों को ‘स्माल थिंग्स मेक बिग डिफरेंस’ शीर्षक पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। अचीवर्स असेंबली में हैड एलीमेंट्री डॉ. किरण अत्री, हैड ऑफ़ स्पोर्ट्स मिस्टर सुरेंद्र मेहता, हैड ऑफ़ पेस्टोरल केयर मिस्टर सुनील वर्मा एवं अन्य विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
