ज्वालामुखी : मां ज्वालामुखी के दरबार दो दिनों में हुई सोने की बरसात
विनायक ठाकुर।ज्वालामुखी
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में भगवान परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया के शुभ और पावन मौके पर मां के भक्तों ने मां ज्वालामुखी के दरबार में अक्षय तृतीया पर एक किलो 750 ग्राम शुद्ध सोने के चरण और आभूषण मां ज्वालामुखी के दरबार में गुप्त दान के रुप में अर्पित किए और आज दूसरे दिन बुधवार को एक अन्य मां के भक्तों ने भी गुप्त दान के रुप में 375 ग्राम शुद्ध सोने के आभूषण मां ज्वालामुखी के चरणों में अर्पित किए। इस तरह से लगातार दो दिन मां ज्वालामुखी के दरबार में मां के भक्तों ने खूब सोना चढ़ाया गया है। इस संदर्भ में एसीएफ ज्वालामुखी मंदिर राजेंद्र कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि दो अलग-अलग भक्त थे, जिन्होंने अपना नाम गुप्त रखते हुए गुप्त दान के रुप में यह सौगात मां ज्वालामुखी के दरबार में भेंट की है और अपना नाम गुप्त रखने के लिए कहा है।
मां ज्वालामुखी के दरबार में शहंशाह अकबर ने भी सवा मन सोने का छत्र चढ़ाया था और आज भी मां के ऐसे कई अनन्य भक्त हैं, जो मां के दरबार में ऐसी सेवाएं करते हैं। उन्होंने कहा कि मां के चरणों को मुख्य मंदिर के गर्भ गृह में लगा दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को देखने के लिए एक आकर्षक चीज उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि 1 किलो शुद्ध सोने के चरण को लगाने के लिए भक्तों ने 553 ग्राम चांदी भी उन चरणों के बेस में लगाई है, ताकि चरणों की पकड़ हो सके और सुरक्षित तरीके से इन्हें सेट किए जा सके।
मुख्य मंदिर के गर्भ गृह में लगाए गए इन चरणों को श्रद्धालु मुख्य मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश के दौरान ही दर्शन कर सकते हैं और यहां पर माथा टेक सकते हैं। चरणों की सुरक्षा के लिए मंदिर न्यास शीघ्र ही कोई व्यवस्था अलग तरीके से करने जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की कोई सुरक्षा की अनहोनी न हो सके आभूषणों को माता के शयनकक्ष में शयन आरती के दौरान शामिल किया जाएगा।
