शिमला: बलवीर वर्मा अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए मुझ पर लगा रहे बेबुनियाद आरोप: किमटा
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री चौपाल विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी रहे रजनीश किमटा ने भाजपा विधायक बलवीर वर्मा को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए वह उनपर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में चौपाल के लोग विधायक को ढूंढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बलवीर वर्मा जन हित के काम कम और झूठ की राजनीति ज्यादा करते है इसलिए अब लोगों ने उन्हें सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना लिया है। इसी बोखलाहट के चलते वह उनपर बेबुनियाद व झूठे आरोप लगा रहें हैं।
किमटा ने आज यहां एक बयान में कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह कांग्रेस पार्टी के निष्ठावान सिपाही की तरह लोगों की सेवा में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में लोगों की पूरी मदद कर रही है। प्रदेश भाजपा नेताओं का इसमें कोई भी सहयोग नहीं मिल रहा है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में विधायक को अनाप-शनाप बयानबाज़ी को छोड़कर जनहित के मुद्दों को लेकर चर्चा की सलाह दी। विधायक को व्यक्तिगत विषय विधानसभा जैसे उच्च सदन में उठाना शोभा नहीं देता। रजनीश किमटा ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपदा ग्रस्त क्षेत्रों की उन्होंने हर संभव सहायता की है।
