शिमला : कांग्रेस 7 को सभी जिलों में करेगी भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन
प्रदेश कांग्रेस 7 सितंबर को सायं 5 बजे 6 बजे तक सभी जिलों में भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन का आयोजन करेगी। इस यात्रा की परिणति भारत जोड़ो अभियान, सार्वजनिक सभा के रूप में होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने, विभाजनकारी राजनीति व राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर गत वर्ष 7 सितंबर को देश में भारत जोड़ो यात्रा को शुरू किया था। उन्होंने इस दौरान 4080 किलोमीटर, 12 राज्यों, 2 केंद्र शासित राज्यों, देश के 75 जिलों व 76 लोकसभा क्षेत्रों से होकर 130 दिनों तक यह पदयात्रा की थी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी की इस ऐतिहासिक पदयात्रा के एक वर्ष पूरा होने पर देश के सभी राज्यों के जिलों में 7 सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा, भारत जोड़ो सम्मेलन का आयोजन करने को कहा है।
