शिमला: लोकतंत्र में जनता की भावना का प्रतिनिधित्व केवल सरकार नहीं, बल्कि विपक्ष भी करता है: जयराम
हिमाचल प्रदेश में बेशक भाजपा सत्ता में नहीं है, लेकिन भाजपा के विधायक जनप्रतिनिधि हैं। जनता की भावना का प्रतिनिधित्व केवल सरकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र में विपक्ष भी करता है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा, 'हिमाचल की मदद के लिए, लोगों की मदद करने के लिए, उनकी जान बचाने के लिए केंद्र की जो मदद मिली है उसके लिए मैं केंद्र का धन्यवाद करना चाहूंगा, केंद्र द्वारा मिली मदद अप्रत्याशित है। केंद्र अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन बड़े ही अच्छे तरीके से कर रहा है। हिमाचल को केंद्र से जो सहयोग मिला है, इसके संदर्भ में मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि प्रदेश सरकार की ओर से नुकसान का प्रस्तुतिकरण जिस प्रकार से किया गया, उसके अनुरूप केंद्र द्वारा जो किया जा सकता था, वह पर्याप्त था।Ó
केंद्र की टीम जो नुकसान का आकलन करने के लिए प्रदेश आई थी, उसकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है। जयराम ने कहा कि वे गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे और उनसे कहा था कि प्रदेश की जनता केंद्र से मदद की आस लगाए बैठी है तो प्रदेश की और मदद करे। व्यक्तिगत रूप से अमित शाह को पत्र भी लिखा है, जिसमें हिमाचल में हुए नुकसान की जानकारी दी गई।
हिमाचल में कांग्रेस सरकार का 9 महीने का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार ने बहुत सारा वक्त इस बात पर जाया कर दिया कि पूर्व की सरकारों ने ऋण लिया, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। करीब 3 से 4 महीने प्रदेश सरकार का यही राग चलता आ रहा है।
