शिमला: न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया बने हिमाचल हाईकोर्ट के CJ
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने शपथ ली। यह शपथ ग्रहण समारोह शिमला स्थित राजभवन में हुआ। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने जस्टिस संधावालिया को शपथ दिलवाई। समारोह सुबह 11:15 बजे शुरू हुआ, और मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने इसका संचालन किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और विधायक रघुबीर सिंह बाली समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।शपथ लेने के बाद, मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह मीडिया से बात करते हुए बोले कि हिमाचल प्रदेश आकर उन्हें घर जैसा महसूस हो रहा है, क्योंकि वह पहले भी यहां आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल पंजाब का हिस्सा था, और यह एक छोटा राज्य है, जहां अपराध के मामले कम होते हैं। यहां ज्यादातर मामले सर्विस और सिविल से जुड़े होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह सबका सहयोग लेकर जल्द से जल्द मामलों का समाधान करना चाहेंगे। चूंकि वह खुद वकील रह चुके हैं, इसलिए वह लोगों की परेशानियों को बेहतर समझते हैं और कोशिश करेंगे कि उन्हें तारीखों के बजाय जल्दी न्याय मिले। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नए मुख्य न्यायाधीश को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चूंकि जस्टिस संधावालिया पंजाब से हैं, वह हिमाचल प्रदेश को अच्छे से समझते हैं, और उन्हें राज्य की भलाई की दिशा में काम करने की पूरी उम्मीद है।