सोलन: घर में अकेली थी महिला....गलती से खाई कीटनाशक दवाई, हुई मौ*त
( words)
सोलन: आंजी में रहने वाली एक महिला ने गलती से कीटनाशक दवाई का सेवन कर दिया जिसके बाद उसकी तबियत बिगड़ी तो उसे सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महिला की हालत देखते हुए डॉक्टर ने उसे आई.जी.एम.सी. शिमला रेफेर किया लेकिन महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बीती 29 जनवरी 2025 को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से पुलिस चौकी सपरून को सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला को जहरखुरानी के कारण क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाया गया है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पर उपचाराधीन महिला की पहचान मन कुमारी (35 वर्ष) के रूप में हुई, जो कि नेपाल की रहने वाली थीं और हाल ही में सोलन के गांव आंजी में किराए पर रह रही थीं। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे आई.जी.एम.सी. शिमला रेफर किया गया, जहां उसके परिजन उसे लेकर गए। 2 फरवरी 2025 को आई.जी.एम.सी. शिमला से पुलिस चौकी सपरून को सूचित किया गया कि महिला की मृत्यु हो गई है। इसके बाद पुलिस टीम ने शिमला में समस्त कानूनी औपचारिकताएं पूरी की और शव का पोस्टमार्टम करवाया। शव का विसरा रासायनिक परीक्षण के लिए राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला जुन्गा भेजा गया है।
मृतका के परिजनों और अन्य गवाहों के बयानों के अनुसार, महिला दिहाड़ी मजदूरी का काम करती थी। 29 जनवरी को जब उसके परिजन घर से बाहर गए थे, तब उसने गलती से घर में रखी कीटनाशक दवाई का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी तबियत बिगड़ी और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अब तक की जांच में परिजनों ने महिला की मौत को लेकर कोई संदेह नहीं जताया है। फिर भी मामले की जांच जारी है। महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों के हवाले किया गया है और मामले में धारा 194 बी.एन.एस.एस. के तहत कार्यवाही की जा रही है।