सोलन: यादविंदर गोमा की अध्यक्षता में होगा ज़िला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा विधि मंत्री यादविंदर गोमा सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यातिथि होंगे। यह जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। उपायुक्त ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यातिथि यादविंदर गोमा कार्यक्रम के तहत प्रातः 10.40 बजे कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिला वासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 11.00 बजे ठोडो मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण के बाद मुख्यातिथि पुलिस, गृह रक्षा एवं अन्य टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने सोलन के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में ठोडो मैदान पहुंचकर जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लें और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।
