विशेष रूप से सक्षम बच्चों के ढली संस्थान को अधिग्रहित करे प्रदेश सरकार: राज्यपाल
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में राजभवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल भी इसमें विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में शिमला के निकट ढली में विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। राज्यपाल ने कहा कि सुंदरनगर स्थित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान (कन्या) की तर्ज पर ढली स्थित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान को सरकारी अधिग्रहण में लिए जाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए ताकि यहां के शिक्षकों और स्टाफ को भी उचित सुविधाएं उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि गत दिवस उन्होंने इस संस्थान का दौरा किया और उन्हें यहां की विस्तृत जानकारी दी।
राज्यपाल ने कहा कि यहां अध्ययनरत बच्चों के लिए पर्याप्त स्टाफ की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विशेष रूप से सक्षम बच्चों का यह एकमात्र संस्थान है और यहां की विशेष आवश्यकताएं हैं। उन्होंने कहा कि अन्य आश्रमों में अपनाई जा रही पद्धति की तुलना इस संस्थान से नहीं की जा सकती। इनके प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिग्रहण में आने से यह संस्थान और सुदृढ़ होगा। इस अवसर पर डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि बाल विकास परिषद द्वारा बच्चों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और विभाग के अधिकारियों द्वारा यहां नियमित रूप से निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि
सुंदरनगर और ढली संस्थान की समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जाएंगे।
