दाड़गी स्कूल के विद्यार्थियों ने विस अध्यक्ष से जाना हिमाचल विधानसभा का इतिहास
-सदन में आज होने वाली कार्यवाही के बारे में जाना
आज सुबह 10:30 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़गी, शिमला के छात्र-छात्राओं ने सदन की कार्यवाही देखने से पूर्व हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष से आज होने वाली कार्यवाही के बारे में पूछा तथा संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिप्र विधानसभा के सदन की अपनी गरिमा है तथा यह विधानसभा अपनी उच्च परंपराओं के लिए पूरे देश में जानी जाती है। पठानिया ने कहा कि हिमाचल विधानसभा का अपना एक गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि काउंसिल चैंबर का निर्माण वर्ष 1920 से 1925 के बीच में हुआ था। इस सदन को विठ्ठल भाई पटेल तथा मोती लाल नेहरू जैसी महान विभूतियों ने सुशोभित किया था।
पठानिया ने कहा कि लोकतंत्र के इस मंदिर में ही चर्चाओं के माध्यम से समस्याओं का समाधान होता है। सदस्य अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं। पठानिया ने कहा कि आज के युवा तथा छात्र-छात्राएं जिस तरह से सदन की कार्यवाही को देखने आ रहे हैं, वह लोकतांत्रिक प्रणाली के लिए एक अच्छा संकेत है तथा इससे देश का संविधान तथा लोकतंत्र लगातार सुदृढ़ हो रहे हैं। पठानिया ने सभी छात्र-छात्रओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
