देहरा : राजकीय महाविद्यालय ढालियारा में शिक्षक नही करेंगे उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
विनायक ठाकुर । देहरा
राजकीय महाविद्यालय ढालियारा की स्थानीय इकाई ने केंद्रीय इकाई के अह्वान पर स्नातक स्तर की सभी कक्षाओं के आंतरिक मूल्यांकन का पूर्ण रूप से बहिष्कार कर दिया है। स्थानीय इकाई के प्रधान प्रो. सुशील भारद्वाज व सचिव करण सिंह पठानिया के नेतृत्व में प्राध्यापकों ने प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद सिंह पटियाल के माध्यम से इस बाबत सरकार को ज्ञापन भेजा। प्राध्यापकों द्वारा आंतरिक मूल्यांकन से शिक्षा के स्तर में गिरावट की आशंका जताई गई है। अध्यापक निष्ठा पूर्वक शिक्षण तथा संस्थान के अन्य कार्य करते हैं। सरकार के हर आदेश का पालन करते हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को भी सफलतापूर्वक लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन सरकार प्राध्यापकों के प्रति नकारात्मक रवैया अपनाए हुए हैं, जिसमें 7वें वेतन आयोग को लागू न करना जो कि 2016 से लंबित है, प्राध्यापकों तथा प्राचार्य के पदों को काफी समय से न भरना इत्यादि मुख्य रूप से शामिल है।
