ज्वालामुखी : उम्मर की 23 वर्ष की सुप्रिया चौधरी सेना में बनी लेफ्टिनेंट
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी
उम्मर पंचायत के गांव बूणी गुंजरा की सुप्रिया चौधरी ने सेना की मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में 26 अप्रैल को लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर अपने माता-पिता का ही नहीं, बल्कि गांव का नाम प्रदेश में रोशन किया है। सुप्रिया चौधरी की पूरी पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल से हुई है। उसने अपनी जमा दाे की पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन से 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 2016 में सेना मुख्यालय द्वारा आयोजित ऑल इंडिया लेवल की परीक्षा 2017 में पास कर इस मुक़ाम को हासिल किया था।
इसके बाद अक्तूबर,2017 से उसने अपनी साढ़े चार बर्ष की ट्रेनिंग पूर्वी कमान अस्पताल कोलकाता से मेरिट में पास की ओर स्थाई कमिशन हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में ख़ुशी का माहौल है। सुप्रिया चौधरी अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरूजनों व माता-पिता को देना चाहती है। अब वे अपनी सेवाएं मिलिट्री अस्पताल जबलपुर में प्रदान करेंगी। इनके पिता भी सेना से सुबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में अध्यापक है। इनकी माता भी प्राइवेट स्कूल में अध्यापिका हैं।
