धर्मशाला : दिव्यांगों को बांटे गए वॉकर और सीपी चेयर
रेडक्रॉस कार्यालय परिसर धर्मशाला में रेड क्रॉस डे मनाया गया। इस दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी, कांगड़ा एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, मोहाली के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व फंड के सहयोग से दिव्यांगजनों की सहायतार्थ सहायक उपकरण मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 80 दिव्यांगों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए पंजीकरण किया गया है। सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी, ओपी शर्मा ने बताया कि अक्सर इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जाता रहता है। इस अवसर पर दिव्यांग व्यक्तियों को एक स्मार्ट केन, एक वाकर एवं एक सीपी चेयर जिला रेडक्रॉस सोसायटी, कांगड़ा द्वारा प्रदान की गई। इसी के साथ, एजुकेयर इण्डिया के सहयोग से शिविर में लोगों की सुविधा के लिए एक नि:शुल्क जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर कुमारी कुसुम, अमित मौर्य एवं रमेश कुमार, विशेषज्ञ, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, मोहाली, श्रेष्ठा राणा, आजीवन सदस्य, रेडक्रॉस तथा अशोक कुमार, सन्दीप भारद्वाज, सपना देवी, लियाकत अली, विकास कुमार, देव राज, पूनम भारद्वाज, सोहन सिंह एवं आरती देवी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
