देहरा: संस्कृत भारती जनपद संपर्क विभाग ने किया संस्कृत परिचय वर्ग का आयोजन
संस्कृत भारती हिमाचल प्रदेश न्यास के देहरा जनपद संपर्क विभाग की ओर से सामाजिक लोगों के लिए संस्कृत परिचय वर्ग का आयोजन किया गया। ये आयोजन बुटेल मंदिर पराग़पुर में रविवार सुबह 11 से 1 बजे तक व बलाहर के समीप सूहीं गांव में दोपहर बाद 3 से 5 बजे तक इन दो स्थानों पर किया गया। इन दोनों वर्गों में कुल 68 महिलाओं व पुरुषों ने भाग लिया। इस संस्कृत परिचय वर्ग के अंतर्गत तीन सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें पहला सत्र संस्कृत क्या है? इस विषय के रूप में देहरा जनपद संपर्क प्रमुख डॉ. प्रतिज्ञा आर्या ने लिया, जिसमें संस्कृत के विविध पक्षों और सामान्य जनमानस के लिए संस्कृत की क्या आवश्यकता रहती है? इस विषय पर विशेष रूप से परिचर्चा की गई।
दूसरे सत्र में हिमाचल प्रांत के प्रचार प्रमुख डॉ.सत्यदेव ने संस्कृत भारती अखिल भारतीय संगठन का विस्तृत परिचय उपस्थित लोगों को करवाया तथा इसके कार्यों, प्रकल्पों तथा आयामों का भी विशेष रूप से परिचय करवाया। संस्कृत परिचय वर्ग के अंतिम तृतीय सत्र में देहरा जनपद प्रशिक्षण प्रमुख डॉ. विनोद शर्मा ने सभी सामाजिक लोग संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए क्या कर सकते हैं? हमारी संस्कृति के समर्थन में स्वयं अपनी, अपने परिजनों तथा पड़ोसियों के माध्यम से क्या भूमिका रह सकती है? इसके बारे में चर्चा की।
इस अवसर पर परागपुर के समाजसेवी सुमित वालिया, विश्वविद्यालय परिसर कार्यकारिणी प्रमुख गोपाल कृष्ण, सह प्रमुख वैशाली कपूर, प्रचार प्रमुख मनोज कुमार, कक्षा प्रमुख सूजल शर्मा, कक्षा सह प्रमुख विवेक कुमार, अंकित कुमार, यशपाल शर्मा, मनालिका, आंचल शर्मा, शीतल, अंकिता, आशिमा इत्यादि सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। संस्कृत भारती हिमाचल प्रदेश की विश्वविद्यालय परिसरीय छात्र कार्यकारिणी के द्वारा इन दोनों सामाजिक संस्कृत परिचय वर्ग का संयोजन किया गया।
