देहरा: कांग्रेस केवल घोषणाओं तक सीमित, वहीं भाजपा कर रही राष्ट्र निर्माण का काम: बिक्रम ठाकुर

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-परागपुर विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-परागपुर मंडल में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक नए आत्मविश्वासी युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा का आत्मनिर्भर भारत अभियान देश को 2047 तक विकसित भारत के रूप में स्थापित करने का ठोस खाका प्रस्तुत करता है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ केवल आर्थिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि यह राष्ट्र के आत्मसम्मान, नवाचार, कौशल और स्थानीय संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते वर्षों में मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को सशक्त किया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में स्थानीय उद्योग, बागवानी, हस्तशिल्प, डेयरी, और पर्यटन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के असीम अवसर हैं। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर युवाओं, महिलाओं और किसानों को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करें, यही इस अभियान की असली भावना है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि “भाजपा विचारधारा नहीं, कर्मधारा की पार्टी है। हम संकल्प को नारे में नहीं, कार्य में बदलते हैं।” उन्होंने कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि “जहां कांग्रेस केवल घोषणाओं और विज्ञापनों तक सीमित है, वहीं भाजपा धरातल पर राष्ट्र निर्माण का काम कर रही है।”
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सचिव वंदना योगी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं और युवाओं के लिए आत्मसम्मान और अवसरों की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को न केवल वित्तीय सहयोग मिला है, बल्कि निर्णय लेने की मुख्यधारा में भी उन्हें स्थान मिला है। वंदना योगी ने कहा कि हिमाचल की महिलाएं आत्मनिर्भर भारत की प्रेरक शक्ति हैं वे अपने परिश्रम और कौशल से समाज और अर्थव्यवस्था दोनों को नई दिशा दे रही हैं।
कार्यक्रम में मंडल के पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में यह संकल्प लिया गया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को हर गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा, ताकि भारत को 2047 तक विश्व की अग्रणी शक्ति बनाया जा सके।