सुजानपुर के ऐतिहासिक मैदान नजदीक चिल्ड्रन पार्क में 10 सितंबर को गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं के सहयोग से आयोजित होने वाले इस गणेश उत्सव में विशेष रुप से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल शिरकत करेंगे और शोभा यात्रा की अगुवाई करते हुए मूर्ति स्थापना में भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री शुक्रवार को 11 बजे सुजानपुर बस स्टैंड पर पहुंचेंगे। आयोजन मंडली के सदस्य मनीष शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि गणेश उत्सव 10 सितंबर से 19 सितंबर तक आयोजित होगा। जिसमें प्रथम दिवस पर शोभा यात्रा के बाद मूर्ति स्थापना की जाएगी। प्रातः 10 बजे शोभा यात्रा शुरू होगी जो 12:30 बजे पंडाल स्थल पर पहुंचेगी। सुजानपुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकुश गुप्ता ने बताया पूर्व मुख्यमंत्री मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में भाग लेने के बाद विश्राम गृह में लोगों से भी मिलेंगे।
सोमवार यानी कल आम आदमी पार्टी विधानसभा क्षेत्र की साप्ताहिक मीटिंग सम्पन हुई। बैठक की अध्यक्षता विकास डोगरा ने की। इस बैठक में नवनियुक्त ओबीसी उपाध्यक्ष शैंकी ठुकराल भी उपस्थित रहे। आम आदमी पार्टी की इस मीटिंग में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। जिसमें की पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी राय व्यक्त की। आम आदमी पार्टी की इस मीटिंग में कुछ ज्वलनशील मुद्दे भी थे, जोकि काफी लम्बे अर्से से सरकार को ज्ञात है पर आज तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक में आम आदमी पार्टी ने नादौन क्षेत्र में पार्क को लेकर मांग उठाई है। वंही उन्होंने कहा किनादौन अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ मौजूद न होने व पर्याप्त मशीनरी की सेवाएं न होने के चलते यह एक सफेद हाथी साबित हो रहा है। यह एक रेफरल यूनिट बनकर रह गया है। यह अस्पताल आसपास के बहुत सारे क्षेत्रों को सेवाएं देता है लेकिन प्रशासन की सुस्ती के कारण लोगों को टांडा और हमीरपुर के अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ते है। शैंकी ठुकराल का कहना है कि जल्द से जल्द प्रशासन इस पर ध्यान दें और आम जनता को इस अस्पताल की सभी सुविधाएं मुहैया करवाए। आम आदमी पार्टी जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और हमारा आम जनता को शिक्षा स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाना ही एकमात्र उद्देश्य है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने सुजानपुर की ग्राम पंचायत धमडि़याणा के गांव में मैहलडू में आयोजित महिला सम्मान समारोह के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की तरफ से आंकड़ा आया है कि हाल ही में 15 लाख लोग और बेरोजगार हो गए हैं। हालांकि यह आंकड़ा बीजेपी सरकार की तरफ से आया है तो झूठा तो होगा ही। क्योंकि बीजेपी ने अपनी राजनीति का आधार ही झूठ को बना लिया है। राणा ने कहा कि बीजेपी ने न केवल अपनी स्वार्थ की राजनीति से देश को गर्दिश में डाला है बल्कि पूरे देश में तनाव और अभाव का माहौल बनाकर रख दिया है। भ्रष्टाचार के बोलबाले में महंगाई रोज आम आदमी के जीवन को दुश्वार कर रही है। सरकार आम आदमी के मुद्दों को हल करने पर पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। लेकिन फिर भी सरकार द्वारा आम आदमी को कुचलने की जिद्द कम नहीं हो रही है। आम आदमी का सरकार और सिस्टम से भरोसा उठ चुका है। आलम यह है कि अब सरकार के हर सरकारी सिस्टम से आम आदमी डरने लगा है। बीजेपी सरकार के राज में फैली अफरा -तफरी व अराजकता के कारण लोकतंत्र के तबाह होने का खतरा बढ़ा है। जिसको लेकर बीजेपी के सिवाय देश का हर नागरिक चिंतित हो रहा है। इस अवसर पर सुजानपुर की ग्राम पंचायत धमडि़याणा के मैहलडू गांव में आयोजित महिला मंडल सम्मान समारोह में स्थानीय महिला मंडल को 12 हजार व टेंट देकर सुजानपुर के विधायक एवं राज्य कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने सम्मानित किया है। कार्यक्रम के बाद जनसमस्याओं को सुनते हुए विधायक राणा ने मैहलडू से लोहार बल्ली तक की सड़क को विधायक प्राथमिकता में डालने की घोषणा भी की। इसके अतिरिक्त विधायक राजेंद्र राणा ने बमसन के कई गांवों का दौरा करके जन समस्याओं को सुना। जिनमें से कई जन समस्याओं का मौके पर निपटारा किया गया और बाकियों को जल्द निपटाने का वायदा दिया व इसी बीच चरियाँ दी धार में सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की। इस अवसर पर सर कल्याणकारी संस्था के जिला अध्यक्ष लेखराज ठाकुर, कैप्टन प्रभात सिंह प्यार चंद, पूर्व उपप्रधान कश्मीर सिंह, सूबेदार सुरजीत कुमार, महिला मंडल प्रधान विद्या देवी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
घरद्वार पर ही आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किए गए जनमंच कार्यक्रम की 23वीं कड़ी में 12 सितंबर को नादौन विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू में जनमंच का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, कृषि और पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर की अध्यक्षता में आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मालग, सनाही, बढेड़ा, बटराण, मंझेली, नौहंगी, बूणी और पनसाई की जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि जनमंच से पहले ही इन पंचायतों के बाशिंदों से पंचायत कार्यालय में शिकायतें प्राप्त की जाएंगी। पंचायत कार्यालयों में प्राप्त जनशिकायतों को ई-समाधान पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा तथा त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाएगा। जनमंच के दिन संबंधित विभागों के अधिकारी इन जनशिकायतों के निपटारे का ब्यौरा प्रस्तुत करेंगे। उपायुक्त ने बताया कि जनमंच में जनसमस्याओं के निपटारे के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र, जमीन के इंतकाल, लाइसेंस, बागवान कार्ड और अन्य दस्तावेज मौके पर ही तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि जनमंच से पहले ही अधिकांश जनशिकायतों के निपटारे के लिए इन पंचायतों में प्री-जनमंच कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्री-जनमंच कार्यक्रमों के दौरान जनशिकायतों के निपटारे के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की मुहिम भी चलाई जा रही है। उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे उक्त 8 ग्राम पंचायतों में आयोजित किए जा रहे प्री-जनमंच कार्यक्रमों में लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के साथ-साथ सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करें, ताकि पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने क्षेत्र की 8 पंचायतों के बाशिंदों से जनमंच कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।
विद्युत उपमंडल-1 हमीरपुर में लाईनों की आवश्यक मरम्मत के चलते 8 सितंबर को दुलेहड़ा, बजूरी, मसियाणा, बाड़ी, फरनोल, बाडला, कुसवाड़ी, बकराटी और साथ लगते गांवों में सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अधिशाषी अभियंता सुनील भाटिया ने बताया कि पहले यह मरम्मत कार्य 7 सितंबर को किया जाना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित करना पड़ा। अब इस क्षेत्र में लाईनों की मरम्मत का कार्य 8 सितंबर को होगा और यह मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशवासियों के साथ संवाद स्थापित किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण की पहली खुराक प्राप्त करने का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए बधाई दी। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाईव प्रसारण किया गया। ग्राम पंचायतों में भी प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम के लाईव प्रसारण को देखा और सुना गया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत टौणी देवी में कार्यक्रम देखा और अपने संदेश में हिमाचल प्रदेश के लोगों को 100% वेक्सीनेट करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयास और केंद्र सरकार द्वारा भरपूर दवाई हिमाचल प्रदेश को भेजी गई थी इसके साथ-साथ इस अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रयास सार्थक हुए जिसकी बदौलत आज प्रदेश पूरे भारत में 100% वैक्सीन लगाने वाला पहला राज्य बन पाया है जिसके लिए सभी को बधाई है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 से बचाव के लिए नियमों का पालन करें और अपना टीकाकरण अवश्य करवाएं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला की स्वीकृति से कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश की चारों संसदीय क्षेत्र शिमला, मंडी, कांगड़ा व हमीरपुर के लिए बूथ स्तर की कमेटियों की कार्य निगरानी व कार्य आवंटन करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्तियां कर दी है। कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि शिमला ससंदीय क्षेत्र का प्रभार प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद सुल्तानपुरी व कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश ठाकुर को दिया गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र का प्रभार कांग्रेस महासचिव चेतराम ठाकुर व कांग्रेस सचिव केशव नाईक को दिया गया है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र का प्रभार कांग्रेस महासचिव केवल पठानिया व कांग्रेस सचिव नवनीत शर्मा को दिया गया है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का प्रभार कांग्रेस महासचिव विधायक इंद्रदत्त लखनपाल व कांग्रेस सचिव कमल पठानिया को दिया गया है। यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रभावी मानी गई है।
हमीरपुर: कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोमवार को प्रदेशवासियों के साथ वर्चुअल माध्यम से किए गए संवाद का हमीरपुर जिला में भी सीधा प्रसारण किया गया। इस वैक्सीन संवाद कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए जिला हमीरपुर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 10 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं। हमीरपुर शहर के टाउन हॉल, ग्राम पंचायत चंगर के पंचायतघर, नादौन के गीता भवन, ग्राम पंचायत पनसाई के कार्यालय परिसर, तहसील परिसर सुजानपुर, तहसील परिसर टौणी देवी, मिनी सचिवालय भोरंज, पंचायत कार्यालय परिसर टिक्करी मिन्हासा, बीडीओ कार्यालय परिसर बिझड़ी और एसडीएम कार्यालय परिसर बड़सर में लगाई गई इन स्क्रीनों पर लोगों ने बड़ी संख्या में वैक्सीन संवाद कार्यक्रम का प्रसारण देखा। टौणी देवी में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, भोरंज में विधायक एवं उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी, टाउन हॉल हमीरपुर में विधायक नरेंद्र ठाकुर और अन्य स्थानों पर भी गणमान्य लोगों ने वैक्सीन संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इसके अलावा जिलाधीश कार्यालय, सभी एसडीएम कार्यालय, बीडीओ कार्यालय, ग्राम पंचायत एवं शहरी निकाय कार्यालय और बड़ी संख्या में आम लोग भी वर्चुअल माध्यम से वैक्सीन संवाद कार्यक्रम से जुड़े। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कोरोना रोधी वैक्सीन की दोनों खुराक लगवा चुकीं वार्ड नंबर-2 कृष्णानगर की 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला निर्मला देवी से बातचीत की तथा उनका हाल-चाल पूछा।निर्मला देवी ने कोरोना संकट के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की सराहना की तथा आम लोगों को वैक्सीन की दोनों खुराक लगवाने की अपील भी की।
राज्य कर एवं आबकारी कराधान ने नादौन के एक व्यापारी से बिना बिल व टैक्स के 66 लाख 51 हजार रुपये का सोना पकड़ा है। विभागीय अधिकारियों को गुप्त सूचना के आधार पर इस बात की जानकारी मिली थी कि व्यापारी ने दुकान में बिना बिल व टैक्स के सोना रखा हुआ है। इसके बाद विभागीय टीम ने दुकान में दबिश दी। दबिश देकर दुकान में रखे सोने का सारा रिकार्ड खंगाला गया। रिकार्ड खंगालने के बाद 66 लाख 51 हजार रुपये का सोना बिना बिल व टैक्स के पाया गया। इसके बाद आगामी कार्रवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों ने संबंधित व्यापारी से जुर्माने व टैक्स के रूप में चार लाख रुपये की वसूली की है।
जिला भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, महामंत्री हरीश शर्मा व अभ्यवीर सिंह, ज़िला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से प्रैस विज्ञप्ति जारी करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक द्वारा अनुराग ठाकुर पर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि रागिनी नायक को मीडिया में ब्यानबाज़ी करने से पहले तथ्यों की जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए। भाजपाईयों ने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता ने जिस ब्यान में कहा कि अनुराग को मंत्रालय की कामकाजों की समझ नहीं है और अनुराग ठाकुर जिस तरह हिमाचल में आकर बोले उससे लगता है कि उनको अपने मंत्रालय तक की समझ नहीं है, बड़ा ही खेदजनक है। भाजपाईयों ने कहा कि अनुराग ठाकुर की दिन प्रतिदिन बढ़ती हुई लोकप्रियता से कांग्रेस बौखला गई है, जिस कारण उनके खिलाफ अनाप-शनाप ब्यानबाज़ी करने पर उतर आए है। देश व प्रदेश की जनता ने अनुराग ठाकुर को जो मान-सम्मान दिया है उसे कांग्रेस हजम नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा में जिस प्रकार से जनता की भीड़ उमड़ी, उससे कांग्रेस घबरा गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नेता द्वारा लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन है। भाजपाईयों ने कहा कि भाजपा इस सशक्त नेतृत्व वाला राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेता मेहनत से बनता है पर कांग्रेस में तो परिवार से बनता है। भाजपाईयों ने कहा कि कांग्रेस के नेता एक दूसरे को खो देने में लगे हुए है इसका जीता जागता उदाहरण देश के कांग्रेस शासित राज्यों में देखने को मिल रहा है और यही कारण है कि कांग्रेस शासित राज्यों के पार्टी प्रभारियों ने अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी के नेता आए दिन भाजपा सरकार की आलोचना करने की बजाय अपने संगठन की चिंता करें। आए दिन कांग्रेस के नेता पार्टी को अलविदा करके अन्य राजनीतिक दलों में शामिल हो रहे हैं।
नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर की मासिक बैठक जिला युवा अधिकारी रोहित यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में नेहरू युवा केंद्र द्वारा इस माह के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर व्यापक चर्चा की गई। रोहित यादव ने बताया कि इस माह युवा स्वयंसेवक जिले भर में नए युवक मंडलों के गठन के लिए अभियान चलाएंगे तथा पुराने निष्क्रिय युवा मंडलों को दोबारा सक्रिय बनाएंगे। इसके अलावा पोषण माह के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों में भी नेहरू युवा केंद्र अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। इस दौरान स्वयंसेवक घर-घर जाकर लोगों को पौष्टिक आहार और पोषित व्यवहार के लिए प्रेरित करेंगे। मासिक बैठक में जिला के सभी स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को पोषण अभियान के तहत लोगों को जागरुक करने की शपथ भी दिलाई गई।
आम लोगों को कोरोना संबंधी नियमों और सावधानियों से अवगत करवाने तथा उन्हें कोरोना रोधी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करने हेतु पुलिस ने जिला प्रशासन के सहयोग से विशेष अभियान आरंभ किया है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश पुलिस की प्रथम आरक्षित वाहिनी वनगढ़ के कला जत्थे एकलव्य कला मंच के कलाकारों ने हमीरपुर शहर में जागरुकता अभियान चलाया। हिमाचल प्रदेश पुलिस के इन कलाकारों ने शहर के गांधी चौक और बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरुक किया। इन कलाकारों ने मास्क का प्रयोग करने, सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखने तथा कोरोना रोधी वैक्सीन की दोनों खुराक लगवाने की अपील की। एकलव्य कला मंच के ये जवान अपने कर्तव्य पालन के साथ-साथ प्रदेश भर में विभिन्न सामाजिक विषयों पर जागरुकता अभियान चलाते रहे हैं। इसी क्रम में हमीरपुर जिला प्रशासन की पहल से इस ग्रुप के कलाकारों ने जिला में एक सप्ताह का जागरुकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान में एसपी डॉ. आकृति शर्मा विशेष योगदान दे रही हैं।
बाल विकास परियोजना हमीरपुर के अंतर्गत नगर परिषद हमीरपुर के आंगनबाड़ी केंद्र-8 बी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद, ग्राम पंचायत ब्राहलड़ी के आंगनबाड़ी केंद्र ठॉ एवं टिक्कर और आंगनबाड़ी केंद्र बलौणी में सहायिका के एक-एक पद के लिए 2 सितंबर को एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में प्रस्तावित साक्षात्कार प्रशासनिक कारणों से स्थगित कर दिए गए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी बलवीर सिंह बिरला ने बताया कि साक्षात्कार की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। अधिकारी जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 1972-225642 पर संपर्क किया जा सकता है।
एसपी कार्यालय हमीरपुर के अधीन एमटी स्टोरों के बेकार सामान की नीलामी प्रक्रिया 15 सितंबर को सुबह 11 बजे पुलिस लाइन हमीरपुर में पूर्ण की जाएगी। एसपी डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया के लिए एएसपी विजय सकलानी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। इच्छुक बोलीदाता पांच हजार रुपये की धरोहर राशि जमा करवाकर इस नीलामी में भाग ले सकते हैं।
उद्यान एवं वानिकी कालेज नेरी में विभिन्न विषयों के लेक्चरर पीरियड आधार पर रखे जाएंगे। ये लेक्चरर सीधे साक्षात्कार से रखे जाएंगे। कालेज के डीन के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए 13 और 14 सितंबर को साक्षात्कार लिए जाएंगे। पशु चिकित्सा विज्ञान, बायोटेक्नोलोजी, बॉटनी, खाद्य विज्ञान एवं टेक्नोलोजी, कृषि इंजीनियरिंग, एंटोमोलॉजी, सिल्वीकल्चर और फिजिकल एजूकेशन विषय के लेक्चररों के साक्षात्कार 13 सितंबर को होंगे। इनके अलावा कृषि आर्थिकी, सांख्यिकी, अंग्रेजी, कंप्यूटर साइंस, लाइब्रेरी साइंस, समाज शास्त्र, वन्य प्राणी प्रबंधन, वन उत्पाद एवं अनुपयोग और एग्रो फॉरेस्ट्री विषय के साक्षात्कार 14 सितंबर को लिए जाएंगे। आवेदक संबंधित विषय में नैट या सैट पास होना चाहिए। पीएचडी डिग्री धारकों को इसमें छूट दी जा सकती है। चयनित उम्मीदवारों को प्रति लेक्चर एक हजार रुपये और एक दिन में अधिकत्तम 3000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-262901 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस चौकी टौणी देवी की प्रतिदिन सफाई का कार्य एक वर्ष के लिए ठेके पर दिया जाएगा। इस कार्य के लिए 22 सितंबर शाम 5 बजे तक एसपी कार्यालय हमीरपुर में सीलबंद निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। एसपी डॉ.आकृति शर्मा ने बताया कि निर्धारित अवधि में प्राप्त निविदाएं 23 सितंबर को सुबह 11 बजे खोल दी जाएंगी। एसपी ने बताया कि निविदा से संबंधित प्रपत्र हिमाचल प्रदेश पुलिस की वेबसाइट एचपी पुलिस डॉट जीओवी डॉट इन से भी डाउनलोड किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए एसपी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को बार-बार अपनी ही पार्टी में शामिल कर रहे हैं सुजानपुर कांग्रेस में कौन पुराना कार्य करता है, कौन नया कांग्रेस में शामिल हो रहा है यह बात हमसे ज्यादा कोई नहीं जान सकता, यह बात सुजानपुर भाजपा मीडिया सह प्रभारी राजेश्वर कटोच करोट पंचायत के पूर्व प्रधान सुभाष राणा ने सुजानपुर विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कही। भाजपा पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि हम सब कई वर्षों तक कांग्रेस संगठन के विभिन्न ओहदेदार पदों पर विराजमान रहे हैं और हमें इस बात का पूरा ज्ञान है कि कौन कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता है कौन पुराना कार्य करता है और कौन भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहा है। सुजानपुर विधायक रोजाना दावे कर रहे हैं कि वह कई परिवारों को कांग्रेस में शामिल कर रहे हैं लेकिन सच्चाई यह है कि जिसे विधायक राजेंद्र राणा पटके डालकर अपनी पार्टी में शामिल कर रहे हैं वह कई वर्षों से इसी पार्टी के साथ चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को बार-बार पटके पहनाकर विधायक उन्हें जलील कर रहे हैं।
हमीरपुर ज़िले की 49वीं सालगिरह के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने ज़िला वासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महान योद्धाओं और सेनानियों की धरती वीरभूमि हमीरपुर का यश हमेशा बढ़ता रहे। अस्तित्व में आने के बाद हमीरपुर जिला ने अब तक उन्नति और विकास के कई मौके देखे हैं और भविष्य में अभी कई और आयाम हमीरपुर जिला छुएगा। हमीरपुर जिला के लोग खुशहाल हों, उनका जीवन समृद्धशाली हो और कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में हमीरपुर के लोग और तरक्की करें ऐसी कामना करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने जिला के तमाम उन लोगों का भी धन्यवाद व्यक्त किया है जिन्होंने हमीरपुर को वर्तमान स्वरूप तक पहुंचाने में अपना योगदान दिया है। हमीरपुर जिले के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है वीरभूमि हमीरपुर की जनता कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय के साथ सुनहरे कल और आत्मनिर्भरता को लक्ष्य बनाकर चलेगी तथा हमीरपुर के मान सम्मान को और आगे बढ़ाएगी।
डीएवी स्कूल आलमपुर में मेजर ध्यानचंद के 119वें जन्मदिन के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस पर डिजिटल माध्यम से खेल प्रतियोगिताएंँ आयोजित की गई। इस अवसर पर कक्षा एलकेजी के नन्हे विद्यार्थियों ने कनिष्ठ ,वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने विभिन्न वर्गों में तरह-तरह के खेल वीडियो द्वारा ऑनलाइन माध्यम में एक दूसरे के साथ सांँझा किए। इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल बिक्रम सिंह ने ऑनलाइन माध्यम के द्वारा जीवन में खेलों का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि कोविड -19 के कारण जहांँ हमारी शारीरिक क्रियाएँ लगभग समाप्त हो गई हैं वहीं हमें अपने स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए घर पर ही छोटी-छोटी खेल प्रक्रियाओं द्वारा शरीर को स्वस्थ रखने की कोशिश करनी चाहिए।
हमीरपुर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान 23 लाख रुपये से अधिक का नुक्सान हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार लोक निर्माण विभाग को पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग 22 लाख 96 हजार रुपये की क्षति हुई है। इसके अलावा एक गौशाला को भी नुक्सान पहुंचा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार जिला में इस सीजन में 13 जून से 26 अगस्त तक की अवधि के दौरान बारिश से हुए नुक्सान का कुल आंकड़ा 58 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक हो गया है। इस दौरान लोक निर्माण विभाग को सर्वाधिक 39 करोड़ रुपये और जलशक्ति विभाग को 16 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है।
जेओए आईटी का टाइपिंग टेस्ट स्थगित होने पर अभ्यर्थी भड़के उठे हैं। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में जेओए आईटी का टाइपिंग टेस्ट देने पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दरअसल प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश पर हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने बीते गुरुवार शाम को जेओए टाइपिंग टेस्ट स्थगित करने की सूचना दी। लेकिन प्रदेशभर से दर्जनों अभ्यर्थी एक दिन पहले ही हमीरपुर पहुंच चुके थे। कई अभ्यर्थियों को बस सुविधा न मिलने के कारण हमीरपुर पहुंचने के लिए निजी टैक्सियों में पांच से 10 हजार रुपये खर्च करने पड़े। टाइपिंग टेस्ट स्थगित होने की सूचना सही समय पर न मिलने के कारण अभ्यर्थी नाराज हैं। समय पर सूचना न मिलने के कारण शिमला, किन्नौर, चंबा सहित प्रदेश भर से उम्मीदवार हमीरपुर पहुंच गए हैं। अभ्यथियों ने चयन आयोग के सचिव को ज्ञापन सौंपा कर समस्या का समाधान मांगा।
हमीरपुर जिला को जिला कांगड़ा से जोड़ने वाले व्यास नदी के पुल पर एक युवक के कपड़े, मोबाइल और चप्पल मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि उक्त युवक ने नदी में छलांग लगा दी है। पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच करने में जुटी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भलेठ निवासी एक 21 वर्षीय युवक के कपड़े और अन्य सामान व्यास नदी के पुल पर बरामद हुए हैं। सुजानपुर एसएचओ सतपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि पुल पर एक युवक के कपड़े मिले हैं। जांच करने पर पाया कि उक्त कपड़े और मोबाइल भी भलेठ निवासी एक युवक के हैं जो कि रविवार रात्रि अपने घर से चला गया था। सुबह जब लोग व्यास नदी के पुल पर सैर करने के लिए निकले तो उन्हें पुल पर कपड़े मोबाइल और चप्पल दिखे जिसकी सूचना उन्होंने अन्य लोगों को दी। मामले की जानकारी मिलते ही सुजानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। एसएचओ सतपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि युवक के घर से पुल तक जाने वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है।
हमीरपुर : जन आशीर्वाद यात्रा सोमवार को हमीरपुर में गांधी चौक पहुंची जहाँ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, मंत्री वीरेंद्र कंवर, विक्रम ठाकुर, राजिंद्र गर्ग, उप सचेतक कमलेश कुमारी, विधायक नरेंद्र ठाकुर, संजीव कटवाल, अजय राणा, सुमित शर्मा, नरेंद्र अत्रि, नवीन शर्मा, वंदना विशेष रूप में उपस्थित रहें । सुरेश कश्यप ने सम्मेलम को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमीरपुर के लिए खुशी का दिन है, हमीरपुर का बेटा अनुराग ठाकुर आज हमीरपुर के प्रवास पर है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल को बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार से अनुराग ठाकुर को केंद्र में इतने विशेष मंत्रालय से नवाजा गया है उससे पूरे देश और दुनिया मे हिमाचल का नाम रोशन हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल को इस बड़े मान सम्मान के लिए धन्यवाद किया। अनुराग ठाकुर ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा की आपके आशीर्वाद से ही मैं केंद्र में अच्छा काम कर सका, आपने मुझे बल दिया तो मैंने काम किया। आप सबने मुझे 4 बार का सांसद बनाया और मुझे मेरी नई पहचान दी। जब मैं भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष था तब आप नौजवानो ने मुझे ताकत दी जब लाल चौक की यात्रा बुलाई तब भी आप आए। उन्होंने कहा कि हमारी बहनों ने दिन रात पार्टी के लिए काम किया और मुझे जिताया। यात्रा के चलते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रक्षा बंधन पर घर नहीं गए, जो हमारे पार्टी के कार्यकर्ता नही है वो भी आगे आकर हाथ हिला कर हमें आशीर्वाद दे रहे है। उन्होंने कहा जन आशीर्वाद यात्रा ने एक जन आंदोलन का रूप लिया है, आज बज़ुर्गों ने भी यात्रा का इंतज़ार किया, अपने आर्शीवाद दिया गले भी लगाया। उन्होंने कहा अनुराग ठाकुर को यह बड़ी जिम्मेदारी, मान सम्मान नही पूरे हिमाचल को मिला है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर क्षेत्र का सांसद होना मेरा सौभग्य है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल की मेहनत है की पूरे प्रदेश में 40 साल पूर्व के कार्यकर्ता भी हमें मिले रहे है और आशीर्वाद दे रहे है। आज हमारे बुजुर्ग खुश है की केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है और डबल इंजन की सरकार प्रदेश में चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को पूरे विश्व मे सशक्त बनाया है। कोविड के समय आज पूरे देश मे 55 करोड़ लोगों को वैक्सीनशन लग चुकी है यह बहुत तेज गति है। उन्होंने कहा मैं एक चीज आपसे मांगने आया हूं कहीं पर मेरे कदम डगमगा जाए तो मुझे बता देने की प्रदेश की सेवा में मेरी ओर से कोई कमी ना आए।उन्होंने कहा की हिमाचल को देव भूमि के साथ-साथ खेल भूमि भी बनाएंगे। प्रेम कुमार धूमल ने मंत्री अनुराग ठाकुर को आशीर्वाद देते हुए यात्रा को शुभकामनाएं देकर रवाना करवाया।
हमीरपुर: प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि भाजपा की सरकारें ढोंग और जुगाड़ की राजनीति से देश को चला रही हैं। इन्हें अपने प्रचार से मतलब है और उसी में हीरो हैं जबकि जमीनी स्तर पर काम करवाने में जीरो साबित हुए हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि ओलिम्पिक खेलों में पदक खिलाड़ियों ने जीते और उसका श्रेय भी खुद ही लेती रही। उन्होंने कहा कि जनता के असली मुद्दों से सरकार भटक चुकी है। रसोई गैस सिलेंडर 400 वाला 1000 रूपए कर दिया और 25 रुपए पिछले कल ही बढ़ाया हैं, पेट्रोल प्रति लीटर 100 रूपए पार हो गया है। खाने-पीने की वस्तुओं के दाम दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे है और रसोई का तेल 200 रूपए से ऊपर हो गया है। जनता को परेशान कर सरकार वाहवाही लूट रही है। उन्होंने कहा कि देश के मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है, जबकि देश की जनता त्रासदी से गुजर रही है और अराजकता का माहौल बनता जा रहा है। कोरोना महामारी में तो हर एक वर्ग परेशान व हताश हैं। देश का अन्नदाता किसान सड़कों पर है उनके मुद्दों की सरकार सुनवाई नहीं कर पा रही है। महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों ने जनता का जीना हराम कर दिया है। निराशा भरे माहौल में भाजपा की सरकार प्रदेशों में जोड़-तोड़ की राजनीति करने में ही दिन गुजार रही है। उन्होंने कहा कि जनता अपने दुख हरने के लिए सरकारें चुनती है, ताकि वे राजधर्म का पालन करें, लेकिन वर्तमान सरकार तानाशाह बन गई है, जिसे देश की फ़िक्र नहीं है।
हमीरपुर : डॉ पुष्पेंद्र वर्मा फैन क्लब की तरफ से डिजिटल युग के जनक राजीव गांधी की जयंती पर निशुल्क चिकित्सा शिविर हमीरपुर के वार्ड न 7 में लगाया गया जिसमें 110 मरीजों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच और निशुल्क दवाइयां वितरित की गई। इस मौके पर डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी सेवाएं दी और उन्होंने संदेश दिया की हमें अपने उन महान नेताओं को हमेशा याद रखना चाहिए जिन्होंने एक विजन और दूरदर्शिता के साथ काम किया और इस भारत देश की पूरी दुनिया में पहचान बनाई। आज हम सबके सामने हैं कि राजीव गांधी ने जिस डिजिटल क्रांति की शुरुआत जो 1985 में शुरू की थी, उस क्रांति की वजह से ही आज भारत देश पूरी दुनिया में अपना परचम लहराए हुए है और यह किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया कि उन्होंने ऐसे महान नेता की जयंती को मनाने का अवसर उन्हें मरीजों की सेवा के रूप में प्रदान किया।
हमीरपुर : जिला भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा ने की एवं बैठक में विशेष रूप से एचआरटीसी के उपाध्यक्ष एवं जन आशीर्वाद यात्रा के जिला रूट प्रमुख विजय अग्निहोत्री व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र अत्री उपस्थित रहे। बैठक में प्रमुख रूप से केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के हमीरपुर जिला में प्रथम आगमन पर किए जा रहे भव्य स्वागत कार्यक्रमों की तैयारियों का जायज़ा लिया। बैठक में विशेष रूप से इन सभी स्वागत कार्यक्रमों के दौरान कोविड सुरक्षा गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा कि हमीरपुर जिला में प्रथम बार आ रहे केंद्रीय मंत्री के स्वागत में कोई कसर नहीं रखी जाएगी। एक भव्य स्वागत अभिनंदन केंद्रीय मंत्री का पूरे जिले के सभी पांचों मंडलों में किया जाना है और यह स्वागत जगह जगह पर होगा इसमें स्थानीय लोग भाग लेंगे। बैठक में इस यात्रा के रूट प्रमुख विजय अग्निहोत्री ने यात्रा के विभिन्न पढ़ाओ पर स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में इसके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री की गांधी चौक पर प्रस्तावित जन आशीर्वाद रैली की तैयारियों के बारे में भी चर्चा की गई और उसमें जिला भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई। बैठक में जिला महामंत्री हरीश शर्मा अभय वीर सिंह लवली, जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा, धर्मेंद्र शर्मा, अनिल परमार, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अजय रिंटू, एपीएमसी के चेयरमैन एवं साज सज्जा प्रमुख अजय शर्मा, आईटी जिला संयोजक जग सिंह ठाकुर, सुजानपुर सह मीडिया प्रभारी विशाल पठानिया इत्यादि उपस्थित रहे।
हमीरपुर के भोरंज में शुक्रवार को विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी ने शुक्रवार को यहां मिनी सचिवालय परिसर में आयोजित एक समारोह में 19 ग्राम पंचायतों की 101 महिलाओं को हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन बांटे। इस अवसर पर कमलेश कुमारी ने कहा कि आम लोगों के उत्थान के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार ने कई महत्वाकांक्षी योजनाएं आरंभ की हैं और इन योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देश की करोड़ों महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। इस योजना से छूटी प्रदेश की महिलाओं को भी गैस कनेक्शन प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना आरंभ की है। इस योजना के माध्यम से भी लाखों महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। इसी प्रकार आयुष्मान भारत योजना और हिम केयर योजना के तहत गरीब एवं पात्र लोगों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। कोरोना संकट के दौर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन दिया गया है। करोड़ों किसानों को किसान सम्मान निधि के रूप में 6-6 हजार रुपये सीधे उनके बैंक खातों में डाले जा रहे हैं। असहाय लोगों को प्रदेश सरकार सहारा योजना के तहत हर माह 3-3 हजार रुपये की राशि दे रही है। गरीब कन्याओं की शादी के लिए प्रदेश सरकार ने शगुन योजना आरंभ की है, जिसके तहत इन कन्याओं को 31-31 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा कई अन्य योजनाओं के माध्यम से भी केंद्र और प्रदेश सरकार आम लोगों को लाभान्वित कर रही है। इस अवसर पर भोरंज भाजपा मंडल के महामंत्री अशोक ठाकुर, चमन ठाकुर, स्थानीय गैस एजेंसी के प्रभारी अजय चंदेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अनीश ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
हमीरपुर : डिपो संचालक समिति ने अपनी माँगों को लेकर प्रदेश भर के हर जिला में 23 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक सांकेतिक धरने का ऐलान किया है। यह जानकारी प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने ज़ारी ब्यान में बताया कि प्रदेश डिपो संचालक समिति ने प्रदेश सरकार के समक्ष अपनी माँगों को रखा लेकिन आज तक प्रदेश सरकार ने हमारी माँगों को पूरा करने के बजाय हमेशा हमें आश्वासन ही दिए जिसके विरोध में सोमवार को प्रदेश भर में संकेतिक धरना देनें का निर्णय समिति द्वारा लिया गया है।
हमीरपुर : वीरवार को परिधि गृह में महिला मोर्चा हमीरपुर मण्डल की बैठक जिलाध्यक्षा राजकुमारी की उपस्थिति और मण्डलाध्यक्षा सुमन कपिल की अगुवाई में सम्पन्न हुई। इसमें मण्डल की सभी प्रमुख पदाधिकारियों को 23 तारीख की रैली में उपस्थित महिलाओं की संख्या तय करने बारे चर्चा की गई और सभी को जनसभा के दौरान COVID नियमों की पालना करने का आग्रह किया। महिला मोर्चा की तरफ से इस रैली में एक हजार महिला कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस बैठक में हमीरपुर के विधायक नरेन्द्र ठाकुर, अध्यक्षा बाल आयोग वदनां योगी, प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्षा वीना शर्मा , प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीना कपिल, जिला महिला मोर्चा महामंत्री अनीता, पंचायत समिति टौणीदेवी भोरज अध्यक्षाएं जिला उपाध्यक्षा ऊंषा विरला, जिला मीडिया प्रभारी वाटिका, राजेश्वरी देवी, शहरी इकाई अध्यक्षा रेणु भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रही।
हमीरपुर : उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने कहा है कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद मुख्य डाकघर हमीरपुर परिसर में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए स्थापित जिला के पहले महिला शक्ति केंद्र का उदघाटन करने के उपरांत उपायुक्त ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के अंर्तगत गठित स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए मुख्य डाकघर परिसर में एक कांउटर स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य ग्रामीण विकास मिशन तथा डाक विभाग के संयुक्त प्रयासों से ही महिला शक्ति के काऊंटर खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य डाकघर में रोजाना लोगों की बड़ी संख्या में आवाजाही के कारण यहां स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी और इससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने लोगों से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की अधिक से अधिक खरीद का आह्वान किया ताकि इन समूहों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने बताया कि महिला शक्ति केंद्र में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए परंपरागत खाद्य पदार्थ जैसे शीरा, सेवईयां, बडिय़ां, पपीते और लौकी से बनी मिठाईयों के साथ-साथ जूट के बैग, बांस के सजावटी सामान, राखियां और स्थानीय स्तर पर निर्मित अन्य उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस अवसर पर मुख्य डाकघर के प्रवर अधीक्षक भवानी प्रसाद ने बताया कि जिला हमीरपुर के डाकघर में यह पहला काऊंटर खोला गया है। इसके अलावा बडसर में भी ऐसा काउंटर खोला जाएगा। इस तरह के कांउटर खुलने से स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डीआरडीए केडी सिंह कंवर, बीडीओ अस्मिता ठाकुर, सहायक अधीक्षक संदीप धर्माणी, निरीक्षक डाकघर रजनीश कुमार, सहायक डाकपाल रबिन देव, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, खंड विकास कार्यालय और पोस्ट ऑफिस के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
हमीरपुर : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दिशा निर्देशों के अनुसार नवनियुक्त केंद्रीय मंत्रियो का उनके पद ग्रहण के उपरांत अपने अपने प्रदेश में प्रथम आगमन पर आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा की कड़ी में वीरवार को इस प्रदेश के चहेते व देश के युवा नेता केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का जिस तरह हिमाचल भवन चंडीगढ़, प्रदेश के प्रवेश द्वार परमाणु, धर्मपुर, सोलन के साथ-साथ शिमला तक भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों, खेल संघों द्वारा भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया, ना केवल भाजपा कार्यकर्ता बल्कि प्रदेश का प्रबुद्ध वर्ग प्रदेश के युवा का मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री होने को, केवल केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की ही उपलब्धि ना मानकर प्रदेश की उपलब्धि मान रहा है, गौरव महसूस कर रहा है, परंतु कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा शायद इस सच्चाई व हिमाचल के बेटे की इस उपलब्धि को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, तभी वे जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी कर रहे हैं। यह बात प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी नरेंद्र अत्री व भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, जिला महामंत्री हरीश शर्मा ,अभय वीर लवली, जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा और सह मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य के माध्यम से कहीं। भाजपा नेताओं ने हैरानी जताते हुए कहा कि जिस भाजपा नेतृत्व व जिन भाजपा सरकारो ने प्रदेश को विकास से रूबरू करवाया, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रदेश में अभूतपूर्व सुधार करवा कर प्रदेश के आमजन के जीवन मे सुधार सुनिश्चित किया, प्रदेश के कोने-कोने तक सड़क के साथ-साथ शिक्षा व स्वास्थ्य की सुविधाएं भी पहुंचाई, उस भाजपा नेतृत्व व सरकार पर प्रश्न खड़ा कर कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा कांग्रेस सरकारों के कारनामों पर पर्दा डालने का हमेशा असफल प्रयास करते रहते हैं। जबकि वास्तविकता यही है की आजादी के उपरांत देश में व प्रदेश में अधिकतर समय सत्ता में रहने वाली कांग्रेस ने ही भ्रष्टाचार बेरोजगारी वह महंगाई की नींव रखी। भाजपा ने तो हमेशा सत्ता में आकर अपने वायदे के अनुरूप आम जनमानस के जीवन में सुधार लाने का सफल प्रयास किया है, भ्रष्ट व्यवस्था पर अंकुश लगाया है, रोजगार व स्वरोजगार के अवसर सृजित करने का प्रयास किया है, और तो और करोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान जो राष्ट्र विश्व शक्ति के रूप में जाने जाते हैं उनकी व्यवस्था चरमरा गई, लाखों लोगों को महामारी के कारण प्राण गंवाने पड़े, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने दृढ़ता पूर्वक इस महामारी का सामना किया व जनता का कम से कम नुकसान हो ऐसा सुनिश्चित करने के लिए जी-जान से प्रयासरत है। भाजपा नेताओं ने हैरानी जताई कि आज जब अनुराग ठाकुर की नेतृत्व क्षमता व उपलब्धियां हिमाचलवासी गौरव महसूस कर रहे हैं, कांग्रेस विधायक यह पूछ कर कि अनुराग ठाकुर की उपलब्धि क्या है, स्वय हंसी का पात्र बन रहे है। निजी विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्रियों से संबंधित विषय पर भाजपा नेताओं ने कहा, भाजपा सरकार किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों को सहन नहीं करेगी, भ्रष्टाचार को पोषित करना भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देना कांग्रेस सरकारों की परंपरा है और यदि निजी विश्वविद्यालय में फर्जी डिग्रियों के भ्रष्टाचार को खत्म करने को लेकर कांग्रेसी विधायक राजेंद्र राणा ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जब वह भी खुद सरकार में चेयरमैन थे चिंता की होती तो ज्यादा बेहतर रहता। यदि आज उनको इस मामले में जाचँ को लेकर इतनी चिंता सता रही है तो वह खुद लोकायुक्त के पास एफिडेविट देकर जांच क्यों नहीं करवा लेते। केवल दूसरों पर हवा में आरोप लगाकर किनारे हट जाना तो ठीक परंपरा नहीं है।
हमीरपुर : 22 अगस्त को केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा और 23-अगस्त को हमीरपुर के गाँधी चौक में होने वाली जनसभा के सफल आयोजन के लिए विधायक नरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा मण्डल पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, शहरी इकाई और नगर परिषद सदस्यों के साथ तैयारी को लेकर बैठक की गई। ये जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने बताया कि बैठक में 22 तारीख को जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर विधायक द्वारा तैयारियों के विषय में विस्तृत चर्चा की गई और सभी को दायित्वों की जानकारी दी गयी। यात्रा 22-अगस्त को सायंकाल पक्काभरो के रास्ते शहर प्रवेश करेगी और रात में अनुराग ठाकुर का जिला मुख्यालय में ही विश्राम होगा। 23-अगस्त को सुबह 11 बजे हमीरपुर के गाँधी चौक में अनुराग ठाकुर एक जनसभा करेंगे। यात्रा का जगह जगह स्वागत किया जाएगा तथा यात्रा जब हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचेगी तो अमरोह चौक में नरेंद्र ठाकुर यात्रा का स्वागत करेंगे। इसके साथ-साथ नरेंद्र ठाकुर ने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ भी व्यापक तैयारियों को लेकर बैठक की।
हमीरपुर : उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने जलशक्ति अभियान-कैच द रेन के तहत किए जाने वाले विभिन्न जल संरक्षण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट शनिवार तक प्रेषित करने के निर्देश जारी किए हैं। वीरवार को हमीर भवन में आयोजित अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने जिला में सभी पारंपरिक जलस्रोतों, चैक डैम, तालाब, बोरवैल और अन्य जलस्रोतों के जीर्णोद्धार तथा इन्हें पुनर्जीवित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य के लिए जल संरक्षण किया जा सके। उन्होंने कहा कि कैच द रेन अभियान के तहत जिला में 10 रेन वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम बनाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों को एक मिशन मोड में लें। वे जल संरक्षण के लिए लक्ष्य निर्धारित करें और उस पर कार्य करें। उपायुक्त ने कहा कि जल शक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए जलशक्ति विभाग के अलावा ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, वन, कृषि और अन्य विभागों की भूमिका भी बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसलिए ये विभाग अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में विभिन्न जल संरक्षण कार्यों का विस्तृत प्लान तैयार करें तथा उसके अनुसार विभिन्न गतिविधियों को अंजाम दें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक जलस्रोतों, बावडिय़ों और तालाबों का जीर्णोद्धार मनरेगा के माध्यम से करवाया जा सकता है। उपायुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि अगर किसी पारंपरिक जलस्रोत पर अतिक्रमण हुआ है तो उसकी सूचना शीघ्र भेजें। उपायुक्त ने सभी एसडीएम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्माणाधीन सरकारी भवनों में रेन वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम बनाने का प्रावधान करवाएं। देबश्वेता बनिक ने बताया कि विभिन्न नदी-नालों और खड्डों के कैचमेंट एरिया में पौधरोपण के कार्य को भी जलशक्ति अभियान में शामिल किया गया है। इसके लिए वन और जलशक्ति विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि इसी सीजन में अधिक से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित हो सके। बैठक में जल संरक्षण से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जलशक्ति विभाग के अधीशाषी अभियंता ओपी भारद्वाज ने अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा बैठक में डीएफओ एलसी वंदना, एडीएम जितेंद्र सांजटा, समस्त एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान, शिल्पी बेक्टा, शशि पाल शर्मा, राकेश शर्मा, अधीशाषी अभियंता अनूप कुमार और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
सुजानपुर भाजपा मंडल पदाधिकारियों ने सुजानपुर के विधायक पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के पदाधिकरियों ने कहा कि सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा कांग्रेस पार्टी को भूलने लगे पड़े हैं या फिर वह किसी और पार्टी में शामिल होने की तैयारी है। सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष विरेंद्र ठाकुर मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर सह मीडिया प्रभारी राजेश्वर कटोच ने विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आने शुरू होते हैं, विधायक को समाज सेवा और उनकी संस्था की याद आना शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से विधायक आजकल महिला मंडलों को समाज सेवा के बहाने सम्मानित कर रहे हैं और वहां पर अपनी ही पार्टी को भला बुरा कहते हुए यह कह रहे हैं कि यह कांग्रेस पार्टी का नहीं संस्था का कार्यक्रम है, इस बात को सुनकर ऐसा लग रहा है कि विधायक की अब अपनी ही पार्टी में दाल नहीं गल रही। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि जब-जब प्रदेश में चुनाव सिर पर होते हैं तो सुजानपुर के विधायक समाज सेवा और इस संस्था के नाम का ढिंढोरा पीटना शुरू कर देते हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने विधायक को नसीहत देते हुए कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में उनकी दाल गलने वाली नहीं है। यही कारण है विधायक अब सार्वजनिक मंच पर कांग्रेस पार्टी को ही पीछे धकेलते हुए अपने संस्था को आगे लाना शुरू कर चुके हैं।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में इस बार अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के नए निर्देशों के तहत बीटेक डायरेक्ट एंट्री में दाखिला मिलेगा। एआईसीटीई के नए निर्देशों में बीटेक के लिए 12वीं कक्षा में गणित और भौतिक विज्ञान की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है। अब ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने जमा दो में भौतिक विज्ञान, गणित, रसायन विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, जीव विज्ञान, सूचना विज्ञान अभ्यास, जैव प्रौद्योगिकी, व्यावसायिक विषयों के कृषि, इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, बिजनेस स्टडीज, उद्यमिता में से किन्हीं तीन विषयों में पढ़ाई की हो, वे तकनीकी विवि से संबंधित सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान में बीटेक डायरेक्ट एंट्री में दाखिला ले सकते हैं।
विधायक राजेंद्र राणा और उनके पुत्र अभिषेक राणा झूठ की राजनीति कर रहे हैं युवाओं को गुमराह कर रहे हैं झूठे पटके पहना रहे हैं, तमाम बातों का खुलासा सुजानपुर युवा मोर्चा के महासचिव एवं सदस्यों ने किया है। सुजानपुर भाजयुमो महासचिव गोविंद और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ने जारी एक वीडियो में तमाम बातों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से विधायक और उनके पुत्र अभिषेक राणा ने मुझे और मेरे अन्य साथियों को गुमराह एवं झूठ बोलकर एक मीटिंग में बुलाया और वहां पर यह कहा गया कि आप कांग्रेस पार्टी का पटका पहन लो और फोटो खिंचवा लो, जब इस बात का युवाओं ने विरोध किया तो जबरदस्ती गले में पटके डाल कर फोटो ले लिए गए और बाद में सोशल मीडिया पर समाचार पत्र में यह कहा गया कि भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी जोइन कर ली है, भाजयुमो महासचिव ने तमाम बातों का खंडन करते हुए कहा कि वह और उनका परिवार बीते 35 वर्षों से भाजपा के साथ है और भविष्य में भी भाजपा के साथ ही चलेंगे। लेकिन जिस तरह से विधानसभा क्षेत्र के लोकल कांग्रेसी कार्यकर्ता विधायक और उनके पुत्र झूठ की राजनीति कर रहे हैं, जबरदस्ती युवाओं को बहका रहे हैं, ऐसे में प्रदेश के युवा और विशेष रूप से सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा ऐसे लोगों से बचें। उन्होंने आप बीती सुनाते हुए कहा कि वह घूमराह हो गए थे, उनकी झूठी बातों में आ गए थे। भविष्य में कोई मेरी तरह गुमराह ना हो उनकी झूठी बातों में ना आए इसके लिए पूरी तरह सतर्क रहें। उधर भाजपा मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष जगन कटोच, सुजानपुर युवा मोर्चा अध्यक्ष कपिल शामा ने विधायक और उनके पुत्र पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और विशेष रूप से कांग्रेस के ये पदाधिकारी जब से राजनीति में आए हैं तब से झूठ बोल रहे हैं। आज इस बात का खुलासा युवा मोर्चा के पदाधिकारीयो ने किया है, युवाओं को गुमराह करना झूठे प्रलोभन देना यह विधायक और उनके पुत्र की पुरानी आदत है, ऐसे में युवा वर्ग पूरी तरह सतर्क रहें, किसी भी बैठक में कहीं पर किसी को बुलाया जाए तो उस बैठक की पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही उस बैठक में जाए। नहीं तो जो युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ हुआ है कल को किसी और के साथ होगा इसलिए पूरी तरह सतर्क रहें।
सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य के चलते टिक्कर-समराला सडक़ पर वाहनों की आवाजाही 24 अगस्त तक बंद कर दी गई है। जिलाधीश देबश्वेता बनिक ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए टिक्कर-समराला सडक़ पर यातायात 24 अगस्त तक बंद किया गया है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक टिक्कर-ताल या कोहली-समराला चौक-ताल सडक़ से आवाजाही कर सकते हैं।
भाजपा जन-आशीर्वाद यात्रा के प्रदेश सह संयोजक सुमीत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में जन आशीर्वाद यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्त्ताओं द्वारा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में स्वागत कार्यक्रम 20 अगस्त को ज़िला बिलासपुर में किया जाएगा। आज यहां जारी बयान में उन्होंने बताया कि यह यात्रा 20 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे नम्होल में पहुंच कर ज़िला बिलासपुर में प्रवेश करेगी वहां से नौणी होते हुए शहीदी स्मारक में पुष्पांजलि करने के बाद सांय 2 बजे बिलासपुर में स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा व जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत 22 अगस्त को दोपहर बाद प्रागपुर, रक्कड़ व कलूर होते हुए हमीरपुर जिला के नादौन, जलाड़ी, रंगस एवं झनयारी में स्वागत कार्यक्रम होगा ततपश्चात हमीरपुर सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता करेंगे। सुमीत ने बताया कि वहीं 23 अगस्त को समीरपुर से प्रस्थान करते हुए अवाहदेवी मंदिर दर्शन करेंगे जहां भोरंज एवं धर्मपुर भाजपा मंडल के स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। उसके उपरांत सँगरोह में स्वागत कार्यक्रम होगा। इसी प्रकार पंजोत, बराड़ा, बारी मंदिर, टौणी देवी, थाना दरोगण, कोट, कलंझड़ी देवी, हमीरपुर के गांधी चौक पर सुबह 10:30 विशाल जनसभा को संबोधित करने के पश्चात डिडवीं टिक्कर, भोटा रेस्ट हाउस, सलौनी व मैहरे आदि में स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता ज़िला हमीरपुर के सभी विधानसभों में लोकप्रिय सांसद अनुराग ठाकुर का भव्य स्वागत करेंगे। ततपश्चात यह यात्रा ज़िला ऊना कुटलैहड़ विधानसभा के लाठियानी, बंगाणा, थानाकलां से होते हुए खुरवाई फिर कोटला कलां से ऊना विधानसभा के लोअर अरनियाला, ऊना में नागरिक अभिनंदन, देहलां से चलकर मैहतपुर में यात्रा सम्पूर्ण होगी।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने मंगलवार को हमीरपुर मंडल के बगारटी में पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर कि अध्यक्षता की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को मिशन रिपीट 2022 की सफलता के लिए जीत का नया मंत्र देते हुए कहा की " बूथ गढ़ो आगे बढ़ो"। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर जब कार्यकर्ता और पार्टी द्वारा नियुक्त त्रिदेव जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी द्वारा बताए गए सभी कार्यकलापों को और गतिविधियों को अच्छी तरह चलाएंगे तो 2022 क्या आने वाला कोई भी मिशन हमें सफल होने से नहीं रोक सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। इसका श्रेय केवल और केवल पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को जाता है। पार्टी के वर्तमान स्वरूप तक पहुंचने के लिए कई वर्षों का समय लगा है।। कई महानुभावों ने अपना जीवन इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पार्टी को समर्पित किया है। पूर्व में पार्टी के नेताओं द्वारा एक ऐसी दूरदर्शी सोच को ध्यान में रखते हुए एक योजना बनाई कि मतदान केंद्र से ही पार्टी को मजबूत किया जाएगा। अपना बूथ सबसे मजबूत विषय के महत्व को समझाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह बड़ी-बड़ी सफलताओं के पीछे छोटे-छोटे प्रयास जुड़े होते हैं। उसी तरह मिशन रिपीट जैसे बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपने-अपने बूथ पर ध्यान केंद्रित कर उसमें अपने प्रयत्नों की ऊर्जा लगाकर हमें अपने मतदान केंद्र को मजबूत करना है।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी में शामिल कार्यकर्ताओं का अपनी पार्टी से लगातार मोहभंग हो रहा है।रोजाना दर्जनों परिवार कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर ने बताया कि रविवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की चबूतरा पंचायत के करीब 22 परिवारों के सदस्यों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सामने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इस मौके पर उनके साथ सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की अलग-अलग पंचायतों के करीब 45 नव मतदाता जो अभी पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे उन्होंने भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विनोद ठाकुर ने कहा कि नव मतदाता युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की शपथ लेकर कहा कि आने वाले समय में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और कांग्रेस विचारधारा ने जो सुजानपुर में नशे को बढ़ावा दिया है, उसके खिलाफ लड़ाई लड़कर युवाओं को कांग्रेस नेताओं के बहकावे में आने से बचाएंगे। सभी मतदाताओं ने कहा कि अनुराग ठाकुर के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बनने से वह सभी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। आज उनकी पहचान कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर से होती है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य कैप्टन रंजीत सिंह, महामंत्री पवन शर्मा, अनिल शर्मा, उपाध्यक्ष प्यार चंद, रंजना ठाकुर, अंकुश गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय रिंटू, भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सदर के विधायक नरेंद्र ठाकुर ने सोमवार को हमीरपुर जिला मुख्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देश के साथ प्रदेश में भी कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर की जो आशंका व्यक्त की जा रही है उसमे इन स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की बहुत बड़ी भूमिका होने जा रही है और इनको बड़े स्तर पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर से बचाव की जोरदार तैयारी में लगी भारतीय जनता पार्टी को स्वास्थ्य स्वयं सेवकों से बड़ी उम्मीदें हैं। नरेंद्र ठाकुर ने दावा किया कि देश में यदि तीसरी लहर आती है तो भाजपा सरकार इसके लिए बेहतर तरीके से तैयार है। भाजपा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य स्वयंसेवक देश के हर गांव और कस्बे में जनसेवा के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से लडऩा मानवता को बचाने जैसा है और इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता अपनी जान दांव पर लगाने को तैयार हैं। नरेंद्र ठाकुर ने जानकारी दी कि पार्टी आलाकमान द्वारा देश के अंदर 2 लाख राजस्व गांवों में 4 लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैनात करने का निर्णय लिया गया है। ये भी सुनिश्चित किया है कि हर गांव में एक महिला और एक पुरुष स्वास्थ्य स्वयंसेवक होगे।
अवाहदेवी कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण शिविर चलाकर प्रयास संस्था युवाओं को रोजगार प्राप्त करने में बहुत मदद कर रही है। वर्तमान समय में एक कुशल व्यक्ति कहीं पर भी पीछे नहीं रहता है। कुशलता व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनने और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है। इसलिए युवाओं को कौशल विकास के लिए अवसर प्रदान किए जाने चाहिए जिस काम को प्रयास संस्था केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व खेल एवं युवा सेवाएं मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के प्रयत्नों से बड़ी अच्छी तरह कर रही है। सोमवार को अवाह देवी में प्रयास संस्था द्वारा आयोजित सिक्योरिटी सुपरवाइजर व सिक्योरिटी गार्ड्स के प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह के अवसर पर उपस्थित प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के सर्टिफिकेट बांटने के उपरांत उन को प्रोत्साहित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने यह बात कही। समय-समय पर क्षेत्र के युवाओं के लिए कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण शिविर लगाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रयास संस्था और उसकी सारी टीम के सभी सदस्यों की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण शिविर के शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए हुनरमंद होना बहुत जरूरी है, यदि आपके पास हुनर है तो आप जीवन में भले ही किसी भी क्षेत्र में चले जाएं, आप कभी मात नहीं खा सकते और आगे ही बढ़ कर दिखा सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण लेकर जो कला आपने सीखी है उस के दम पर आप जीवन में आगे बढ़ेंगे और अपने भविष्य को उज्जवल बनाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने उनके सुनहरे भविष्य की कामना करते हुए उन सब को शुभकामनाएं दी। इस प्रशिक्षण शिविर के बारे में जानकारी देते हुए प्रयास संस्था के जिला संयोजक संजीव राजपूत ने बताया कि बहुत लंबे समय से इस क्षेत्र के युवाओं की यह मांग थी कि यहां के बहुत से युवा देश की रक्षा करने के लिए सेना में जाना चाहते हैं या फिर सिक्योरिटी के क्षेत्र में अच्छा प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना रोजगार सुनिश्चित करना चाहते हैं। जिसके लिए प्रयास संस्था ने भी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से आग्रह किया था कि इस क्षेत्र के युवाओं को ऐसा प्रशिक्षण देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री के सहयोग से प्रयास संस्था ने आवाहदेवी में युवाओं के लिए 45 दिवस का एक प्रशिक्षण शिविर लगाया था जिसमें बच्चों को सिक्योरिटी सुपरवाइजर, सिक्योरिटी गार्ड कि सेवाओं के क्षेत्र में स्किल्ड बनाने के लिए ट्रेनिंग दी गई है। उन्होंने बताया कि पहले बैच में 15 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है और आगे यह बैच वाइज प्रशिक्षण लगातार ज़ारी रहेगा। यह प्रशिक्षण एक निजी कम्पनी "टाइगर फोर्स" द्वारा दिया जा रहा है और प्रशिक्षित होने के उपरांत इन युवाओं को प्लेसमेंट देकर इसी कम्पनी में ही रोज़गार दे दिया गया है।
डॉ पुष्पेंद्र वर्मा फैंस क्लब के संयोजक धर्मेश राणा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि हमारा क्लब मानवता की सेवा में निरंतर लगा हुआ है और इसी कड़ी इस बार के स्वतंत्रता दिवस पर पूरे सप्ताह जगह जगह निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को इस करोना महामारी से आजादी दिलाने के लिए, जागरूकता फैलाने और साथ में अन्य बीमारियों की निशुल्क जांच और दवाइयों का वितरण किया गया। इन मौकों पर कैंप में मुख्य तौर पर डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी सेवाएं दी उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हमें इस महामारी से आजादी पानी है तो उसके लिए हम सबको वैक्सीन लगवाना और उसके बाद मासक का उपयोग करना और शारीरिक दूरी बनाए रखना एक मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी गरीबी और महामारी से आजादी ही हमारे देश की सच्ची आजादी है। क्लब के अध्यक्ष व बीडीसी हमीरपुर ब्लाक समिति के उपाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि स्वाधीनता के उपलक्ष में डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा फैन क्लब ने ब्राह्लारी पंचायत, गसोता पंचायत, नारा पंचायत, नेरी पंचायत और अन्य जगहों पर शिविर लगाकर हमीरपुर की जनता के लिए एक राहत पहुंचाने का कार्य करने की कोशिश की जिसमें हमें जनता का भरपूर सहयोग मिला और इन स्वास्थ्य शिविरों में 550 से ज्यादा मरीजों की जांच व उनको निशुल्क दवाई व निशुल्क टेस्ट कर सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। उन्होंने आगे बताया कि इस तरह के शिविर हमारा क्लब बरसों से लगाता रहा है लेकिन कोविड-19 महामारी की वजह से बीच में नहीं हो पाए थे। लेकिन अब यह निरंतर जारी रहेंगे क्योंकि इस महामारी के दौरान ग्रामीण इलाके के लोगों को अस्पतालों में पहुंचने में दिक्कत हो रही है और दूसरी बीमारियों का इलाज नहीं हो पा रहा । सभी लोगों ने क्लब का धन्यवाद करते हुए आग्रह किया की इस तरह के कैंप इन ग्रामीण इलाकों में ज्यादा से ज्यादा लगाए जाएं ताकि करोना महामारी के दौरान जो लोग ब्लड प्रेशर दिल की बीमारियों या अन्य दूसरी बीमारियों की दवाईया ले रहे हैं उनका सुचारू रूप से इलाज जारी रह सके। क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष व युवा कॉंग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अश्विनी कुमार ने बताया कि इसके अलावा युवा मंडलों के साथ कार्यक्रम कर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रोत्साहित किया और युवाओं को खेलने के लिए प्रोत्साहित किया व उनको खेलों की सामग्री भी दी गई।
75वां स्वतंत्रता दिवस हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में शहरी विकास, विधि और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने ध्वजारोहण किया तथा परेड की सलामी ली। इस भव्य परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस के अलावा महिला एवं पुरुष होमगार्ड, एनसीसी, नर्सिंग, स्वास्थ्य कर्मचारियों और आशा वर्र्कर्स की टुकडिय़ों ने मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर सभी जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए सुरेश भारद्वाज ने कहा कि 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर हम आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हम आज़ाद भारत के इस ऐतिहासिक कालखंड के साक्षी बन रहे हैं। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि देश की आज़ादी, असंख्य संघर्ष और बलिदानों का परिणाम है। स्वाधीनता संग्राम में प्राणों की आहुति देने वाली महान विभूतियों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद भी जिन्होंने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए और शहीद हो गए तथा जिन पुण्य आत्माओं ने देश व प्रदेश के पुनर्निमाण में प्रगति की एक-एक ईंट रखी, उन सभी को भी हम श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा-370 को निरस्त करने का साहसिक निर्णय लेकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत को एक निशान और एक विधान के अधीन किया है, जिससे आज पूरे विश्व में भारत का नाम ऊंचा हुआ है। हिमाचल प्रदेश के वीर सैनिकों की चर्चा करते हुए सुरेश भारद्वाज ने कहा कि आजादी के बाद विभिन्न युद्धों और सैन्य ऑपरेशनों में हिमाचल के जांबाजों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। देश का पहला परमवीर चक्र हिमाचल के शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा को मिला था। कारगिल युद्ध के दौरान दिए गए 4 परमवीर चक्रों में से दो परमवीर चक्र हिमाचल के योद्धाओं को मिले थे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हिमाचल प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है और यह छोटा सा प्रदेश आज भारत के अग्रणी राज्यों में शामिल है। यहां सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है तथा जलविद्युत उत्पादन में हिमाचल ने एक अलग पहचान बनाई है। वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल की चर्चा करते हुए सुरेश भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कई महत्वाकांक्षी योजनाएं आरंभ की हैं जोकि राज्य की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि एचपी-शिवा परियोजना के माध्यम से प्रदेश के निचले क्षेत्रों में भी बागवानी विशेषकर फल उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में छह मेडिकल कालेजों और एम्स की स्थापना से प्रदेशवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। कोरोना संकट के दौर में भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक ढांचागत विकास के कारण आज हिमाचल वैश्विक महामारी से लडऩे में सक्षम हुआ है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री ने भारत को निरंतर विकास की बुलंदियों तक ले जाने के लिए लाल किले से सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का नारा दिया है। प्रत्येक भारतवासी को इस नारे को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री ने उपस्थित लोगों को देश को निरंतर प्रगति की राह पर ले जाने की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इस मौके पर उप मुख्य सचेतक एवं विधायक कमलेश कुमारी, विधायक नरेंद्र ठाकुर, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्रिहोत्री, जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना योगी, कौशल विकास निगम के प्रदेश समन्वयक नवीन शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी, नगर परिषद अध्यक्ष मनोज मिन्हास, उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज, डीसी देबश्वेता बनिक, एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। जिला स्तरीय समारोह के दौरान शहरी विकास मंत्री ने जिला हमीरपुर के स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और कोरोना संकट के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों और विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर आयोजित ऑनलाईन चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया।
हमीरपुर में 75वां स्वतंत्रता दिवस जिला न्यायिक परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायधीश जेके शर्मा ने ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों, जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अन्य लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश नरेश कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कांता वर्मा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नितिन मित्तल, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव सिद्धार्थ सरपाल, न्यायिक दंडाधिकारी अनीता शर्मा, न्यायिक दंडाधिकारी अनुलेखा तंवर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी परमानंद शर्मा, जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी जेसी शर्मा, एसके पटियाल और अन्य लोग भी उपस्थित थे।
गृह रक्षा दसवीं वाहिनी हमीरपुर के सौजन्य से शुक्रवार को सुजानपुर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस मौके पर गृह रक्षा दसवीं वाहिनी हमीरपुर के कमांडेंट सुशील कौंडल विशेष रुप से सुजानपुर पहुंचे, और अपनी वाहिनी के सदस्यों के साथ मैदान की सुंदरता को लेकर स्वच्छता अभियान चलाते हुए इस मुहिम को आगे बढ़ाया। इस मौके पर सुजानपुर मैदान के भीतर फैली गंदगी कूड़ा करकट को इकट्ठा करके उपयुक्त स्थान पर भेजा गया। वाहिनी के करीब दो दर्जन सदस्यों ने एक क्विंटल कूड़ा करकट इखट्ठा किया। जिसमें सबसे ज्यादा खाद्य पदार्थों के खाली रेपर अन्य वेस्ट सामग्री प्लास्टिक की बोतल, शीशे की बोतल जो मैदान में यहां वहां फेंकी हुई थी, उन्हें इकठा किया गया। कमांडेंट सुशील कौंडल ने बताया कि स्वच्छता अभियान को चलाने के लिए कोई भी दिन विशेष दिन नहीं होता, जब आपके मन में आए इस अभियान को सफल बनाएं, अपने क्षेत्र की, अपने गांव की, अपने शहर के सार्वजनिक स्थानों की सफाई होती रहनी चाहिए। इसके लिए कोई विशेष दिन निर्धारित नहीं है ग्रह रक्षा वाहिनी जिला हमीरपुर पूरे जिला में इस अभियान को चलाए हुए हैं। यह निरंतर चलता रहेगा, उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वच्छता को अपनाएं अपने देश प्रदेश और अपने गांव को सुंदर बनाएं। यह तभी हो सकता है जब हम खुद इस काम को करने में आगे आएंगे। इस मौके पर सुजानपुर ग्रह रक्षा वाहिनी कंपनी से परवीन कुमार दमकल चौकी इंचार्ज ललित कुमार के साथ अन्य कर्मी मौजूद रहे।
किन्नौर में भूस्खलन हादसे में मारे गए सुजानपुर के युवा विजय कुमार का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। ग्राम पंचायत डेरा की प्रधान सोनिया ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के शव को लेने के लिए सुजानपुर से उनके परिजन गाड़ी लेकर किन्नौर गए हैं जहां से वह लोग शव को यहां लाएंगे। शुक्रवार को मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृतक सुजानपुर में कुछ समय तक टैक्सी चालक था। इसके बाद वह ट्रक चला रहा था तथा ट्रक लेकर किन्नौर गया था। उधर मृतक के घर में मातम छाया हुआ है। पूरा क्षेत्र शोक ग्रस्त है। मृतक अपने पीछे माता पिता पत्नी और डेढ़ माह का बच्चा छोड़ गया।
हर श्रमिक व उसके परिवार को बेहतर सुविधाएं मिले, इसके लिए हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, ताकि श्रमिकों तथा उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करके इनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि विभिन्न ठेकेदारों के पास तथा मनरेगा में कार्य कर रहे श्रमिकों को हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने तथा बोर्ड में उनके पंजीकरण के लिए जिला हमीरपुर में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 15 दिनों के दौरान जिला में अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि पंजीकरण के लिए कामगार की आयु 18 से 60 वर्ष की बीच होनी चाहिए तथा उसने साल में कम से कम 90 दिन कहीं पर कार्य किया हो या मनरेगा में दिहाड़ी लगाई हो। उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों तथा उनके परिवार की आर्थिकी में सुधार के लिए हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से शादी हेतु वित्तीय सहायता, मातृत्व एवं पितृत्व सुविधा, पंजीकृत सदस्यों के दो बच्चों की पढ़ाई के लिए वित्तीय सहायता, चिकित्सा सहायता, पेंशन सुविधा, विकलांगता पेंशन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद श्रमिक को एक हजार रुपये पेंशन का भी प्रावधान है। दुर्घटना या बीमारी के कारण विकलांग हुए श्रमिकों को 500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती है। 50 प्रतिशत से अधिक विकलांग होने पर 50 हजार रुपये और 50 प्रतिशत से कम विकलांगता पर 25 हजार रुपये आर्थिक मदद दी जाती है। पंजीकृत श्रमिक की किसी दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को 4 लाख रुपये की राहत राशि दी जाती है। प्राकृतिक मृत्यु पर भी दो लाख रुपये की सहायता दी जाती है। अंतिम संस्कार के लिए भी 20 हजार रुपये की मदद दी जाती है। पंजीकृत लाभार्थियों को सरकारी अस्पताल या सरकार द्वारा अनुमोदित निजी अस्पतालों से चिकित्सा बिल प्रस्तुत करने पर प्रतिवर्ष बाह्या उपचार के 50 हजार रुपये और इंडोर चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए एक लाख रुपये और गंभीर बीमारी के लिए पांच लाख रुपये तक की धनराशि प्रदान की जाती है। पंजीकृत श्रमिकों के दो बच्चों की पढ़ाई के लिए प्रथम कक्षा से आठवीं तक लड़कियों के लिए 8 हजार और लडक़ों के लिए पांच हजार रुपये, नौंवीं कक्षा से बारहवीं तक लड़कियों के लिए 11 हजार और लडक़ों के लिए आठ हजार रुपये, स्नातक बीए, बीएससी, बीकॉम और बीबीए के लिए लड़कियों को 16 हजार और लडक़ों को 12 हजार रुपये, स्नातकोत्तर में कला, वाणिज्य और विज्ञान में लड़कियों के लिए 21 हजार और लडक़ों को 17 हजार रुपये का प्रावधान है। एक वर्ष, दो वर्ष और तीन वर्ष के डिप्लोमा के लिए लड़कियों को ्र21 हजार रुपये और लडक़ों को 17 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसी प्रकार व्यावसायिक शिक्षा मेडिकल, इंजीनियरिंग, पीएचडी और अनुसंधान हेतु लड़कियों के लिए प्रतिवर्ष 36 हजार रुपये और लडक़ों के लिए 27 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। मातृत्व-पितृत्व योजना के तहत पंजीकृत महिला लाभार्थी को प्रसव अवधि के समय या बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये की मदद मिलती है। दो प्रसवों तक महिलाओं को समय-समय पर प्रचलित न्यूनतम मजदूरी की दर से 90 दिन से 26 सप्ताह तक मातृत्व अवकाश और छह हजार रुपये की राशि का प्रावधान है। पुरुष लाभार्थी को भी पितृत्व सुविधा के तहत बच्चे के जन्म पर एक हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। पंजीकृत अविवाहित श्रमिक को स्वयं के विवाह हेतु 51 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा विवाहित श्रमिक के दो बच्चों की शादी के लिए भी 51-51 हजार रुपये की सहायता मिलती है। उपायुक्त ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हंै कि वे जिला के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की साइट पर जाकर ठेकेदारों के अधीन कार्य कर रहे श्रमिकों का भी पंजीकरण करेंं, ताकि उन्हें भी बोर्ड की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बीडीओ और ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों के कामगारों और मनरेगा के मजदूरों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा है। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र श्रमिक श्रम निरीक्षक राम लाल शर्मा के मोबाइल नंबर 85804-86961 या कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-292305 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश द्वारा निर्देशित सूचियों के गहन पुनरनिरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई को अर्हता तिथि मानते हुए जिला हमीरपुर के विकास खंड नादौन, बिझड़ी, बमसन और हमीरपुर की ग्राम पंचायतें जहां पर पंचायतीराज संस्थाओं के रिक्त हुए पदों के निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों को जन साधारण के दावे या आक्षेप आमंत्रित करने के लिए 9 अगस्त को प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों से संबंधित प्रति उपायुक्त कार्यालय, ग्राम पंचायत, पंचायत समितियों और जिला परिषद के कार्यालयों में कार्यालय समय में निशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूचियों से संबंधित दावे या आक्षेप 16 अगस्त तक संबंधित पुनरनिरीक्षण अधिकारी या खंड विकास अधिकारी को स्वयं या अभिकर्ता के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र पर प्रस्तुत किए जा सकते है। इन्हें डाक द्वारा भी भेजा जा सकता है। दावे या आक्षेप प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित प्रपत्र उपरोक्त अधिकारियों के पास निशुल्क उपलब्ध होंगे। पुनरनिरीक्षण अधिकारी निर्धारित अवधि में प्राप्त दावे या आक्षेपों का निपटारा 20 अगस्त तक करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के समक्ष 23 अगस्त तक अपील की जा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) 24 अगस्त तक इन अपीलों का निपटारा करेंगे तथा 25 अगस्त को ये मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी जाएंगी।
9 से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे स्वच्छ हिमाचल, स्वस्थ हिमाचल अभियान के तहत वीरवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व स्वयं उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने किया। अभियान के दौरान उपायुक्त ने अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उपायुक्त कार्यालय परिसर के आस-पास सफाई की, जिसमें प्लास्टिक-पॉलीथिन व अन्य कचरा एकत्रित किया गया। एकत्रित प्लास्टिक के कचरे को नगर परिषद को सौंप दिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी कार्यालय अध्यक्षों को अपने-अपने परिसरों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर निकाय और पंचायत जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों को स्थानीय लोगों के सहयोग से स्वच्छ रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्वच्छ हिमाचल, स्वस्थ हिमाचल के सपने को साकार किया जा सके। सफाई अभियान में एडीएम जितेंद्र सांजटा, एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान, सहायक आयुक्त रमन घरसंगी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी केडीएस कंवर और अन्य अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भी भाग लिया।


















































