हमीरपुर के टौणीदेवी मार्ग पर एक पंजाब नंबर की कार को तालाशी के लिए रोका गया। इस दौरान कार में सोने के आभूषण पाए गए। जिनकी कीमत 24 लाख रुपये से ऊपर बताई जा रही है। एक्साइज विभाग की टीम ने पंजाब के कारोबारी को आभूषणों से संबंधित बिल प्रस्तुत करने के लिए कहा, लेकिन कारोबारी कोई बिल इत्यादि पेश नहीं कर पाया। इस पर विभाग ने जीएसटी अधिनियम के तहत कारोबारी से 1.44 लाख रुपये जुर्माना वसूला। यह कार्रवाई विभागीय टीम का नेतृत्व कर रहे सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी अनुराग गर्ग, राज्य कर अधिकारी कुलदीप ठाकुर, राज्य कर अधिकारी संजीव मेहरा, सहायक राज्य कर अधिकारी विकास शर्मा और राजेश कुमार ने की है। उधर, उप आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी हमीरपुर विशाल गोरला ने कहा विभाग की टीम ने मंगलवार को हमीरपुर-टौणीदेवी मार्ग पर पंजाब के एक कारोबारी को बिना जीएसटी बिल कारोबार करने पर पकड़ा है। कारोबारी से 1.44 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने जिले के समस्त कारोबारियों से आग्रह किया है कि वह बिना बिल के कोई कारोबार न करे, अन्यथा आने वाले समय में इससे भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार अपने चहेतों को चोर दरवाजे से नौकरी दे रही है और सभी नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा रही है। प्रदेश के उद्योग मंत्री और उनके विभाग के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और ऑल इंडिया कॉंग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बताएं कि कैसे मंत्री के हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम ( HPSIDC) विभाग में एक रिटायर सुपरिटेंडेंट इंजीनियर को बिना किसी कंपटीशन के नियुक्त कर दिया और 62000 रुपये प्रति माह तनखा भी फिक्स कर दी। सुधीर शर्मा ने आरोप लगाते हुए बताया कि उपरोक्त इंजीनियर जिनका नाम अयूब चौधरी है, इसी विभाग से दो महीने पहले सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के तौर पर रिटायर हुए थे और नौकरी पाने का जुगाड़ कर रहे थे। उन्होंने विभाग के उपाध्यक्ष राम कुमार पर भी इस मे शामिल होने के आरोप लगाए। सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री से सवाल पूछा है कि ऐसे कैसे हो सकता है बिना मुख्यमंत्री की मर्जी से इतनी बड़ी फाइल चल पडी और नियुक्ति भी हो गई। सुधीर शर्मा ने कहा कि कॉंग्रेस इस नियुक्ति के खिलाफ जनता के बीच जाएगी और सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करेगी और इस नियुक्ति की जांच की मांग करेगी और अगर सरकार ने इसे रद्द नहीं किया तो न्यायालय भी जाएगी।
योग मन की शांति और पवित्रता लाता है, योग शरीर मन और आत्मा को जोड़ने का विधान है। प्रतिदिन सुबह उठकर कुछ समय के लिए योग करना मेरी दिनचर्या का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसे सब लोगों को अपनाना चाहिए। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समस्त जनता को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश देते हुए यह बात कही है। उन्होंने बताया कि 21 जून को संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2015 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी थी जिसके लिए विश्व के 177 देशों ने अपना समर्थन दिया था तब से इस दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया जाता है। प्रोफेसर धूमल ने कहा कि किसी सामान्य दिन को किसी व्यक्ति विशेष, वस्तु, भाषा, संस्कृति, विज्ञान, परिस्थिति, परिवेश, अभियान अथवा प्रसंग से जोड़कर एक विशेष दिवस के रूप में उद्धघोषित करना उस चीज़ के बारे में जागृति फ़ैलाने के लिए तो उचित है, लेकिन केवल उस दिनविशेष को ही उस चीज़ को याद करना, महत्व देना या मनाना कदापि उचित नहीं है। जैसे कि पर्यावरण हमारे लिए सदैव महत्वपूर्ण है ना कि केवल पर्यावरण दिवस के दिन ही, डॉक्टर्स हमारे लिए सदैव महत्वपूर्ण हैं न कि केवल राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के दिन ही। इसी प्रकार योग हमारे जीवन में हर दिन महत्वपूर्ण होना चाहिए, हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए क्योंकि योग एक ऐसा विज्ञान है जो हमारे जीवन को न केवल निरोगी बनाता है बल्कि हमारे मन को स्वच्छ सुंदर व पवित्र विचारों से परिपूर्ण करता है। प्रोफेसर धूमल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने योग के महत्व को समझा और आम जनमानस को इसे सीखने के लिए इसे ग्रंथों में उतारा है। हमारे पूर्वजों ने योग को जीवन में आत्मसात करके एक निरोगी स्वस्थ और लंबा जीवन जीया है। वर्तमान समय में आधुनिकता और विकास की दौड़ में जहां धीरे-धीरे सामान्य मानव जीवन अवधि कम हो रही है ऐसे में योग को जीवन का एक हिस्सा बनाकर हम स्वस्थ और दीर्घायु बन सकते हैं। हमारे प्रधानमंत्री योग के महत्व को समझते हुए प्रतिदिन योग करते हैं।
कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कोरोना से हुई मौतों का जयराम सरकार डेथ ऑडिट कराए। इससे दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। कोविड-19 के अलावा मृत्यु की मूल वजह डेथ ऑडिट से सामने आएगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कोरोना के दौरान डयूटी करने के आंकड़े भी सरकार सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान डॉक्टरों ने कितनी सर्जरी की हैं, भाजपा सरकार को यह भी बताना चाहिए। सुक्खू का कहना है कि कोरोना मरीजों के इलाज में कोविड अस्पतालों में गंभीर लापरवाही बरती गई है । मरीजों की वरिष्ठ डॉक्टरों ने सुध ही नहीं ली। अनेक संक्रमित तो कोरोना के खौफ से ही मर गए। अस्पतालों में उनकी काउंसलिंग होनी चाहिए थी। गंभीर बीमारियों का उचित इलाज किया जाता तो अनेक पीडि़तों की जान बच सकती थी, क्योंकि कोरोना की तो कोई दवा नहीं थी। गंभीर रोगों के रोगी कोरोना संक्रमित होने पर अन्य दवाओं के लिए तड़पते रहे। सरकार यह भी बताए कि वैक्सीन की पहली डोज के बाद कितने लोगों की मौत हुई और दोनों डोज लगने के बाद कितने लोग मृत्यु को प्राप्त हुए। डेथ ऑडिट में इसका भी अध्ययन हो कि वैक्सीन लगने के बाद मौत का क्या कारण रहा। कांग्रेस विधायक ने कहा कि विशेषज्ञों ने कोरोना की तीसरी लहर का अंदेशा जताया हुआ है, जिसमें बच्चों के अधिक संक्रमित होने की बात कही है। बावजूद इसके प्रदेश सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। न तो बच्चों केलिए विशेष वार्ड का प्रबंध अस्पतालों में किया गया है, न ही बच्चों के वेंटिलेटर मंगवाए गए हैं। सरकार को तुरंत इसकी व्यवस्था करनी चाहिए।
भाजपा के सत्ता में आने के बाद सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में ठप्प पड़े विकास कार्यों को लेकर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के सब्र का बांध टूट गया है। मिनी सचिवालय व टाऊन हाल सहित अन्य बड़ी योजनाओं के ठंडे बस्ते में पड़ने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों में हुई देरी पर विधायक राजेंद्र राणा ने सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से व्यक्तिगत रूप से शिकायत की है। विकास कार्यों की लेटलतीफी के बारे में जारी प्रैस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि छंब से कुजा दी बल्ल वाया रोपड़ी व भराइयां दी धार से ठाणा टिक्कर के संपर्क मार्गों के लिए विधायक प्राथमिकता में नाबार्ड के तहत वर्ष 2017 में बजट स्वीकृत हुआ था, लेकिन 4 साल बाद भी कार्य पूरे नहीं हो पाए हैं। जूं की चाल चल रहे इन कार्यों के लटकने के पीछे का आखिर राज क्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कारण है कि मुख्यमंत्री के अधीन आने वाले लोक निर्माण विभाग में ही तय समयावधि में कार्य पूरे नहीं हो रहे हैं। संबंधित विभाग कार्यों को परखने व उनकी निगरानी के लिए क्या नियम अपना रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर काम पूरा न करने पर संबंधित ठेकेदारों पर क्या विभागीय कार्यवाही हुई है, उससे अवगत करवाया जाए। अगर कोई कार्यवाही या पैनल्टी नहीं लगाई है तो नियम न मानने की छूट ठेकेदारों को किसने दी और इनको सरंक्षण देने के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि 4 साल में कार्य पूरा न होने पर महंगाई के इस जमाने में कार्य की लागत कई गुणा बढ़ जाएगी तो उसकी भरपाई भी जनता की जेब से होगी। आखिर जनता भी कब तक सहन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी संकीर्ण मानसिकता से साबित होता है कि भाजपा के स्थानीय लोग विधानसभा चुनाव की हार की खुन्नस विकास कार्यों में अड़चनें डालकर निकाल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया कि वह स्वयं इस मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाएं। यह भी पता लगाया जाए कि आखिर इनके वो लोग कौन हैं जोकि विकास कार्यों में रोड़ा बनकर सरकार की छवि को और ज्यादा बिगाड़ रहे हैं।
कोरोना वैक्सीनेशन में हमीरपुर जिला लगातार पहले स्थान पर बना हुआ है। जिला के लक्षित आयु वर्गों के 49 प्रतिशत से अधिक लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक खुराक लगाई जा चुकी है। वैक्सीनेशन कार्य में और तेजी लाने के लिए 21 जून से आरंभ किए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 21, 22 और 23 जून को जिला में 18-44 वर्ष आयु वर्ग के 18 से 20 हजार तक लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए जिले भर में लगभग पांच दर्जन टीकाकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके इस अभियान की रूपरेखा तय की। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 18-44 आयु वर्ग के लोगों पहले की तरह ही ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के अनुसार ही टीके लगाए जाएंगे। जबकि, इसी आयु वर्ग के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके गृह क्षेत्र के टीकाकरण केंद्र में पहले आओ, पहले पाओ आधार पर टीके लगाए जाएंगे तथा आधार नंबर के साथ उनका पंजीकरण मौके पर ही किया जाएगा। सप्ताह के पहले तीन दिन सोम, मंगल और बुधवार को ही इस आयु वर्ग के लोगों को टीके लगेंगे। मेडिकल कालेज अस्पताल के एक टीकाकरण केंद्र पर 200 लोगों, नागरिक अस्पतालों के टीकाकरण केंद्रों पर 150-150 और अन्य सभी टीकाकरण केंद्रों पर केवल 100-100 लोगों को सुबह 10 से सायं 4 बजे तक ही टीके लगाए जाएंगे। शहरी क्षेत्रों हमीरपुर, सुजानपुर, नादौन और भोटा में ऑनलाइन बुकिंग के बाद अगर कोई व्यक्ति सायं 4 बजे तक टीका लगवाने नहीं आता है तो बचे हुए टीके मौके पर मौजूद अन्य लोगों को लगा दिए जाएंगे। ऑनलाइन बुकिंग 20 जून रविवार को दोपहर 12 से एक बजे तक की जा सकती है। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को हमीरपुर शहर में एक से अधिक टीकाकरण केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों तथा अन्य सभी श्रेणियों के लोगों के टीकाकरण के लिए वीरवार, शुक्र और शनिवार के दिन तय किए गए हैं। इनके लिए ऑनलाइन बुकिंग की आवश्यकता नहीं है। राजपत्रित अवकाश के दिन भी टीके लगेंगे, लेकिन रविवार को छुट्टी रहेगी। देबश्वेता बनिक ने कहा कि जिन हेल्थ वर्कर्स और विभिन्न श्रेणियों के फ्रंटलाइन वर्कर्स ने अभी तक पहला टीका भी नहीं लगवाया है, वे 30 जून से पहले टीके अवश्य लगवा लें। इस तिथि के बाद उन्हें टीके नहीं लगाए जाएंगे। टीकाकरण केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा स्थिति के अनुसार पुलिस का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके अग्रिहोत्री, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय जगोता और टीकाकरण अभियान के समन्वयक डॉ.रमेश रत्तू ने अभियान के संबंध में विस्तृत ब्यौरा पेश किया।
जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक शनिवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी जितेंद्र सांजटा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई इस बैठक में वित्त वर्ष 2020-21 की वार्षिक ऋण योजना की अंतिम तिमाही की उपलब्धियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के संबंध में भी चर्चा की गई। इस अवसर पर जितेंद्र सांजटा ने कहा कि अंतिम तिमाही के दौरान जिला के सभी बैंकों की जमा राशि 11395 करोड़ रुपये से अधिक रही और इस तिमाही के अंत तक जिला में ऋण राशि 2516 करोड़ रुपये रही। जिला का ऋण और जमा का अनुपात 22 प्रतिशत से अधिक रहा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों को ऋण और जमा का अनुपात बढ़ाने तथा बैंकों से संबंधित विभिन्न ऋण एवं अनुदान योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख विनीष कुमार चावला ने जिला के बैंक अधिकारियों से कहा कि वे ऋण आवंटन में तेजी लाएं और समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति तथा शत-प्रतिशत वित्तीय समावेश पर जोर दें। उन्होंने आम लोगों को बैंकों से ऋण लेने के लिए प्रेरित करने तथा पुराने ऋणों की उचित वसूली के लिए आवश्यक कदम उठाने का आह्वान भी किया, ताकि जिले के चहुमुखी विकास को गति मिल सके। इस अवसर अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार सिन्हा ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी और बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी अधिकारियों का स्वागत किया तथा विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ भरतराज आनंद, नाबार्ड के डीडीएम सतपाल चौधरी, पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक हेमराज शर्मा और विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने भी वर्चुअल माध्यम से शिरकत की। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक भी वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें संस्थान के निदेशक हेमराज शर्मा ने वित्त वर्ष 2020-21 की अंतिम तिमाही की प्रगति एवं अन्य मदों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
सुजानपुर विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत मझोग-सुल्तानी के गांव सूल में खेल मैदान संध का निर्माण कार्य तीव्र गति से चला हुआ है। युवा पीढ़ी को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने की विधायक राजेंद्र राणा की दूरदर्शी सोच के चलते खेल मैदानों का अत्याधुनिक तरीके से निर्माण करवाया जा रहा है। इस खेल मैदान को विधायक राजेंद्र राणा के प्रयासों व निजी खर्चे से ही बनाया जा रहा है तथा हाल ही में इसके विस्तारीकरण के लिए विधायक राजेंद्र राणा ने दोबारा अपने निजी खर्चे से योगदान दिया है, जिसके लिए जागृति युवा मंडल के प्रधान राहुल चौधरी सहित वार्ड मेंबर वविंदर सिंह चौहान, पूर्व उपप्रधान बुद्धि सिंह, रमेश चंद, रविकांत, भारभूषण, अजय शर्मा, मनीष शर्मा, निशांत चौधरी, सौरभ, वीर चंद, अक्षु, अमित कुमार, मोनू पराशर, रवि कुमार, आशुतोष, अनिल कुमार, अभिषेक कुमार, संजय कुमार, सुरेश कुमार व विशाल आदि ने उनका धन्यवाद किया है। इन युवाओं ने बताया कि पूर्व में किसी भी जनप्रतिनिधि ने खेल मैदान के निर्माण के बारे में गंभीरता नहीं दिखाई। विधायक राजेंद्र राणा ने ही युवाओं को समझा व खेल मैदान के निर्माण, विस्तारीकरण व उनके सही रखरखाव के बारे सोचा और मूर्तरूप दिया। वहीं, विधायक राजेंद्र राणा ने बताया कि युवा नशों से दूर रहकर खेलों से जुड़ेंगे, तभी स्वस्थ रहेंगे और एक बेहतर समाज का निर्माण भी होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में खेल गतिविधियां बढ़ाने के लिए और मदद भी की जाएगी।
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कोरोना काल में खादी ग्रामोद्योग आयोग द्वारा रिकॉर्ड 95,741.74 करोड़ रुपये के कुल वार्षिक कारोबार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल मुहिम का असर बताते हुए इससे अर्थव्यवस्था को बल मिलने की बात कही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना आपदा के मुश्किलों भरे वक्त में देशी उत्पादों व तकनीकी को बढ़ावा देने, छोटे दुकानदारों व उद्योगों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री ने वोकल फ़ॉर लोकल के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत का विजन हमारे सामने रखा था। यह हर्ष का विषय है कि इसके सकारात्मक परिणाम हमारे सामने आने शुरू हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की खादी खरीदने की लगातार अपील के कारण बड़े पैमाने पर खादी की बिक्री हो रही है। कोरोना महामारी से पूरी तरह से प्रभावित साल 2020-21 में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने अपना अब तक का सबसे अधिक कारोबार दर्ज किया है। वर्ष 2020-21 में आयोग ने 95,741.74 करोड़ रुपये का सकल वार्षिक कारोबार दर्ज किया। यह पिछले वर्ष 2019-20 में हुए 88,887 करोड़ रुपये के कारोबार में करीब 7.71 प्रतिशत ज्यादा है। खादी ई-पोर्टल, खादी मास्क, खादी फुटवियर, खादी प्राकृतिक पेंट और खादी हैंड सैनिटाइज़र आदि का शुभारंभ, नई प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) इकाइयों की रिकॉर्ड संख्या की स्थापना, नए स्फूर्ति क्लस्टर, स्वदेशी’ के लिए सरकार की पहल और खादी आयोग का अर्धसैनिक बलों के सामाग्री की आपूर्ति करने के ऐतिहासिक समझौते से महामारी के इस दौर में खादी ग्रामोद्योग के कारोबार में वृद्धि हुई है।
A six-year-old innocent girl died on the spot after she was hit by a truck on the Nadaun-Hamirpur National Highway in Rangas village of Hamirpur district. The migrant girl was on her way to Rangas Bazar with her mother at around 10 am on Saturday. During this, she was hit by a truck on the road, the girl died on the spot. The accident was so horrific that the front and rear tires of the truck trampled over the girl and her body was scattered on the road. On the spot, the weeping mother collected the parts of her child's body from the road and covered it with a sheet and kept it on the side of the road. Everyone was shocked to see this accident. The police reached the spot and took possession of the truck and started the investigation. Police station in-charge Nadaun Neeraj Rana said that the police has registered a case and started action against the driver and sent the body of the girl to the Medical College and Hospital Hamirpur for postmortem.
हमीरपुर युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अश्विनी कुमार ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा की इस महामारी के दौर में सरकार अपना मानसिक संतुलन पूरी तरह से खो चुकी है। एक तो इस महामारी की वजह से चारों तरफ युवा लोग बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और दूसरी तरफ महामारी के डर के साए में जीने को मजबूर हैं। अश्विनी कुमार ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में रखी गई 42 स्टाफ नर्स को आज बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, जबकि उनको पुरस्कृत किया जाना चाहिए था कि उन्होंने महामारी के समय में अपनी जान हथेली में रखकर हमीरपुर के कोविड मरीजों की देखभाल की और उनका ख्याल रखा और दूसरी लहर को जल्द से जल्द खत्म करने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन आउटसोर्सिंग के नाम पर उनको फिर आज बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब इस समय महामारी का समय चल रहा है और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा चाहिए ऐसे समय में स्वास्थ्य विभाग से किसी भी स्वास्थ्य कर्मी को निकालना सरकार की अदूरदर्शिता को दर्शाता है युवा कांग्रेस स्टाफ नर्सज के साथ खड़ी है और सरकार से गुजारिश करती है कि जल्द से जल्द इन स्टाफ नर्स को बहाल किया जाए,अन्यथा युवा कांग्रेस मेडिकल कॉलेज के सामने धरना प्रदर्शन करेगी।
महंगाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने मोदी सरकार पर तंज कस्ते हुए कहा कि चंद चहेते उद्योगपतियों के अरबों रूपए के ऋण माफ कर उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए सरकार ने जनता के पैसे का दुरुपयोग किया और अब हर चीज पर टैक्स बढ़ाकर जनता से ही उस धनराशि की वसूली की जा रही है। जनता को बदले में महंगाई ही मिली है, जबकि सरकार चुनाव के समय चंद उद्योगपतियों से मिली मदद का कर्ज उतारने में लगी हुई है। जारी प्रैस विज्ञप्ति में विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा अच्छे दिन आने का ढिंढोरा पीटती थी, लेकिन जनता को अच्छे दिनों की जगह पुराना समय जरूर दोबारा याद आ गया है, जब गरीब तबका नमक के साथ रोटी बड़े चाव से खाता था और अब मजबूरीवश रोटी के साथ नमक निगल रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, सरसों का तेल से लेकर प्रत्येक खाद्य वस्तु के दाम आसमान छू रहे हैं, जिस कारण लोगों को अपना खानपान बदलना पड़ रहा है। पैट्रैल-डीजल के दाम हर रोज बढ़ाए जा रहे हैं, लेकिन भाजपा के नेता व उनके अंधभक्त भी सरकार को कुछ कहने की बजाय जनता को ही कोसने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केंद्र में भाजपा नेता वर्षों तक राज करने की शेखी बघारते फिरते हैं, जबकि जनता द्वारा चुनी सरकार राज करने के लिए नहीं, अपितु जनता का दुख-दर्द बांटने के लिए चुनी जाती है। फिर भी अगर भाजपा राज करने में ही शान समझती है तो उन्हें याद रखना चाहिए कि राजा अपनी प्रजा को सुखी एवं समृद्ध जीवन देने के लिए बनाया जाता है, न कि उन्हें परेशान और उनका दमन करने को। ऐसे असफल राजा को स्वयं ही गद्दी छोड़कर अपनी जनता से माफी मांगनी चाहिए।
भोरंज : स्वास्थ्य खंड भोरंज में 18 से 44 वर्ष तक की आयु के लोगों का कोरोना टीकाकरण अभियान सुचारू रूप से चलाया जा रहा है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कालिया ने बताया कि भोरंज खंड में उक्त आयु वर्ग के 1476 लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं। प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर प्रतिदिन 100-100 लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। डॉ. ललित कालिया ने बताया कि भोरंज खंड में होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित लोगों से नियमित रूप से संपर्क किया जा रहा है तथा उनके स्वास्थ्य मानकों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि भोरंज खंड में होम आइसोलेशन में रह रहे 180 लोगों को प्रदेश सरकार की ओर से होम आइसोलेशन किट भी प्रदान की गई है।
सुजानपुर: कोरोना काल में सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के मार्गदर्शन में सर्वकल्याणाकारी संस्था व ब्लॉक कांग्रेस दिन-रात एक कर बखूबी पूरा कर रहे हैं। सोमवार को भी विधायक राजेंद्र राणा के निर्देश पर संस्था व पार्टी पदाधिकारियों द्वारा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मति टीहरा के गांव डोडरू निवासी जुल्फी राम को आक्सीजन कंसन्ट्रेटर उपलब्ध करवाया, जिसकी सलाह चिकित्सकों ने उन्हें दी थी तथा संबंधित व्यक्ति के परिवार ने विधायक राजेंद्र राणा को इससे अवगत करवाया। संस्था के जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर ने बताया कि महामारी में संकट की ऐसी घड़ी किसी के ऊपर भी आ सकती है, लेकिन हमें घबराना नहीं है तथा इसे मिलजुलकर एक परिवार की तरह लड़कर इसे हराना है। उन्होंने कहा कि विधायक राजेंद्र राणा के दिशानिर्देशानुसार संस्था व पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर से रोजाना ऐसे लोगों की जानकारी ले रहे हैं तथा जरूरत के मुताबिक सहायता दी जा रही है। इस दौरान उनके साथ संस्था व पार्टी के महासचिव डा. अशोक राणा, पूर्व बीडीसी मेंबर कृष्ण, सर्व कल्याणकारी संस्था के युवा विंग के ब्लॉक सुजानपुर के अध्यक्ष रजत कुमार और अन्य लोग भी मौजूद रहे ।
कोरोना महामारी के दौरान देश भर में बढ़ी गरीबी, बेरोजगारी व तंगहाली पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने चिंता जताई है। राणा ने कहा कि देश वर्तमान में बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहा है। ऐसे समय में हमें भविष्य को देखते हुए रणनीति बनानी होगी। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राजेंद्र राणा ने कहा की सरकार को वैश्विक समस्याओं सहित बेरोजगारी व आर्थिक समस्याओं से निपटने के लिए अहंकार व भेदभाव छोड़कर सोच बदलनी होगी। राणा ने कहा कि कोरोना काल में हजारों बच्चे अनाथ हुए हैं, जबकि इससे पहले अन्य रोगों व विभिन्न कारणों से अभिभावकों को खोने के कारण अनाथ बच्चों की संख्या भी लाखों-करोड़ों में है। वहीं लाखों लोगों का रोजगार छिन जाने से उन्हें रोजी-रोटी के लिए तरस रहे हैं। ऐसी भयानक स्थिति में इन परिवारों व उनके बच्चों के हित में नीति बनाई जानी जरूरी है। कहीं ऐसा न हो कि भुखमरी का शिकार बनकर बच्चे परिवार को आर्थिक संबल बनाने के लिए बाल श्रम के गर्त में गुम हो जाएं। राणा ने चिंता जताई है कि बाल श्रम में पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 10 बच्चों में से एक बच्चा हमारे देश का है। वर्ष 2011 के संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन की रिपोर्ट के अनुसार भारत में 1 करोड़ से ज्यादा बच्चे बाल श्रम से जुड़े हैं जोकि शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वे में खुलासा हुआ है कि राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों व व्यवसायिक कोर्सों में कन्याओं की कम संख्या भी कम हुई है तो उच्च शिक्षा के लिए बच्चों की संख्या में इजाफा तो हुआ है, लेकिन उनके अनुपात में शिक्षकों की संख्या बहुत कम हो गई है। देश के भावी भविष्य को देखते हुए इस पर भी आत्ममंथन की जरूरत है। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि इस समय कोरोना महामारी सबसे बड़ी आपदा है, जिसे जड़ से खत्म करने के लिए बड़े स्तर पर नीति निर्धारण करने की जरूरत है, लेकिन इस मामले में भी वाहवाही लूटी जा रही है, जबकि कोई नीति स्पष्ट नहीं हो रही है। अगर महामारी से सही नियोजित नीति के तहत न निपटा गया तो गरीबी, बेरोजगारी आदि मसले हल कैसे होंगे। इसके लिए एम्स व कोरोना संबंधी राष्ट्रीय कार्यबल द्वारा बड़े पैमाने पर अंधाधुंध व अपूर्ण टीकाकरण पर दिए गए सुझावों पर केंद्र सरकार को अमल करना चाहिए, ताकि वैक्सीन की कमी भी न हो और टीकाकरण भी बेहद सरल तरीके से हो सके।
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बेटी की लव मैरिज से खफा उसके परिजनों ने ससुराल वालों की जमकर पिटाई की है । बेटी के घरवालों ने पंजाब से आकर हमीरपुर में परिवार पर यह कहर बरपाया है। ससुराल के तीन लोगों के सिर फोड़ दिए और पूरे शरीर पर बुरी से तरह से जख्म दिए। जानकारी के अनुसार, हमीरपुर के वार्ड-5 के युवक ने लुधियाना की लडकी से लव मैरिज की। इसके बाद दोनों घर आ गए। लडकी के परिजनों को इनकी शादी पर एतराज था। इस वजह से आधी रात को परिजनों ने हमीरपुर आकर ससुरालियों से मारपीट की। घायलों में पिता प्रेम चंद, भाई सुमित कुमार, बहन ज्योति कुमारी का उपचार टांडा मेडिकल कालेज में चल रहा है। वहीं, नवविवाहित युवती को वह साथ ले गए हैं। प्रत्यषदर्शियों के अनुसार, रात करीब ढाई बजे पंजाब के लुधियाना से बीस लोगों ने पहुंच कर मारपीट की है। लोगों ने डडे लिए थे और दरवाजा नहीं खोलने पर दरवाजा और खिडकियां भी तोड़ डाली। बाद में परिवार वालों से मारपीट की, गंभीर रूप से घायल हुए तीनों लोगों को हमीरपुर मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया। जहां से उन्हें हालत बिगडने पर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हमीरपुर पुलिस ने भी मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हमीरपुर एचएचओ प्रशांत ठाकुर ने बताया कि आधी रात को मारपीट की घटना हुई है और इस घटना में तीन लोगों को गंभीर रूप से चोटें पहुंची है, जिनका इलाज चल रहा है। आरोप है कि मायका पक्ष के लोगों ने मारपीट की है और लडकी को साथ ले गए हैं। पुलिस ने 452,323 और 147,149, 427 आइ्रपीसी धारा के तहत मामला दर्ज किया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
पुलिस थाना घुमारवीं के तहत गांव अंदरोली डाकघर छत में जहरीला पदार्थ निगलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान शक्ति सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है की शक्ति सिंह ने गलती से कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे बरठीं स्थित अस्पताल लेकर आए। उसके बाद उसे आइजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मृत्यु हो गई। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
पद्मश्री अवार्डी मिल्खा सिंह की देखभाल आजकल हिमाचल के हमीरपुर की रहने वाली कोरोना योद्धा डॉ. शिवानी चंदेल कर रही हैं। डॉ. शिवानी चंदेल पीजीआई चंडीगढ़ के मेडिसन विभाग में विशेषज्ञ के पद पर सेवारत हैं। इसी अस्पताल में भारत के सबसे तेज धावक रहे मिल्खा सिंह उपचार के लिए भर्ती हैं। कोरोना संक्रमण के कारण तबीयत खराब होने पर मिल्खा सिंह को गत दिवस पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती किया गया है। डॉ. शिवानी चंदेल की माता बीना कपिल हमीरपुर नगर परिषद और चबूतरा जिला परिषद वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं। बीना कपिल वर्तमान में हिमाचल भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में हैं। बीना कपिल ने कहा कि उनकी बेटी कोरोना महामारी के इस दौर में पीजीआई चंडीगढ़ में सेवाएं दे रही हैं, जोकि गर्व का विषय है। कैप्टन मिल्खा सिंह का उपचार करने वाली शिवानी चंदेल हमीरपुर की रहने वाली हैं। उन्होंने अपने स्कूल स्तर की शिक्षा हमीरपुर के एक निजी स्कूल में ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा कांगड़ा से एमबीबीएस की पढ़ाई की। एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक हमीरपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊहल में सेवाएं दीं। लेकिन इसी बीच उनका चयन पीजीआई चंडीगढ़ में स्नातकोत्तर के लिए हो गया। यहां पर एमडी मेडिसन की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉ. शिवानी चंदेल पीजीआई चंडीगढ़ में ही सेवाएं दी रही हैं। वे यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से लोगों को विभिन्न बीमारियों के लक्षण और उनसे बचाव समेत स्वास्थ्य के बारे में जागरूक करती रहती हैं।
हमीरपुर: कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद हमीरपुर उपमंडल की विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगर परिषद हमीरपुर के कुल 9 मकानों को मिनी कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं और ये आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। आदेशों के अनुसार नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर-3 प्रतापनगर, वार्ड नंबर-10 रामनगर, ग्राम पंचायत उखली के वार्ड नंबर-7 गांव फाफन, ग्राम पंचायत टिक्कर डिडवीं के वार्ड नंबर-2 गांव कधरियाणा, नालटी पंचायत के गांव देयोहग, बस्सी झनियारा पंचायत के वार्ड नंबर-3 गांव छाल बुहला, पुरली पंचायत के वार्ड नंबर-1 गांव पुरली, इसी पंचायत के वार्ड नंबर-5 भराईयां दी धार और डुग्घा पंचायत के वार्ड नंबर-2 गांव डुग्घा खुर्द का एक-एक मकान मिनी कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। एसडीएम की ओर से जारी अन्य आदेशों के अनुसार हमीरपुर उपमंडल की विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगर परिषद हमीरपुर के कुल 49 मकानों में मिनी कंटेनमेंट जोन की पाबंदियां समाप्त कर दी गई हैं। एसडीएम ने बताया कि इन मकानों में पिछले कई दिनों से कोरोना संक्रमण का कोई भी नया मामला नहीं मिलने पर इन्हें मिनी कंटेनमेंट जोन से बाहर करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय भी तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
कोरोना महामारी के संकट में विधायक राजेंद्र राणा अपने विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश के अन्य विस क्षेत्रों में भी राहत कार्यों में योगदान देने के पीछे नहीं रहे हैं। शुक्रवार को सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा की अगुवाई में हमीरपुर मेडिकल कालेज में 50 आक्सीजन रैगुलेटर मुहैया करवाए इस दौरान कालेज प्राचार्य व चिकित्सा अधीक्षक भी मौजूद रहे। इसके अलावा शहर के साथ लगते घनाल व नादौन विस क्षेत्र के धनेटा निवासी व्यक्ति को उनकी जरूरत को देखते हुए 1-1 आक्सीजन कंसन्ट्रेटर मुहैया करवाया। घनाल व धनेटा के दोनों मरीज हमीरपुर मैडीकल कालेज में उपचाराधीन हैं। पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह समय आपदा का है तथा इस समय हमारा कर्तव्य है कि बिना भेदभाव जहां व जिस क्षेत्र में भी जरूरत हो, वहां पर तुरंत सहायता पहुंचाएं। संकट की इस घड़ी और महामारी की आपदा में किसी को भी अवसर तलाश नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह समय राजनीति का नहीं अपितु निस्वार्थ भाव से जनसेवा करने का है। कांग्रेस पार्टी कभी भी पीड़ितों और जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु पीछे नहीं हटी व आगे भी हमारे कार्यकर्ता सदैव हर जरूरतमंद की मदद के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे देश के संविधान में जनता के अधिकारों का विशेष उल्लेख है, जिसके लिए जनप्रतिनिधियों की जबावदेही व जिम्मेवारी बनती है कि जनता की अपेक्षा के अनुरूप खरा उतरें। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि बेशक प्रदेश सरकार के हाथ खाली हैं और सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं, सरकारी मैडीकल कालेजों व अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को संभालने तथा उनमें सुविधाएं देने में असमर्थ हो रही है, लेकिन जनप्रतिनिधि होने के नाते हम अपने कर्तव्य को नहीं भूले हैं। उन्होंने कहा कि यह समय ही इतना कठिन है कि जितनी मदद कर सकें, वो भी नाकाफी लग रही है। अपनों से बिछुड़ने का दर्द क्या होता है, वो समझते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर किसी भी व्यक्ति को किसी सहायता की जरूरत है तो वे बेझिझक उनसे संपर्क करें। इस मौके पर उनके साथ बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार, कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन अभिषेक राणा, सुजानपुर ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, हमीरपुर ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पटियाल, सर्वकल्याणकारी संस्था के जिलाध्यक्ष लेख राज ठाकुर, जिला कांग्रेस के महासचिव व सर्वकल्याणकारी संस्था के ब्लॉक अध्यक्ष जगजीत ठाकुर, जिला कांग्रेस के महासचिव व सर्वकल्याणकारी संस्था नादौन के ब्लॉक अध्यक्ष होशियार सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव शहनशाह व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश सरकार पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया है कि इस सरकार में जबावदेही लेने की संस्कृति पनपी ही नहीं है। अगर कोई व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए तो उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस समय स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना चाहिए था, लेकिन सरकार का विजन ही कमजोर व आधारहीन बन गया है। जारी प्रैस विज्ञप्ति में राजेंद्र राणा ने चिंता जाहिर की कि हिमाचल के 3 प्रमुख मैडीकल कॉलेजों में सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा नहीं है। हमीरपुर में 8 महीनों से मशीन खराब पड़ी है, जबकि चंबा में मशीन की खरीद बजट के फेर में फंसी हुई है, जिसके लिए 10 करोड़ रूपए एन.जे.पी.सी. ने दिया हुआ है तथा 5 करोड़ रूपए और देने को तैयार है। केवल 5 करोड़ रूपए सरकार से चाहिए और आर्डर प्लेस हो जाएगा। बाकायदा इसके लिए 3 माह पहले टैंडर भी हो चुका है, फिर भी विडंबना यही है कि सरकार की लापरवाही जारी है और कोई भी फैसला में असमर्थ रही है। उन्होंने कहा कि टांडा मेडिकल कालेज में भी मशीन 7 महीनों से खराब है, लेकिन नई मशीन की खरीद पर सरकार अंतिम फैसला तक नहीं ले पा रही है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि पिछले सप्ताह होने वाली बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा मगर हुआ नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार ने टैंट (तिरपाल) से तैयार होने वाले 200 बिस्तर वाले मेक शिफ्ट अस्पताल जिला मंडी, कांगड़ा व सोलन में अस्थाई बनाए हैं, ताकि ज्यादा मरीज होने पर उन्हें उपचार के लिए यहां शिफ्ट किया जाए। यहां प्रति बिस्तर प्रतिदिन का किराया 1950 रूपए है। ऐसे समय में जब होटल जगत पूरी तरह तबाह हो चुका है, करोड़ों रूपए खर्च कर ऐसे अस्थाई अस्पताल बनाने की बजाए निजी होटलों को इस काम के लिए हायर करना चाहिए था, होटल उद्योग बर्बाद होने से उबरते और होटलों के जरिए आजीविका कमा रहे लाखों परिवारों का भी भला होता।
जनसंघ और जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह के निधन पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। चौधरी अमर सिंह से जुड़ी स्मृतियों को सांझा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बेहद सरल व्यक्तित्व के धनी थे। मेवा विधानसभा की कर्मभूमि पर साधारण परिवार से संबंध रखने वाले चौधरी अमर सिंह दो बार विधायक रहे। उन्होंने बताया कि चौधरी अमर सिंह जनसंघ की टिकट पर चुनाव जीत कर 1967 से 1972 तक मेवा के विधायक रहे तो दूसरी बार वह जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर 1977 से 1980 तक विधायक रहे। प्रोफेसर धूमल ने कहा कि चौधरी अमर सिंह गांव और गरीब के सच्चे हमदर्द थे। मेवा क्षेत्र के विकास में चौधरी अमर सिंह की भूमिका को लम्बे समय तक याद रखा जाएगा, यह बात कहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने उनकी आत्मा की शांति के लिए और उनके परिजनों को यह दुख सहने की ताकत प्रदान करने के लिए प्रार्थना की। पूर्व मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल के चेयरमैन रमाकांत शर्मा के निधन पर भी दुख व्यक्त किया है। प्रोफेसर धूमल ने कहा कि रमाकांत शर्मा एक सुयोग्य वकील थे। रमाकांत शर्मा के रूप में एक नेक इंसान और काबिल वकील का इस दुनिया से चले जाना अत्यंत दुखदाई है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री ये दावा कर रहे है कि दिसम्बर, 2021 तक देश के सभी नागरिकों को कोरोना महामारी का टीकाकरण का काम कर दिया जाएगा जबकि वैक्सीन दवा कंपनियों के दावे कुछ और हैं। इससे ही साबित होता है कि सरकार के मंत्री ही भ्रम की स्थिति जनता में फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में 2 कंपनियां वैक्सीन बनाने का काम कर रही है, जिसमें सीरम कंपनी कोविशील्ड व भारत बायोटेक कोवैक्सिन का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि सिरम कंपनी ने दावा किया है कि वह दिसम्बर, 2021 तक 60 करोड़ वैक्सीन तैयार कर लेगी, वहीं भारत बायोटेक का दावा है कि दिसम्बर, 2021 तक 70 करोड़ बना लेगी। उन्होंने कहा कि अगर इन दोनों वैक्सीन निर्माता कंपनियों के दावे पर भी विश्वास करे तब भी हर नागरिक को 2 बार वैक्सीन लगने पर 50 प्रतिशत आबादी को ही टीकाकरण मुकम्मल हो पाएगा, जबकि सिरम कंपनी ने वैक्सीन विदेशों में भी भेजने का करार किया है। उन्होंने कहा कि इससे साबित होता है कि केंद्रीय मंत्री देश की जनता के साथ झूठ बोल रहे हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार के चुनावों के दौरान बिहार में मुफ्त टीकाकरण की घोषणा की थी और चुनावों के बाद लोगों को अपने हाल पर छोड़ दिया। उन्होंने इस बात को लेकर भी अफसोस जाहिर किया कि देश की जनता को वैक्सीनेशन लगाने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है और वैक्सीन पूरा नहीं हो रहा है, जबकि देश के प्रधानमंत्री खुद को महान साबित करने के लिए वैक्सीन 123 देशों में भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को ऐसी घड़ी में पहाड़ी राज्यों की खुलकर मदद करनी चाहिए और प्रदेश सरकार को भी केंद्र सरकार से विशेष पैकेज लेने की वकालत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज टीकाकरण करने के लिए जो सरकार का ऑनलाइन सिस्टम है, वो 2 मिनट में फुल हो जाता है और लोगों को कोसों दूर गाड़ियां करके टीका लगवाना पड़ रहा है, इस प्रक्रिया को ठीक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि 60 साल की उम्र से ज्यादा ऐसे कितने लोग हैं, जिन्हें अभी तक वैक्सीनेशन नहीं हो पाया है। सरकार को चाहिए कि पहाड़ी राज्य होने के नाते फुल्ली एक्विपपड़ वैनस तैयार करके गांव-गांव जाकर टीकाकरण करना चाहिए क्योंकि कई बजुर्ग लोग पैदल नहीं चल सकते हैं, उन्हें भी टीका लग सके।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश रोड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पैंशन न मिलने से ये परिवार परेशान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस मामले को लेकर विभाग को दिशानिर्देश दें कि उन्हें समय पर पैंशन व भत्ते मिलें, ताकि यह लोग अपने परिवार का पालन पोषण कर सके। राजेंद्र राणा ने बताया कि एचआरटीसी के लगभग 6700 परिवार ऐसे हैं, जो पैंशन धारक है जिन्हें समय पर पैंशन नहीं मिल रही है। सेवानिवृत्त परिवारों ने उनसे संपर्क किया कि सरकार न तो उन्हें समय पर पैंशन दे रही है और न ही उन्हें डीए का एरियर दिया गया। साथ ही उन्हें मैडीकल बिल्स की री-इन्वेस्टमैंट भी नहीं मिल रही है, जिससे पूर्व कर्मचारियों व उनके परिवारों में रोष पनप रहा है। उन्होंने चिंता जाहिर की कि अगर ऐसे ही हालात रहे तो एचआरटीसी को सरकार कहीं बंद ही न कर दे। सरकार को चाहिए कि ऐसे हालातों में केंद्र से मदद ले और विभाग को बचाने के लिए एचआरटीसी को फंड उपलब्ध करवाएं।
सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा ने शनिवार को ग्राम पंचायत जंदड़ू के सुखाणी गांव में एक व्यक्ति को पटलांदर स्थित अपने निवास स्थान पर ऑक्सीजन कंसन्ट्रेट प्रदान किया। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उन्हें घर पर ऑक्सीजन लेने की सलाह दी गई है। ऐसे में विधायक राजेंद्र राणा ने तुरंत उनके लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था की ताकि मरीज को समय पर इलाज मिल सके। ग़ौरतलब है कि इससे पहले भी भी इलाक़े में स्थित कई जगह राणा ने मरीज़ों को ऑक्सीजन कंसन्ट्रेट मुहैया करवाए हैं। राणा ने बताया कि कोरोना महामारी का यह समय एक संकट की घड़ी होने के साथ-साथ एकजुटता दिखाकर का इसका सामना करने का भी है। इसलिए ऐसे समय में हम सभी का दायित्व है कि मिलकर एक दूसरे के काम आएं, जरूरतमंद को समय पर सहायता पहुंचाई जाए। इलाक़े में कहीं पर भी इलाज हेतु किसी पीड़ित को सहायता की आवश्यकता हो तो हम उसके लिए हर संभव प्रयास करने के लिए तैयार हैं। राणा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे समय पर आप सब लोग सुरक्षा नियमों का पालन दृढ़ता से करें और अपने साथ-साथ आसपास वालों को भी इस महामारी से सुरक्षित रखें। राणा ने हिमाचल प्रदेश सरकार से भी मांग की है कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए और समय पर हर पीड़ित को इलाज और स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाई जाएं। इस अवसर पर कांग्रेस सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिषेक राणा भी मौजूद रहे।
कोरोना महामारी के चलते प्रदेश में सुजानपुर विस क्षेत्र सबके लिए मिलजुलकर कोरोना महामारी से लगने कि मिसाल पेश कर रहा है। इसी बाबत विधायक राजेंद्र राणा के दिशानिर्देशानुसार कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन अभिषेक राणा व उनकी टीम ने सुजानपुर विस क्षेत्र के 13 बूथों पर जाकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर जरूरत के मुताबिक ऑक्सीमीटर, मास्क, सेनिटाइजर व खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई। अभिषेक राणा ने बताया कि जनता को इस समय एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है, ताकि जल्द इस महामारी से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के साथ जहां से भी सहायता की जानकारी मिल रही है, वहां मदद की जा रही है, क्योंकि यह समय सामाजिक अपनत्व व सहयोग का है। इस दौरान उनके साथ संस्था के जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर, सुजानपुर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, व महासचिव डा. अशोक राणा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने आम आदमी की आर्थिक स्थिति को दयनीय बना दिया है और लोग अब रोजी रोटी के लिए भी मोहताज हो गए हैं परंतु सरकार की तरफ से इन लोगों को कोई राहत ना मिलने से इनमें निराशा व हताशा की स्थिति बनी हुई है। लिहाजा सरकार को पूरी संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। आज यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि जब पिछले साल कोरोना महामारी की पहली लहर आई थी, तब लोगों ने लॉकडाउन के दौरान अपना रोजगार खोने के बावजूद अपनी पिछली पाई -पाई करके जोड़ी बचत से ही परिवार का पालन पोषण किसी तरह से कर लिया था लेकिन महामारी की दूसरी लहर ने आम आदमी की आर्थिक स्थिति को पूरी तरह से पटरी से उतार दिया है और काम धंधे बंद होने की वजह से कई लोग निराशा में आकर अपनी जीवन लीला भी समाप्त कर चुके हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि आज चाहे छोटा दुकानदार हो , टेक्सी वाला हो, टेंट लगाने वाला हो, गांव में छोटा-मोटा सैलून चलाने वाला हो , शादियों में बैंड बजाने वाले हो , घोड़ी वाले हों या धाम बनाने का काम करने वाले हों, कई लोग रोजगार से हाथ धो बैठे, छोटे बड़े व्यपारियों पर बैंकों का खतरा मंडरा रहा है। हर वर्ग आज भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। इस कठिन समय में लोगों की जमा पूंजी खत्म हो चुकी है। लोग बैंक के कर्ज़ों की किस्ते नहीं भर पा रहे हैं । ऊपर से महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार को तुरंत इन सभी वर्गों को राहत देने के लिए संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए और आम आदमी को कष्ट से उबारना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर से भी आग्रह किया कि वे इन सभी वर्गों के लिए राहत पैकेज का ऐलान करें और रोजगार गवा कर निराश बैठे लोगों के रोजगार की तुरंत व्यवस्था करें ताकि आम आदमी और गरीब आदमी के घर में चूल्हा जलता रहे।
बुधवार को कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन अभिषेक राणा ने सुजानपुर विस क्षेत्र की पुराने बमसन के 18 बूथों पर जाकर पार्टी व सर्वकल्याणकारी संस्था के मुख्य कार्यकर्ताओं से मुलाकात की व कोरोना संक्रमितों के लिए आक्सीमीटर, मास्क व सेनिटाइजर के साथ जरूरतमंद परिवारों के लिए खाद्य सामग्री दी। इस दौरान कोरोना पाजीटिव मरीज के लिए आक्सीजन कंसन्ट्रेटर भी प्रदान किया। अभिषेक राणा ने क्षेत्र के लोगों का कुशलक्षेम पूछने के साथ हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि लोग कोरोना एडवाइजरी का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि विधायक राजेंद्र राणा के दिशा-निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ पर जाकर लोगों का कुशलक्षेम पूछने के साथ आवश्यक उपकरण व चीजें मुहैया करवाई जा रही है तथा हिदायतें भी दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यावश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें तथा दो गज की आवश्यक दूरी, मास्क लगाकर व सेनिटाइजर लेकर ही बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि यह समय खुद के बचाव के साथ दूसरों को भी इस महामारी से दूर रखने का है। उन्होंने कहा कि यह हम सबके सामूहिक प्रयासों से ही संभव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों व किसी बीमारी से ग्रसित लोगों को इस महामारी से बचाने के लिए विशेष एहतियात बरतने की आवश्यकता है। इस दौरान उनके साथ संस्था के जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर, सुजानपुर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, व महासचिव डा. अशोक राणा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
होम आइसोलेशन में रहने वाले कोविड-19 संक्रमितों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली विशेष होम आइसोलेशन किट का वितरण हमीरपुर जिला में भी प्रारंभ कर दिया गया है। जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में यह किट्स प्रदान करने का अभियान आज बुधवार से शुरू हो गया। जिला मुख्यालय हमीरपुर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से स्थानीय विधायक श्री नरेंद्र ठाकुर ने होम आइसोलेशन किट्स बांटने का यह अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश सरकार कोविड-19 महामारी के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए कई ठोस कदम उठा रही है। इसके परिणाम स्वरूप प्रदेश में अब कोविड-19 के नए मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं और यह प्रदेश सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि यह होम आइसोलेशन किट घर में पृथकवास कर रहे संक्रमित लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। प्रत्येक किट में होम आइसोलेशन में रहे रहे रोगियों के लिए निर्देशिका, थर्मामीटर, च्यवनप्राश, काढ़ा, सेनिटाइजर, मास्क, मल्टीविटामिन, कैल्शियम, विटामिन-सी तथा जिंक की गोलियां, आयुर्वेदिक दवाई कुदनीर, मुख्यमंत्री का पत्र, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ सन्देश का कार्ड और सभी वस्तुओं की सूची शामिल है। विधायक ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि कोविड-19 महामारी से बचाव एवं सावधानियों के बारे में समय-समय पर जारी सरकार के निर्देशों का अनुपालन अवश्य करें। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी नागरिक डॉ. चिरंजी लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. अग्निहोत्री भी उपस्थित थे। उधर, भोरंज विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक कमलेश कुमारी ने बीएमओ भोरंज ललित कालिया की उपस्थिति में कोरोना किट लांच की । इस अवसर पर विधायक कमलेश कुमारी ने मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर का इस सराहनीय सोच के लिए धन्यवाद व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि इस किट में थर्मामीटर, काढा, च्यवनप्राश, सैनिटाइजर, मास्क व आवश्यक दवाइयो का किट तथा होम आइसोलेशन की निर्देशक पुस्तिका भी है । उन्होंने कहा कि जो सिंप्टोमेटिक पेशेंट है उनको यह किट प्राथमिकता के आधार पर दी जाएगी ताकि वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें । साथ ही उन्होंने विभाग को भी निर्देश दिए कि यह किट आशा वर्कर के माध्यम से शीघ्र अति शीघ्र कोरोना पीड़ित व्यक्ति तक पहुंचे । साथ ही उन्होंने होम आइसोलेशन में रह रहे सभी लोगों से आह्वान किया कि वे पूर्णतया होम आइसोलेशन का पालन करें और जो दवाइयां स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से दी जा रही हैं उनका स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार सेवन करें । इस अवसर पर मंडल महामंत्री अशोक ठाकुर चमन ठाकुर भी उपस्थित थे । नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने इसके वितरण का विधिवत शुभारंभ किया और इस पहल के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इसके वितरण के लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बड़सर विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के प्रदेश समन्वयक नवीन शर्मा को उपमंडल अधिकारी बड़सर प्रदीप कुमार के माध्यम से यह किट आगामी वितरण हेतु प्रदान की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक बलदेव शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यह किट आगामी वितरण हेतु प्रदान की और आग्रह किया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आशा वर्करों के माध्यम से सभी पात्र लोगों तक समय पर यह किट उपलब्ध करवाई जाए। उधर, ए.पी.एम.सी. हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा ने बुधवार को नागरिक अस्पताल सुजानपुर में प्रदेश सरकार द्वारा कोविड-19 से संक्रमित मरीजों को दी जाने वाली होम आइसोलेशन किट लांच की। इस अवसर पर उन्होंने विभाग के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिए कि इस होम आइसोलेशन किट को कोविड-19 मरीजों के घर जाकर उनको दें और यह सुनिश्चित करें कि इस किट में दी गई विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्यवर्धक वस्तुओं का उपयोग मरीजों द्वारा किया जाए, ताकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाई जा सके। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी नागरिक शिल्पी बेक्टा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ रमेश डोगरा, जिला परिषद सदस्य सदस्य कैप्टन रंजीत ठाकुर, सुजानपुर भाजपा मंडल के महामंत्री पवन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कृषि क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषक हितैषी योजनाएं किसानों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, अदरक विकास योजना, उत्तम चारा उत्पादन योजना तथा बीज गांव योजना जैसी कई योजनाएं किसानों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में अपनी महत्ती भूमिका निभा रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत जिला में गत वर्ष दो करोड़ रुपए से अधिक की राशि व्यय की गई है। उत्तम चारा उत्पादन योजना प्रदेश के किसानों को चारा उत्पादन में विभिन्न सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से प्रारम्भ की गई है। इस योजना के अंतर्गत खरीफ एवं रबी मौसम में उगायी जाने वाली चारे की फसलों के बीज अथवा चारा काटने की मशीन पर 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। हमीरपुर जिला में वर्ष 2020-21 में इस योजना के अंतर्गत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। इस अवधि में जिला के किसानों एवं पशुपालकों को 2,115 क्विंटल चरी, 1,156 क्विंटल बाजरा, 209 क्विंटल बरसीम तथा लगभग 1,923 क्विंटल जवी का बीज अनुदानित दरों पर उपलब्ध करवाया गया। प्रदेश सरकार द्वारा कृषि विभाग के माध्यम से संचालित की जा रही अदरक विकास योजना एवं बीज गांव योजना के प्रति भी किसान काफी रूचि दिखा रहे हैं। अदरक विकास योजना के अंतर्गत गत वित्तीय वर्ष में हमीरपुर जिला में राइजोम सड़न रोग प्रबंधन पर 100 प्रदर्शनी प्लाट एवं चार किसान प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। योजना में आवंटित लगभग दो लाख रुपए की राशि विभिन्न मदों पर व्यय की गई है। बीज गांव योजना के अंतर्गत किसानों को गेहूं का बीज अनुदानित दरों पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। वर्ष 2020-21 में जिले में इस योजना के अंतर्गत 2,250 क्विंटल गेहूं का बीज किसानों को अनुदान पर वितरित किया गया। योजना के तहत जिला में गत वित्त वर्ष में 16 लाख रुपए से अधिक की राशि व्यय की गई है। इसके अतिरिक्त मिट्टी की गुणवत्ता सुधारते हुए उत्पादन में वृद्धि के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का बेहतर क्रियान्वयन यहां सुनिश्चित किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत वर्ष 2020-21 में जिले में 3,624 मृदा नमूनों का परीक्षण करने के उपरांत इन सभी किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार संतुलित खादों का उपयोग करने के लिए गत वर्ष 122 प्रशिक्षण शिविर तथा 121 प्रदर्शनी प्लाट लगाए गए। योजना के अंतर्गत जिला में गत वित्त वर्ष में लगभग 37 लाख रुपए की राशि व्यय की गई है। उपायुक्त देबश्वेता बनिक का कहना है कि दैनिक कृषि कार्यों में सहायक इन योजनाओं का त्वरित एवं समयबद्ध लाभ जिला के सभी पात्र किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए कृषि विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला हमीरपुर में कर्फ्यू के चलते बेरोजगार हुए व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने में आया है। व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव की घिरड के तौर में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार ड्राइवर का काम करता था, लम्बे समय से कोई काम न मिलने के कारण अंत में परेशान हो कर सुरेश कुमार ने घर पर ही फंदा लगा लिया। जब परिजनों ने सुरेश को फंदे पर लटका हुआ देखा तो पुरे घर में मातम पसर गया उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
सुजानपुर, 25 मई : 1971 भारत-पाक युद्ध के वीर चक्र विजेता सेवानिवृत कर्नल पंजाब सिंह का सोमवार को कोरोना से निधन होने पर सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा, कांग्रेस सोशल मीडिया के अध्यक्ष अभिषेक राणा, ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष सूबेदार मदन लाल, सूबेदार मस्त राम गुलेरिया, सूबेदार अनंत राम, कर्नल शीतल कुमार गुप्ता, कर्नल सुदीप सत्संगी, कर्नल यशवंत सिंह सहित तमाम आर्मी के अधिकारियों व पूर्व अधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है। विधायक राजेंद्र राणा ने बताया कि कोरोना होने के कारण कर्नल पंजाब सिंह आर्मी अस्पताल चंडी मंदिर चंडीगढ़ में उपचाराधीन थे। अभी 4 दिन पहले उनके इंजीनियर बेटे की भी दिल्ली में कोरोना से मौत हो गई थी। कर्नल पंजाब सिंह हमीरपुर जिला की बमसन ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिकांदर पंचायत के रहने वाले थे तथा वे हमीरपुर शहर के वार्ड नं. 7 में रहते थे। 6 सिख रैजीमैंट बटालियन के कर्नल पंजाब सिंह ने 1971 भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तान बॉर्डर पर छंब घाटी पर मोर्चा संभाला था और इसे पाक से जीता था।
हमीरपुर, 25 मई : मंगलवार को कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन अभिषेक राणा ने सुजानपुर विस क्षेत्र के 33 बूथों पर जाकर पार्टी व सर्वकल्याणकारी संस्था के मुख्य कार्यकर्ताओं से मुलाकात की व जरूरत अनुसार कोरोना संक्रमितों के लिए आक्सीमीटर दिए। साथ ही, कोरोना पाजीटिव मरीजों जिन्हें आक्सीजन की जरूरत है, उनके बारे में आक्सीजन कंसन्ट्रेटर देने के लिए जानकारी ली। साथ ही, मास्क व सेनिटाइजर के साथ जरूरतमंद परिवारों के लिए खाद्य सामग्री भी दी गई। उन्होंने कहा कि विधायक राजेंद्र राणा के दिशानिर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र में किसी भी चीज की कमी आड़े आने नहीं दी जाएगी। इस दौरान उनके साथ सुजानपुर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, संस्था के जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर व महासचिव डा. अशोक राणा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बता दें कि कोरोना महामारी की शुरूआत से ही पिछले साल से अभिषेक राणा स्वयं सुजानपुर विस क्षेत्र में राहत कार्यों को पारिवारिक सदस्य बनकर अंजाम देने के साथ जनता का कुशलक्षेम भी जान रहे हैं, ताकि किसी भी व्यक्ति या परिवार को कोई समस्या या परेशानी न हो।
जिला हमीरपुर में कोरोना मामलों को लेकर पहले स्थान पर रहे बमसन क्षेत्र में सुजानपुर ब्लाक कांग्रेस व सर्वकल्याणकारी संस्था तत्काल संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की मदद के लिए पहुंच रहे हैं। स्वयं कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन अभिषेक राणा अपनी टीम के साथ पंचायतों में दस्तक दे रहे हैं। सोमवार को बमसन क्षेत्र के 25 बूथों में अभिषेक राणा ने संस्था व कांग्रेस के मुख्य कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा आक्सीमीटर प्रदान किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि क्षेत्र में जिन कोरोना पाजीटिव मरीजों को आक्सीजन की आवश्यकता होगी, उन्हें ऑक्सिजन कंसन्ट्रेटर भी प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान अभिषेक राणा ने क्षेत्र के लोगों का कुशलक्षेम पूछने के साथ उन्हें कोविड महामारी के दौरान एहतियात बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इस महामारी से बचने का सबसे बढ़िया तरीका एक-दूसरे से दूरी बनाकर रखना है, लेकिन परस्पर सामाजिक सहयोग व सकारात्मक सोच अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि विधायक राजेंद्र राणा के दिशानिर्देशानुसार संस्था व पार्टी की टीमें लोगों की जरूरी मदद कर रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बेवजह घरों से बाहर न निकलें। अगर किसी तरह की सहायता चाहिए या कोई समस्या हो तो विधायक राजेंद्र राणा, उनसे या फिर संस्था व पार्टी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से संपर्क करें। संस्था व कांग्रेस पार्टी हर समय लोगों की सेवा में तत्पर है। इस दौरान उनके साथ सुजानपुर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, संस्था के जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर व महासचिव डा. अशोक राणा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कोरोना संकट में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना बनी वरदान, हमीरपुर जिला में 42,437 पात्र परिवारों को दो माह तक मुफ्त अनाज किया जा रहा प्रदान हमीरपुर, 24 मई। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से प्रारम्भ की गई प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का प्रदेश सहित हमीरपुर जिला में त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। जिला में 42,437 पात्र परिवारों को इससे लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान 1,62,874 जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क राशन उपलब्ध करवाने की दृष्टि से यह योजना वरदान साबित हो रही है। यह हैं योजना के लाभार्थी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत चयनित राशनकार्ड धारक इस योजना के लिए पात्र हैं जो योजना के माध्यम से 5 किलो अनाज मुफ्त में प्राप्त कर सकते हैं। इस वर्ष योजना के तहत मई व जून में यह अन्न वितरित किया जा रहा है। इस योजना की विशेष बात यह है कि पात्र राशनकार्ड में जितने लोगों के नाम दर्ज हैं, उनमें से प्रत्येक सदस्य को 5 किलो अनाज (जिसमें तीन किलोग्राम गेहूं एवं दो किलोग्राम चावल) प्रदान किया जा रहा है। यह अनाज प्रतिमाह मिलने वाले अनाज से अलग होगा। कल्याणकारी योजनाओं का त्वरित क्रियान्वयन किया सुनिश्चित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल एवं गतिशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस तरह की कल्याणकारी योजनाओं के त्वरित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ पात्र लोगों को समय पर मिले, इसके लिए राज्य सरकार की ओर से ठोस कदम उठाए गए हैं। जिला में मुफ्त अनाज का आवंटन जारी जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शिवराम राही ने बताया कि योजना के तहत हमीरपुर जिला में मई, 2021 माह के लिए गंदम का 501 मिट्रिक टन का आवंटन किया गया है। यह गंदम सभी डिपो होल्डर्स को आगे पात्र परिवारों को वितरण हेतु भेजा जा चुका है। इस माह के अंतिम सप्ताह तक इसका वितरण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, मई माह के लिए जिला को इस योजना में 353 मिट्रिक टन चावल का आवंटन किया गया है। चावल की यह मात्रा भी आगे पात्र उपभोक्ताओं तक वितरण के लिए डिपो होल्डर्ज के माध्यम से भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत जून, 2021 के लिए हमीरपुर जिला को 486 मिट्रिक टन गंदम एवं 342 मिट्रिक टन चावल का आवंटन फिलहाल किया गया है। इसकी लिफ्टिंग की प्रक्रिया भी प्रारम्भ कर दी गई है, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर अनाज की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। योजना का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा सुनिश्चित उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार हमीरपुर जिला में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लोगों को समय पर इस योजना का लाभ प्रदान करने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों से योजना का भरपूर लाभ उठाने का आग्रह किया है।
कोरोना काल में पिछले कुछ समय से हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में चल रही रक्त की कमी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन एवं उपचाराधीन मरीजों व उनके परिजनों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। इस समस्या को समझते हुए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में चल रही रक्त की कमी को दूर करने का फ़ैसला लिया है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर एवं प्रदेश भाजपा के दिशानिर्देशों पर हमीरपुर जिला भाजयुमो ने मेडिकल कॉलेज में रक्तदान की कमान संभाल ली है। इसी कड़ी में सोमवार को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में भाजयुमो द्वारा एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें कि 32 भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में जरूरत पड़ने पर मरीजों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई है। इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष अजय रिंटू शर्मा ने बताया कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में हर रोज भाजयुमो रक्तदान करवाएगा। केवल यही नहीं अन्य आपात परिस्थितियों में भी किसी को भी जरूरत पड़ने पर किसी भी ग्रुप का रक्त भाजयुमो तुरंत उपलब्ध करवाएगा। भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने बताया कि रविवार को कोई पार्टी की एक वर्चुअल बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं प्रदेश भाजपा की तरफ से उन्हें दिशा निर्देश मिले थे कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में यदि किसी भी तरह की कोई रक्त की कमी जैसी समस्या पेश आ रही हो तो भाजयुमो अपने कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित कर इस समस्या को दूर करने में अग्रणी भूमिका निभाएं। अजय रिंटू ने बताया कि भाजयुमो इससे पहले भी समय-समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन जिला में करते आया है अभी हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के जन्मदिवस पर भाजयुमो ने एक बहुत बड़े रक्तदान शिविर का आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देश पर भाजयुमो कार्यकर्ता गांव-गांव घर-घर में जाकर सैनिटाइजर बांटने मास्क बांटने सैनिटाइज करने के के अलावा कोरोनावायरस से पीड़ित मरीजों को फल बांटने और अगर कोई परिवार पॉजिटिव आने के कारण आइसोलेशन में रखा गया है तो उनको जरूरत की सभी वस्तुएं उनके घर द्वार तक पहुंचाने का काम भी कर रहे हैं । अजय मिंटू ने कहा कि यदि कोई परिवार पॉजिटिव होने के कारण आइसोलेशन में होने की वजह से किसी भी समस्या का सामना कर रहे हैं तो वह भाजयुमो से संपर्क करें उनका हर संभव सहयोग किया जाएगा।
कोरोना महामारी के इस दौर में लोगों की सेवा में लगी सर्वकल्याणकारी संस्था व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सेनिटाइजर व खाद्य सामग्री वितरीत करने का कार्य लगातार जारी है। जहां कहीं भी मदद की जरूरत हो रही है, कार्यकर्ता बिना समय गंवाए वहां तत्काल राहत पहुंचा रहे हैं। सेवा की लड़ी टूटे न, कोई घर छूटे न, इसी सेवाभाव से कार्यकर्ता फील्ड में जुटे हुए हैं। संस्था के जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर ने बताया कि इसी कड़ी में संस्था व पार्टी की गठित टीमों ने सुजानपुर विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत डेरा के गांव धरसाल, रंगड़ पंचायत के नागलंबर, बनोह, धैल ग्राम पंचायत के चमियाणा व भटीण, ग्राम पंचायत री के भलाणा में सैनिटाइजर किया। साथ में भटीण, चलोह, छनेड़, रछो, नागलंबर व धैल में 16 जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री भी वितरित की। इस दौरान कोरोना नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने बताया कि विधायक राजेंद्र राणा के निर्देशानुसार सुनिश्चित किया गया है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार आपदा की इस घड़ी में मदद से छूटे नहीं। इसी ध्येय के साथ सभी टीमें गांव-गांव पहुंचकर मदद पहुंचा रही हैं।
राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कोरोना महामारी के दौरान लोगों को राहत प्रदान करने हेतु अपनी विधायक निति से टौणी देवी व सुजानपुर सिविल अस्पताल के लिए दो एंबुलेंस तुरंत खरीदने के लिए धनराशि जारी कर दी है। उन्होंने कहा है कि इस महामारी के दौर में रोगियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाना सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है और वर्तमान स्थिति की गंभीरता और लोगों के स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने विधायक निधि से 2 एंबुलेंस स्वीकृत की हैं जिसके लिए पैसे जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे गंभीर मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा और समय पर उसका इलाज शुरू हो सकेगा। इन दोनों एंबुलेंस में बेसिक सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में सैनिटाइजेशन अभियान तो युद्ध स्तर पर चलाया ही जा रहा है , साथ ही लाखों रुपए की लागत से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था भी की गई है जो कोरोना संक्रमित होने के बाद होम आइसोलेशन में रह रहे उन लोगों के लिए वरदान साबित होंगे जिनका तेजी से ऑक्सीजन लेवल गिरने पर स्थिति गंभीर होने लगती है। राणा ने आगे बताया कि लोगों की सुविधा के लिए हजारों मास्क , सैकड़ों ऑक्सीमीटर, कई लीटर सैनिटाइजर का भी सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में वितरण किया ही जा रहा है। राजेंद्र राणा ने कहा कि मुश्किल भरे इस समय में लोगों को सिर्फ भगवान भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। पीड़ित मानवता और जरूरतमंदों की सेवा करना शुरू से ही उनका लक्ष्य रहा है और राजनीति में भी वह सेवा के उद्देश्य से ही आए हैं। उन्होंने कहा पार्टी के कार्यकर्ता और सर्व कल्याणकारी संस्था के स्वयंसेवी भी दिलो जान से फील्ड में जरूरतमंदों के मददगार बने हुए हैं। राणा ने बताया कि अपने विधानसभा क्षेत्र में वह जरूरतमंदों की सहायता करने का हर संभव प्रयास करेंगे और साथ ही राज्य सरकार एवं हर राजनीतिक पार्टी के विधायकों से गुहार लगाई कि यह समय पीड़ितों की मदद करने का है। इसीलिए अधिक से अधिक लोगों की सहायता करें और कुछ समय के लिए गैर जरूरी खर्चों पर भी राज्य सरकार लगाम लगाए ताकि उन पैसों से संसाधन जुटाए जा सकें और बीमार लोगों की जान को बचाया जा सके
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष राजकुमारी ठाकुर ने केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि मेडिकल उपकरण व जरूरी सामग्री भेजकर अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर जिला को राहत पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंचे इन मेडिकल उपकरणों एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सामग्री के द्वारा कोरोना महामारी का दंश झेल रहे हमीरपुर वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में भी जब जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जब ऑक्सीजन सिलेंडरों की कमी से कोविड पीड़ितों को पेश आ सकने वाली समस्या के बारे में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री को अवगत करवाया था तब भी उन्होंने दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडरों की खेप हमीरपुर भिजवाई थी। और एक बार फिर उन्होंने जिला प्रशासन से हमीरपुर जिला में स्वास्थ्य के क्षेत्र में पेश आ रही समस्याओं और कमियों के बारे में जानकारी लेकर दिल्ली से ना केवल हमीरपुर जिला के लिए बल्कि समूचे प्रदेश के 12 जिलों के लिए मेडिकल उपकरण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सामग्री की खेत भिजवाई है जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि अनुराग ठाकुर के सहयोग से एवं प्रदेश सरकार जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग शिफ्ट प्रयासों से हमीरपुर जिला जल्द ही कोरोना मुक्त होगा।
नागरिक अस्पताल टौणी देवी को समर्पित कोविड स्वास्थ्य केंद्र बनाने की अधिसूचना जारी कि गयी जिसके चलते उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने अस्पताल का निरिक्षण किया। उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत कोविड केंद्रों में बिस्तर क्षमता को और सुदढृ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिक अस्पताल टौणी देवी को समर्पित कोविड स्वास्थ्य केंद्र (डीसीएचसी) बनाने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इस डीसीएचसी की क्षमता 50 बिस्तरों की होगी। डॉ.सुनील वर्मा को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी बाबत उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल टौणी देवी पहुंचकर वहां प्रदान की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर यहां प्रदान की जाने वाली सेवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। देवश्वेता बनिक ने कहा कि जिला में कोरोना संक्रमितों के बेहतर उपचार के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। जिला में स्थापित कोविड केंद्रों में बिस्तर क्षमता बढ़ाने के साथ ही अन्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी जितेंद्र सांजटा, उपमंडलाधिकारी (ना.) डॉ. चिरंजी लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. अग्निहोत्री एवं डीसीएचसी के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा भी उपस्थित थे।
राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर पहली खेप हमीरपुर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचा दी जाएगी। महामारी के दौरान पीड़ितों की मदद करने के लिए कांग्रेस पार्टी के दिशा निर्देशानुसार दिए गए दायित्व पर सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से कोरोना महामारी के दौरान जनता की बढ़-चढ़कर मदद करने के लिए जो निर्देश व दायित्व पार्टी द्वारा हमें दिए गए हैं, उनकी पूरी मुस्तैदी के साथ अनुपालना करते हुए जनकल्याण अभियान चलाया जा रहा है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में तो सर्व कल्याणकारी संस्था के स्वयंसेवियों और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मिलकर सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया है। प्रतिदिन चार - चार टीमें इस काम में लगी हुई हैं। अब लोगों की सुविधा के लिए हजारों मास्क , सैकड़ों ऑक्सीमीटर, कई लीटर सैनिटाइजर का भी वितरण किया ही जा रहा है। इसके अलावा पहले चरण में लाखों रुपये की लागत से 10 ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर की व्यवस्था भी की गई है ताकि कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन सुविधा प्रदान की जा सके। राजेंद्र राणा ने कहा कि आज देश में कोरोना संक्रमण के शिकार लोग ऑक्सीजन की कमी होने व समय पर ऑक्सीजन सुविधा न मिलने के कारण काल का ग्रास बन रहे हैं। उन्होंने कहा की कोरोना से ग्रस्त लोगों खासकर बुजुर्गों का ऑक्सीजन लेवल तेजी से गिरने की वजह से कई बार स्थिति अत्यंत गंभीर हो जाती है और जान बचाने के लिए ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत पड़ जाती है। इसलिए कांग्रेस पार्टी की ओर से हिमाचल प्रदेश में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे बुजुर्ग रोगी जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया जाता है और घर मे ऑक्सीजन लेवल गिर जाता है, तो ऐसी आपात स्थिति में यह ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उनके लिए वरदान साबित होंगे। उन्होंने साथ ही आग्रह भी किया कि स्वास्थ्य में राहत मिलने पर यह ऑक्सीजन कंसंट्रेटर वापस लौटा दें ताकि अन्य जरूरतमंद रोगियों के लिए इनका इस्तेमाल किया जा सके । राजेंद्र राणा ने कहा कि सैकड़ों ऑक्सीमीटर भी इलाके में वितरित किए जा रहे हैं ताकि प्रभावित लोग अपने ऑक्सीजन लेवल को चेक कर सकें और ऑक्सीजन लेवल में कमी आने पर समय रहते उपचार करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस सामग्री की पहली खेप जिला में जल्दी पहुंचाई जा रही है। यही नहीं महामारी से जूझते लोगों की सुरक्षा किटों के साथ मदद करते हुए जरूरतमंदों को राशन भी पहुंचाया जा रहा है व आगे के लिए भी इसके पुख्ता इंतजाम भी किए जा रहे हैं। राजेंद्र राणा ने एक कोरोना हेल्पलाइन नंबर भी साझा किया ताकि जिला के पांचों हलकों में किसी को भी मदद की जरूरत पड़ती है और अगर डॉक्टर किसी मरीज को ऑक्सीजन सपोर्ट की अनुशंसा करते हैं , तो उस हेल्पलाइन नंबर पर लोग संपर्क कर सकें। उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन नंबर 81469 89983 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा महामारी के इस संकट के दौर में पार्टी कार्यकर्ता व सर्व कल्याणकारी संस्था के स्वयंसेवी अपने सामाजिक सरोकार निभाने और जरूरतमंदों की मदद करने से पीछे नहीं हटेंगे। राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह इतिहास रहा है कि संकटपूर्ण समय में वह हमेशा चट्टान की तरह जनता के साथ खड़ी रही है और जरूरतमंदों की सेवा से उसने कभी हाथ पीछे नहीं खींचे हैं। उन्होंने कहा सर्व कल्याणकारी संस्था का एकमात्र लक्ष्य पीड़ित और जरूरतमंदों की सेवा करना है। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिषेक राणा भी मौजूद रहे और युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए अभिषेक राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी व सर्व कल्याणकारी संस्था मिलकर हिमाचल में कोरोना पीड़ितों व आम जनता की सेवा कर रही है और इसी सिद्धांत पर आगे चलकर हमारी पार्टी व संस्था का हर स्वयंसेवी और कार्यकर्ता जनकल्याण में पूर्ण निष्ठा से भागीदारी देता रहेगा
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयास से हमीरपुर में लगने वाला ऑक्सीजन प्लांट अहमदाबाद से हुआ रवाना
सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से हमीरपुर में लगने वाले पीएसए ऑक्सीजन प्लांट अहमदाबाद से रवाना हो गया है। इस बात की जानकारी भारतीय जनता पार्टी के ज़िला अध्यक्ष बलदेव शर्मा व भाजपा ज़िला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने दी।बलदेव शर्मा व अंकुश शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के इस मुश्किल समय में ना सिर्फ़ हमीरपुर संसदीय क्षेत्र बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को अनुराग ठाकुर द्वारा बड़ी मदद मिली है। कोरोना की इस दूसरी लहर में मरीज़ों के लिए ऑक्सीजन की उपयोगिता को देखते हुए अनुराग ठाकुर ने अपने निजी प्रयासों से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के ऊना में 500 एलपीएम, हमीरपुर व बिलासपुर में 120-120 एलपीएम के ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगवा रहे है। जिससे इस संसदीय क्षेत्र के सभी 5 ज़िलों को लाभ मिलेगा। हमीरपुर के आयुर्वेदिक कॉलेज में लगने वाले 140 एलपीएम का पीएसए ऑक्सीजन प्लांट गुजरात के अहमदाबाद से हमीरपुर के लिए निकल चुका है। इस महीने के अंत तक यह ऑक्सीजन प्लांट इंस्टाल हो जाएगा। जिससे कोरोना मरीज़ों को बड़ी मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि पिछले कल ही दिल्ली से सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की मोबाइल मेडिकल यूनिट तमाम मेडिकल उपकरण व सहायता सामग्री लेकर ज़िला मुख्यालय पहुँची है। कोरोना से निपटने के लिए अनुराग ठाकुर द्वारा किए गए इन उपायों के लिए उन्होंने उनका आभार प्रकट किया है।
कोरोना के जोखिम के बीच मीडिया बड़ी जिम्मेदारी से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का कर्तव्य निभा रहा है। कोविड-19 के खतरों के बारे में जागरूकता फैलाने, कोविड-19 सेफ्टी गाइडलाइंस के बारे में लोगों को अवगत कराने, सरकार के दिशा निर्देशों और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी जनजन तक पहुंचाने और कोरोनाकाल में उपजी कई समस्याओं को उजागर कर मीडिया जगत के लोगों ने बहुत ही समझदारी और तत्परता से काम किया है। हालांकि इस दौरान कई मीडिया कर्मी इस महामारी की चपेट में भी आए हैं। कोरोना की लड़ाई में वॉरियर्स की तरह जोख़िम उठा कर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे पत्रकारों को स्वास्थ्य की दृष्टि से सुरक्षित रखने हेतु केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली से पत्रकारों के लिए कोरोना सेफ्टी किट भेजी हैं। निश्चित तौर पे यह सेफ्टी किट समाज के चौथे स्तंभ को निर्विघ्न रूप से कोरोना के विरुद्ध लड़ी जा रही लड़ाई में अपनी भूमिका निभाने में सहायक सिद्ध होंगी। हमीरपुर के पत्रकारों को अनुराग ठाकुर द्वारा भेजी गई सेफ़्टी किट पहुंचाने के उपरांत जानकारी देते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने बताया कि इस सेफ़्टी किट में पत्रकारों के लिए सेनेटाइजर, 3 प्लाई मास्क, एन 95 मास्क, स्टीमर, ग्लव्स, काड़ा , विटामिन- सी के टेबलेट्स, च्वनप्राश जैसी जरूरी चीज़े है। पत्रकारों ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का धन्यवाद व्यक्त किया।
हमीरपुर, 18 मई : सर्व कल्याणकारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के दिशानिर्देशानुसार सर्वकल्याणकारी संस्था एवं कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर सुजानपुर में जनसेवा का कार्य युद्ध स्तर पर जारी रखा है। इसी कड़ी में इन दिनों, जहां भी कोरोना संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं, उस क्षेत्र में संस्था व पार्टी के कार्यकर्ता जाकर संबंधित क्षेत्र को सैनिटाइज कर कोरोना संक्रमित प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री मुहैया करवा रहे हैं। संस्था के जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को सुजानपुर विस क्षेत्र के विभिन्न इलाकों घलोटा, खिऊंद,चमियोला, त्याल, चकरीयाणा, जिड़, थडा़, वार्ड नं 5 सुजानपुर व व्यास पुल के पास पुलिस की चेकिंग पोस्ट में जाकर सैनिटाइजेशन किया। व पटलांन्दर में 17 परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। विधायक राजेंद्र राणा ने बताया कि संस्था के माध्यम से यह कार्य तब तक जारी रहेगा, जब तक की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आती। उन्होंने जनता से भी आग्रह किया कि कोविड-19 एडवाइजरी का पूरी तरह पालन करें तथा बेवजह घर से बाहर न निकलें। इसी दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, जिला इंटक के महासचिव रमेश चंद, जिला परिषद सदस्य सुमना देवी, रजत राणा उपस्थित रहे।
सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा है कि हाल ही में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों व बागवानों की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है और किसान बागवान सरकार की तरफ उम्मीद से टकटकी लगाए बैठे हैं लिहाजा सरकार को फौरन आपदा प्रबंधन फंड से इनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए और अविलंब राहत प्रदान करनी चाहिए। राजेंद्र राणा ने कहा कि किसानों व बागवान आज दोहरी मार झेल रहे हैं। एक तरफ खादों व कीटनाशक के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं और ऊपर से डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने किसानों की आर्थिक स्थिति पतली कर दी है। रही सही कसर प्राकृतिक आपदा ने पूरी कर दी है। उन्होंने कहा कि खेती बाड़ी और बागवानी ही किसान व बागवान की आय का स्रोत है, जिस पर प्रकृति की मार पड़ी है। राजेंद्र राणा ने कहा कि सरकार को फौरन किसानों व बागवानों के लिए राहत पैकेज का ऐलान करना चाहिए और आपदा प्रबंधन के तहत इन्हें जितनी जल्दी हो सके, मुआवजा प्रदान करना चाहिए क्योंकि आपदा प्रबंधन के तहत केंद्र से भी पर्याप्त मात्रा में फंड मिलते हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि आज कोविड महामारी के इस दौर में मजदूरों, टैक्सी चालकों , छोटे दुकानदारों व पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों की रोजी-रोटी बुरी तरह से प्रभावित हुई है। देश के विभिन्न राज्यों में प्राइवेट सेक्टर में काम करके अपनी जीविका चलाने वाले प्रदेश के हजारों नौजवान बेकार होकर अब घर बैठ गए हैं। संकट की इस घड़ी में सरकार को इन सभी वर्गों को राहत प्रदान करनी चाहिए ताकि इनके परिवारों में चूल्हा जलता रहे।
राजनैतिक लाभ की महत्वकांक्षाओं और योजनाओं को भूल कर तथा नफे और नुकसान के गणित को दरकिनार कर जिस प्रकार से कोविड-19 के इस वैश्विक संकट में हिमाचल वासियों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिल्ली से भरपूर मदद केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भेज रहे हैं, वह साबित करता है कि हिमाचलीयों की सेवा ही हिमाचल के छोकरे का परम धर्म है। जबकि दूसरी और अभी भी कई नेता जनता जनार्दन को भूलकर अभी भी अपनी राजनीति साधने के निमित्त मात्र काम कर रहे हैं। हमीरपुर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने यह बात कही है। सदैव लीक से हटकर राजनीति करने वाले अनुराग ठाकुर ने जिस प्रकार प्रदेश के 12 जिलों को संसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की सातारा एंबुलेंस शो में भरकर स्वास्थ्य उपकरण एवं कोविड-19 के लिए जरूरी सामान भेजा है, उस सेना का केवल हिमाचल वासियों का प्रेम उन्हें प्राप्त हुआ बल्कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी उनकी पीठ थपथपाई है। भले ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाता व हिमाचल प्रदेश से ही हो लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की शाबाशी और हिमाचल वासियों का प्यार निश्चित रूप से अनुराग ठाकुर को एक ऊंचे मुकाम तक पहुंचाएगा। गौरतलब है कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कोविड-19 संक्रमण के फ़ैले हुए प्रकोप के बीच रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी से हरी झंडी दिलवा कर हिमाचल के सभी जिलों को मेडिकल उपकरण व सहायता सामग्री की खेप भेजी है। भेजे गए मैडिकल उपकरणों और सामग्री में तीन लाख थ्री प्लाइ मास्क, पचास हज़ार एन-95 मास्क, पच्चीस हज़ार ग्लव्स, दस हज़ार फ़ेस शील्ड , सात हजार पीपीई किट्स, छ: हज़ार ऑक्सीजन मास्क, बत्तीस सौ एआरएम, डेढ़ हज़ार ऑक्सीजन रेगुलेटर और ढाई सौ नेजल कैनुला शामिल हैं। अनुराग ठाकुर की पहल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी सराहते हुए इससे हिमाचल में कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई को बल मिलने की बात कही है। जिला मीडिया प्रभारी ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र के लिए कोविडकाल में भेजी गई , बहुत ही उपयोगी मेडिकल उपकरण व आवश्यक सामग्री की मदद भले ही आम जनता को समझना मुश्किल हो लेकिन स्वास्थ्य के क्षेत्र से जुड़े लोगों को अच्छी प्रकार से पता है कि यह मदद कितने व्यापक स्तर पर प्रदेशवासियों के काम आएगी। बहरहाल अनुराग ठाकुर भी इससे मदद से कोई राजनीतिक लाभ लेने की इच्छा नहीं रखते लेकिन फिर भी ना केवल हमीरपुर को बल्कि पूरे हिमाचल को हिमाचल के छोकरी पर नाज है।
हमीरपुर :सर्व कल्याणकारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा कोरोना महामारी के संक्रमण के इस दौर में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सेनेटीजेशन अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और गरीब आदमी की मदद के लिए हाथ बंटाने पर उनकी पीठ थपथपाई है और इस अभियान को जारी रखने का आह्वान भी किया है। राजेंद्र राणा नेे कहा कि सेवा भाव ही संस्था का सर्वोच्च लक्ष्य है और इसी मूल मंत्र को सामने रखकर सर्व कल्याणकारी संस्था पिछले 20 सालों से समाज के कमजोर वर्गोंं, महिलाओं ,अबलाओं व जरूरतमंदों की सेवा को पूरी तरह समर्पित रही है। उन्होंने कहा कोरोना महामारी के इस दौर से वैसेे तो समाज का हर तबका और पूरा दश प्रभावित हुआ है लेकिन समाज का गरीब तबके के लिए यह स्थिति कहर बनकर आई है। इसलिए उन्होंने पिछले दिनों वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संस्था के पदाधिकारियों सदस्यों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित करके उनसे यह आह्वान किया था कि संकट की इस घड़ी में सर्वाधिक प्रभावित होने वाले समाज के गरीब तबके की मदद के लिए हाथ बढ़ाएं और स्वयं को भी सुरक्षित रखते हुए ऐसी परिवारों की सहायता करें ताकि संकट की इस घड़ी में वे स्वयं को अकेला महसूस ना करें। राजेंद्र राणा ने कहा कि उनके इस आह्वान पर संस्था के स्वयंसेवकों ने इलाके में सैनिटाइजेशन अभियान तो शुरू किया ही है, साथ ही जरूरतमंदों की मदद के लिए भी स्वयंसेवी आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा सर्व कल्याणकारी संस्था का यह इतिहास रहा है कि उसने कभी भी पीड़ित मानवता की मदद से अपनेेेे हाथ पीछे नहीं खींचे।
हमीरपुर 13 मई सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा कहां है कि कोविड महामारी की इस लहर में जब देश में स्थितियां बद से बदतर होती जा रही हैं और स्वास्थ्य सेवाओं का जनाजा उठ गया है , ऐसे में पीएम केयर्स के वेंटिलेटर कहीं खराब पड़े हैं तो कहीं धूल खा रहे हैं जिसका खामियाजा गंभीर रोगियों को अपनी जान गंवा कर चुकाना पड़ रहा है। आज यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि 27 मार्च 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री राहत कोष पहले से मौजूद होने के बावजूद कोविड-19 को देखते हुए पीएम केयर्स फंड का ऐलान करते हुए देशवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग देने की अपील की थी। प्रधानमंत्री की इस अपील पर देश हित को सामने रखते हुए देश की कई जानी-मानी हस्तियों और औद्योगिक घरानों के अलावा देश की जनता ने भी पीएम केयर फंड में खुलकर रकम दान की थी। सरकारी विभागों और सार्वजनिक निगमों में लोगों की सैलरी का कुछ हिस्सा काटकर पीएम केयर्स में डोनेट किया गया था। राजेंद्र राणा ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि इस फंड से जो हजारों वेंटिलेटर खरीदे गए थे, उनमें से अधिकांश या तो धूल फांक रहे हैं या फिर खराब पड़े होने के कारण उनका इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा देश के विभिन्न अस्पतालों में ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की भारी कमी के चलते हजारों लोग अपनी जान गवां चुके हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि आज देश भर में हालत यह हो गई है कि कई जगहों से इन वेंटिलेटरों के ठीक से काम न करने की शिकायतें मिल रही हैं तो कहीं प्रशिक्षित स्टाफ़ की कमी के कारण वेंटिलेटर धूल फांक रहे हैं। कहीं वायरिंग ख़राब है तो कहीं एडॉप्टर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आज महामारी के इस दौर में देश के अस्पतालों में जो मंज़र है, उसके लिए 'भयावह' शब्द भी छोटा है। एक-एक साँस के लिए तड़पकर दम तोड़ने वालों की ख़बरें हर दिन मीडिया में प्रकाशित होने से जनता का मनोबल भी टूट रहा है और देशवासी खुद को ईश्वर भरोसे महसूस कर रहे हैं । राजेंद्र राणा ने कहा कि अब तक पीएम केयर्स फंड में कितने पैसे जुटे और उन पैसों का क्या हुआ , इसकी जानकारी भी देश की जनता को नहीं मिल पा रही क्योंकि सरकार ने इस फंड को आरटीआई एक्ट के दायरे से बाहर रखा है। राजेंद्र राणा ने कहा कि 18 मई 2020 को प्रधानमंत्री के सलाहकार भास्कर कुल्बे ने स्वास्थ्य मंत्रालय को एक चिट्ठी लिखकर पीएम केयर्स फ़ंड से दो हज़ार करोड़ की रक़म से 50 हज़ार 'मेड इन इंडिया'वेंटिलेटर्स का ऑर्डर दिए जाने की जानकारी दी थी जबकि स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मार्च 2020 के अंत में ही वेंटिलेटर ख़रीदने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी थी। उन्होंने कहा कि यह सब कुछ आनन-फानन में हुआ और वेंटीलेटरों की गुणवत्ता का भी कोई पैमाना तय नहीं किया । राजेंद्र राणा ने कहा कि इससे यह आशंका पनपती है कि वेंटिलेटर खरीद की आड में कहीं ना कहीं गोलमाल हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे वेंटिलेटर लगातार खराब निकलने और बेकार पड़े होने की खबरें लगातार मीडिया में आ रही हैं, जिससे सरकार की नीति व नीयत पर भी सवाल उठ रहे हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि कोरोना महामारी के इस भयावय दौर में भी देश की जनता की जान की रक्षा करने की वजह मोदी सरकार को अपनी इमेज संवारने की पड़ी है। उन्होंने कहा पूरी दुनिया देख रही है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में स्वास्थ्य सुविधाएं पाताल में चली गई हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने स्वर्गीय जगदेव चंद ठाकुर की धर्मपत्नी एवं हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर की माता राजकुमारी ठाकुर जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रो० धूमल ने कहा कि राजकुमारी ठाकुर जी के निधन का समाचार सुना जो बहुत दुख:द है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंगलवार को सुजानपुर विधानसभा के दोनों सिविल अस्पतालों एवं सभी स्वास्थ्य केंद्रों में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल तथा केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पीपीई किट्स एवं मास्क वितरित करवाए। इस अवसर पर प्रो० धूमल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लगे वीर कोरोना योद्धाओं की अथक मेहनत और कड़ी तपस्या निश्चित रूप से सफल होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर ने विश्व भर में जो कहर बरपाया है वह किसी से छुपा नहीं है, जहां एकदम से कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी है तो वही स्वास्थ्य संस्थानों एवं वहां पर सेवाएं देने वाले कोरोना योद्धाओं पर भी दबाव बढ़ा है। वीर स्वास्थ्य योद्धा अपना वह अपनों का मोह त्याग कर और जोखिम उठाकर दिन-रात स्वास्थ्य संस्थानों में कोरोना से जूझ रहे रोगियों की सेवा करने में उनकी देखभाल करने में लगे हुए हैं। वीर स्वास्थ्य योद्धाओं की तपस्या मेहनत त्याग और हिम्मत का भारतीय जनता पार्टी सम्मान करती है और उनकी ऋणी है। क्योंकि वो सब की हिफाज़त करते हैं तो उन की हिफाजत भी हो सके, इसके लिए कोरोना वायरस का सामना करने हेतु यह सामग्री चिकित्सा संस्थानों के स्वास्थ्य योद्धाओं को उपलब्ध करवाई गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा है कि जब हम सभी जिम्मेदारी समझते हुए कोविड-19 सेफ्टी गाइडलाइंस का अच्छी तरह पालन करेंगे, वैक्सीनेशन करवाएंगे, मास्क का उपयोग करेंगे, सैनिटाइजर का उपयोग करेंगे, समाजिक दूरी रखेंगे, स्वच्छता अच्छी तरह अपनाएंगे और कोरोना कर्फ्यू का पालन करेंगे, तब हमें कोविड महामारी की दूसरी लहर से जीतने से कोई नहीं रोक सकता। गौर तलब है कि मंगलवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के सिविल हॉस्पिटल सुजानपुर और टौणीदेवी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों कुठेड़ा, गुब्बर, ऊटपुर, ऊहल, जंगलबैरी तथा पटलांदर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री की ओर से स्वास्थ्य योद्धाओं को व्यक्तिगत रूप से सुजानपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष विरेंद्र ठाकुर एवं महामंत्री पवन शर्मा द्वारा पीपीई किट्स और मास्क इत्यादि सामग्री बांटी की गई।


















































