हिमाचल: डिपुओं में 7 रुपये सस्ता हुआ सरसों तेल, रिफाइंड के बड़े दाम
हिमाचल प्रदेश के राशन कार्ड धारकों के लिए इस माह राहत की खबर है। उचित मूल्य की दुकानों पर सरसों तेल की कीमत में कमी की गई है। पिछले महीने 160 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला सरसों तेल अब 153 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध होगा। साथ ही, उपभोक्ताओं को इस महीने रिफाइंड तेल भी मिलने की संभावना है। सरकार ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिए हैं। पिछले सात महीनों से राशन डिपो में रिफाइंड तेल उपलब्ध नहीं था। इस बार यह 135 रुपये प्रति लीटर के भाव से दिया जाएगा, जबकि सात महीने पहले इसकी कीमत 125 रुपये प्रति लीटर थी।
अन्य राशन सामग्री में, एपीएल परिवारों को 12 किलो आटा 12 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा। इससे पहले पिछले महीने 11 किलो और उससे पहले 14 किलो आटा दिया गया था। इसके अलावा, प्रति परिवार 6 किलो चावल 13 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश में करीब 19 लाख राशन कार्ड धारकों को उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से सस्ता राशन मिलता है। खाद्य आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल के अनुसार, सरसों तेल के दामों में कमी आई है, जबकि रिफाइंड तेल महंगा हुआ है। रिफाइंड तेल की आपूर्ति के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।
