हिमाचल: प्रदेश में 12 से 14 सितम्बर तक येलो अलर्ट, 4306 करोड़ पंहुचा नुकसान का आकड़ा

प्रदेश में मौसम फिर करवट बदल रहा हैं। पिछले कुछ दिनों से थमी बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत दी थी, लेकिन मौसम विभाग ने फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। बुधवार को राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहे, मौसम विभाग के अनुसार, 11 सितम्बर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद, 12 से 14 सितम्बर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 सितम्बर को ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में कुछ जगहों पर बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश हो सकती है। 13 सितम्बर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट है। 14 सितम्बर को भी ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया हैं। 15 और 16 सितम्बर को बारिश थोड़ी कम होने की संभावना हैं।
इस मॉनसून में प्रदेश को भारी नुकसान हुआ है। अब तक 380 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 लोग लापता हैं और 439 लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, सार्वजनिक संपत्ति को 4306 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वर्षा में कमी आने से भूस्खलन से बाधित सड़कों, ठप बिजली ट्रांसफार्मरों और पेयजल योजनाओं को ठीक करने का काम तेजी से चल रहा है। इसके बावजूद भी बड़ी संख्या में सड़कें और ट्रांसफार्मर अभी भी बंद हैं। मौसम के फिर बदलने से राहत कार्य में बाधा आ रही हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने से बचने की अपील की गई है, क्योंकि भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। सरकार और प्रशासन लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।