हिमाचल के 30वें राज्यपाल होंगे कविंद्र गुप्ता, आज पहुंचेंगे शिमला, कल लेंगे शपथ
हिमाचल प्रदेश के नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता आज शिमला पहुंचेंगे। कल सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर हिमाचल प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह शिमला स्थित राज भवन शिमला में आयोजित होगा। कविंद्र गुप्ता राज्य के 30वें राज्यपाल होंगे। पूर्व राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की विदाई के साथ ही राजभवन में नए राज्यपाल के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आज शाम 6 बजकर 30 मिनट पर राजभवन में उनके स्वागत के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ ब्यूरोक्रेट, सेना और पुलिस के अधिकारी तथा भाजपा नेता मौजूद रहेंगे।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार देर रात शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल और कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया। इससे पहले कविंद्र गुप्ता लद्दाख के उपराज्यपाल रह चुके हैं। उन्होंने 18 जुलाई को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के तीसरे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली थी और करीब नौ महीने तक इस पद पर सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया और उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
कविंद्र गुप्ता आपातकाल के दौरान 13 महीने जेल में भी रह चुके हैं। उनका RSS से गहरा जुड़ाव रहा है और वे मात्र 13 वर्ष की उम्र में ही इससे जुड़ गए थे। वे लगातार तीन बार जम्मू के महापौर भी रहे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के महासचिव के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा 1993 से 1998 तक वे भारतीय जनता युवा मोर्चा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रहे। कविंद्र गुप्ता साल 2014 के विधानसभा चुनाव में गांधी नगर सीट से पहली बार MLA चुने गए थे। इसके बाद, उन्हें विधानसभा स्पीकर चुना गया। उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत विश्व हिंदू परिषद के सेक्रेटरी के तौर पर काम करते हुए हुई थी।
