हमीरपुर आगमन पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत मुख्यमंत्री ने गसोता महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की घोषणा की फर्स्ट वर्डिक्ट। हमीरपुर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला में आगमन पर हमीरपुर में उमड़े जन सैलाब ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर हमीरपुर जिला और अन्य क्षेत्रों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री के समर्थन में हर्षध्वनि से नारेबाजी और पुष्प वर्षा की। हमीरपुर के गांधी चौक में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपार जन समर्थन के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमीरपुर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस एवं सार्थक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में विश्व स्तरीय तकनीक युक्त चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय के पूर्ण होने के उपरांत लोगों को उपचार के लिए एम्स, टांडा, आईजीएमसी तथा अन्य निजी अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग महाविद्यालय खोलने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा हमीरपुर में नया बस स्टैंड निर्मित करने के लिए बजट में धन का समुचित प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने हमीरपुर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इनडोर स्टेडियम खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गसोता महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा और ताल में पशु चिकित्सा महाविद्यालय खोलने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है तथा अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं और कार्यक्रम कार्यान्वित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों की मांग को पूरा करते हुए पुरानी पेंशन बहाल कर दी है। महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह प्रदान करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जो कहा, वह पूरा किया है। प्रदेश सरकार अपने सभी वायदों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजूबत करने के लिए एक हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा। सरकार किसानों से गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर तथा भैंस का दूध 100 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीदेगी। उन्होंने कहा कि वह सत्ता सुख के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं और इसमें सबका सहयोग अपेक्षित है। सामूहिक प्रयासों से ही हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोग उनका परिवार है और प्रदेश सरकार हिमाचल को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है। उन्होंने कहा कि वह 40 वर्षों से भी अधिक समय से जन सेवा से जुड़े हुए हैं और लोगों के सुख-दुःख से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के पहले दिन से ही वंचित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। अनाथ बच्चों की देखभाल के लिए आयु बढ़ाकर 27 वर्ष कर दी है और उन्हें घर बनाने के लिए चार बिस्वा जमीन भी दी जाएगी। साथ ही सरकार उनकी उच्च शिक्षा का खर्च भी उठाएगी। इससे पहले, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वागत किया और उन्हें स्मृति-चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश की जनता सरकार के साथ है। विधानसभा क्षेत्र भोरंज से विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के विकास के लिए उम्मीद की नई किरण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष व जवाबदेह प्रशासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। बड़सर विधानसभा क्षेत्र से विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का जीवन संघर्ष और जन-सेवा की मिसाल है। मुख्यमंत्री आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने के प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा और कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी इस अवसर पर संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अनीता वर्मा, मंजीत डोगरा, कांग्रेस नेता प्रेम कौशल, पुष्पिंदर वर्मा, राजेंद्र जार, उपायुक्त देवश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा, संगठन के पदाधिकारी और भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
कहा, शहर में चलेंगी 15 इलेक्ट्रिक बसें, 9 चार्जिंग स्टेशन किए जाएंगे स्थापित शिवांशु शुक्ला । धर्मशाला धर्मशाला में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा आईटी पार्क के साथ ही अब शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने पर फोकस कर रहे हैं। इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन से धर्मशाला शहर में यातायात को सुगम, प्रदूषण रहित और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी और शहर स्मार्ट बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में कुल 15 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जानी हैं, जिनमें से एक बस एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जा चुकी है। इसके अलावा शहर में 9 चार्जिंग स्टेशन भी लगा दिए गए हैं। सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में बहुत जल्द इलेक्ट्रिक परिवहन सुविधा शुरू हो जाएगी। इससे शहर के उन वार्डों में बस सुविधा मिलेगी, जहां बड़ी गाड़ियां नहीं जा सकती हैं। सुधीर शर्मा ने बताया कि पूर्व में सरकार में मंत्री रहते उन्होंने स्मार्ट सिटी की डीपीआर में इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट को शामिल किया था। उन्होंने बताया कि जल्द ही परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण में मदद करने वाली ये बसें शहर को सही मायने में स्मार्ट बनाएंगी। धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड कंपनी ने फेम इंडिया योजना के तहत इस प्रोजेक्ट को तैयार किया है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला में 10 ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने हैं। 9 ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। इससे ई-वाहन मालिकों को भी जल्द यह सहूलियत मिलनी शुरू हो जाएगी। अभी एक साइट रिज़र्व रखी गई है। धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड कंपनी पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर एचआरटीसी के सहयोग से 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाएगी। इलेक्ट्रिक बस में 15 से 25 सीटें होंगीं, जिसमें दिव्यांग व्हील चेयर के साथ बैठ कर बस में सफर कर सकते हैं। ई-बस एयर सस्पेंशन इन्फ्रास्ट्रक्चर व एयर कंडीशनिंग के चलते अधिक आरामदायक होंगी। यह बसें कम समय में चार्ज होंगी । इलेक्ट्रिक बस फेम-2 (फास्टर अडॉप्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ इलेक्ट्रिक वाहन) के तहत इनका निर्माण करवाया गया है। मैक्लोडगंज बस अड्डे का जल्द हाेगा उद्घाटन सुधीर शर्मा ने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत बने मैक्लोडगंज बस अड्डे का भी जल्द ही परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के हाथों उद्घाटन कराया जाएगा। साथ ही धर्मशाला बस अड्डे का शीघ्र निर्माण कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज राजभवन से संत बाबा नाहर सिंहजी की स्मृति में राज्य रेडक्रॉस समिति को ऑल इंडिया एक्यूपंक्चर फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा दान की गई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने पीड़ित मानवता की सेवा में ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य रेडक्रॉस समिति इसका भरपूर उपयोग करेगा। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा भी उपस्थित थे।
नेहा पराशर। गगरेट दौलतपुर चौक के समीप गांव रायपुर से मानसिक रूप से परेशान गोल्डी पुत्र किशोरी लाल एक फरवरी को घर से निकला था, परंतु वापस नहीं आया, जिसकी ऊंचाई 5 फीट 6 इंच व नीले रंग का पायजामा, काली नीली जाकेट पहनी हुई है। किसी काे भी इसकी कोई सुचना मिले, ताे पुलिस चौकी दौलतपुर अथवा परिवार से 62304-86724 पर संपर्क करें। चौकी प्रभारी शीशपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया की रिपोर्ट दर्ज़ कर युवक की तलाश की जा रही है। युवक के बारे में कोई सुचना मिलने पर चौकी में संपर्क करें।
फर्स्ट वर्डिक्ट। पालमपुर उपमंडल पालमपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सांबा के गांव हल्दरा की आंगनबाड़ी में 'विश्व कैंसर दिवस' के मौके पर एक कैंसर अवेयर्नेस कैंप का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता हैल्थ एवं वैल्नैस सेंटर सपडुल की (सीएचओ) नेहा शर्मा ने की। इस अवसर पर उन्होंने गांव की महिलाओं को कैंसर से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय कैंसर होने की संभावना ज्यादातर होती है। यदि प्रथम चरण में इसकी पहचान कर ली जाए, तो इस घातक बीमारी से बचा जा सकता है। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं को कैंसर से बचने के लिए खान-पान का खास ध्यान रखना चाहिए। संतुलित भोजन ही ग्रहण करना चाहिए। वासी भोजन नहीं खाना चाहिए, इसके साथ-साथ नियमित व्यायाम करना भी अति आवश्यक है। इस कैंप में आशा वर्कर बिंता देवी, आंगनबाडी सहायिका (हल्दरा) सिमरो देवी तथा बहुत सी ग्रामीण महिलाएं उपस्थित यहीं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज ऊना जिला के सुप्रसिद्ध श्रीराधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां में राष्ट्रीय संत बाबा बालजी के सानिध्य में 1 से 13 फरवरी तक चल रहे श्रीमद्भागवत गीता प्रवचन में पहुंचकर संत बाबा बाल जी का आशीर्वाद लिया तथा भव्य शोभा यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वह संत बाबा बाल जी के आभारी हैं, जिन्होंने इस विशाल आध्यात्मिक समारोह में आने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि संत बाबा बाल उत्तर भारत के बड़े संतों में शुमार हैं और लोगों की भी इस पवित्र स्थल से गहरी आस्था है। हर वर्ष हजारों की संख्या में लोग यहां पहुंचकर प्रवचन सुनते हैं और उनका आशीर्वाद ग्रहण करते हैं। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि संत बाबा बाल जी से ऊना जिला के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी हजारों की संख्या में लोग जुड़े हैं। यह आश्रम उत्तर भारत के श्रद्धालुओं की गहन आस्था का केंद्र है तथा ऊना जिला के लिए यह हर्ष व गौरव का विषय है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी मंदिरों के विकास एवं सुधार के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हो सकंे। उन्होंने कहा कि प्रमुख धार्मिक स्थल छिन्नमस्तिका धाम माता श्री चिंतपूर्णी जी में श्रद्धालुओं को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्य शुरू किए गए हैं। चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हवन, प्रसाद, लंगर व जागरण इत्यादि की ऑनलाइन सुविधा प्रदान की जा रही है ताकि मंदिर स्थल पर पहुंचने के पश्चात उन्हें किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि राज्य के इस सुप्रसिद्ध मंदिर में डिजिटल स्क्रीन, सोलर लाईट, कैमरे, रोप-वे, लिफ्ट तथा एस्केलेटर निर्माण के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त चिंतपूर्णी मंदिर में म्यूजियम और माता का बाग का भी निर्माण किया जाएगा। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी मंदिरों में लोगों के दर्शनार्थ बस सुविधा प्रदान करने के लिए एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि राज्य एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सुगमता हो सके। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के लिए बसों की सुचारू सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त वृंदावन व खाटूश्याम धार्मिक स्थलों के लिए भी बस सेवा शुरू की जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर, तहसीलदार हुसन चंद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मनीष । घुमारवीं शिव शक्ति युवक मंडल कवाली टटोह और महिला मंडल टटोह ने आज संयुक्त रूप में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को "विश्व कैंसर दिवस" पर कैंसर के प्रति जागरूक किया। हर वर्ष 4 फरवरी को विश्व में वर्ल्ड कैंसर-डे मनाया जाता है। इसे मनाने का उद्देश्य लोगों को इस बीमारी की पहचान, लक्षण और रोकथाम के बारे में जागरूक करना और इस बीमारी के संकेतों को पहचनाने के लिए जानकारी देना है। बढ़ते प्रदूषण, बदलते पर्यावरण और लाइफस्टाइल में बदलाव के कारण कई तरह की बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे हैं। इनमें से ही एक बीमारी है कैंसर। एक रिपोर्ट के मुताबिक हर साल करीब 10 मिलियन लोगों की मौत कैंसर के कारण होती है, मगर इस बीमारी के प्रति सजग होकर इसे मात दिया जा सकता है। युवक मंडल के प्रधान अभिषेक ठाकुर ने लोगों को बताया कि कैंसर शब्द की उत्पत्ति का श्रेय यूनानी चिकित्सक हिप्पोक्रेट्स को दिया जाता है। इन्हें चिकित्सा का जनक भी कहा जाता है। हिप्पोक्रेट्स ने ही गैर-अल्सर बनाने और अल्सर बनाने वाले ट्यूमर के बारे में बताते हुए कार्सिनो और कार्सिनोमा शब्द का इस्तेमाल किया था। ग्रीक भाषा में ये शब्द एक केकड़े को संदर्भित करता है, जो संभवतः बीमारी पर लागू होता है। 2003 में कई शोध के बाद इस बात का पता चला था। यूनियन फॉर इंटरनेशनल कैंसर कंट्रोल की स्थापना इस बीमारी के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इसकी रोकथाम, पहचान और उपचार को प्रोत्साहित करने के लिए की गई थी।
रंजीत ठाकुर । कुनिहार ब्रह्मदास निवासी गांव पट्टा पन्याली ने थाना कुनिहार में घर में चोरी हाेने का मामला दर्ज करवाया है, जिसमें ब्रह्मदास ने बताया है कि इसके घर के साथ ही इसके छोटे भाई हरिदास का मक्कान है इसने सुबह उठकर देखा कि हरिदास के मक्कान का ताला गायब था तथा मुख्य दरवाज़े का कुंडा टूटा हुआ था, जिस बारे उसने हरिदास को फोन पर सूचित किया। उसके बाद जब यह घर की पहली मंजिल पर गए, तो देखा कि दोनों कमरों की अलमारियों के कुंडे तथा एक कमरे की अलमारी के लॉकर भी टूटे हैं तथा ट्रंक का ताला भी टूटा हुआ पाया गया। हरिदास ने बताया कि लॉकर में 35 हजार कैश तथा एक सोने का चाक, तीन चांदी के सिक्के, चांदी की चार अंगुठियां तथा दो जोड़ी सोने की बालियां थी, जिसे कोई चुरा कर ले गए हैं। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी अंकुश डोगरा ने की है।
विनायक ठाकुर । देहरा प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री मधु विकास योजना के अंतर्गत पांच दिवसीय शिविर आज शनिवार को देहरा में संपन्न हुआ। शिविर में देहरा खंड के लगभग 50 किसानों ने भाग लिया, जिसमें 39 पुरुष व 11 महिलाएं उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण में किसानों और बागवानों को विशेषज्ञों द्वारा मधु पालन के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें शहद उत्पादन के अलावा इनके अन्य उत्पाद जैसे मोम, रॉयल जेली इत्यादि के महत्व के बारे में बताया गया। इसके अलावा किसानों को मधु पालन अनुसंधान केंद्र नगरोटा का भी भ्रमण करवाया गया और विशेषज्ञों द्वारा मधु पालन विषय में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई। प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि उप निदेशक उद्यान विभाग जिला कांगड़ा से डॉक्टर के एस नेगी उपस्थित रहे। उद्यान विभाग देहरा से विषय विशेषज्ञ डॉक्टर नीरज शर्मा ने मधु पालन और शिवा प्रोजेक्ट के बारे में किसानों को बताया।
पंकज सिंगटा । शिमला हिमाचल सरकार ने कांग्रेस विधायक आरएस बाली को कैबिनेट मंत्री रैंक के साथ राज्य पर्यटन विकास बोर्ड का उपाध्यक्ष व निगम के चेयरमैन नियुक्त किया है। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनकर आए बाली ने आज सचिवालय में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पूजा-पाठ के बाद आरएस बाली ने पदभार ग्रहण किया। आरएस बाली को मुख्यमंत्री सुक्खू के समर्थकों में गिना जाता है और कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान करने के साथ कांगड़ा जिला संतुलन बिठाने का प्रयास किया गया है। इसी के साथ आरएस बाली ने विकास पुरूष जीएस बाली को याद करते हुए कहा कि आज मैं विकास पुरूष जीएस बाली के बताएं हुए रास्ते व उनके द्वारा बताएं गए हर एक काम की तरफ बढ़ रहा हूं। पदभार ग्रहण करने के बाद आरएस बाली ने अलाकमान के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जो कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में भी शामिल है। हिमाचल में पर्यटन को आगे ले जाने के लिए सभी विधायकों, विशेषयज्ञों व मीडिया की राय ली जाएगी। जहां भी पर्यटन की संभावनाएं होंगी, वहां विकसित किया जाएगा। कांगड़ा जिला में पर्यटन के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा है। हिमाचल में आधुनिक पर्यटन की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। वहीं, उन्होंने कहा जो इतनी बड़ी जिम्मेदारी मुझे दी गई है, वो सिर्फ मेरे ही नहीं, बल्कि नगरोटा बगवां की जनती की भी जिम्मेदारी है, जिसे हम मिलकर निभाएंगे और जिम्मेदारी को रात-दिन मिलकर पूरा किया जाएगा। इसी दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जो सोच हैं। पर्यटन को आगे ले जाने की और पर्यटन एजेंडा उनकी नजर में नंबर वन है। मंत्री आरएस ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा को प्रदेश की राजधानी बनाना चाहते है, जो कांगड़ा जिला है और लॉअर हिमाचल है। उसके अंदर भी शिमला प्रदेश की राजधानी है, तो कांगड़ा को टूरिज्म राजधानी बनाने की जो सोच है यशस्वी मुख्यमंत्री की रही है, उसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। मंत्री आरएस बाली ने विकास पुरूष जीएस बाली को याद करते हुए कहा कि जीएस बाली ने बहुत सी इतिहास चीजें की हैं और उनके पहले और उनके बाद भी बहुत से लोग रहे उन्होंने बहुत सारा योगदान दिया की।
विनायक ठाकुर । देहरा ज्वालाजी से चिंतपूर्णी दर्शन करने के लिए आ रहे लुधियाना के श्रद्धालुओं की गाड़ी चलाली में गहरी खाई में उतरी,कार में सवार 5 व्यक्तियों में से तीन गंभीर रूप से घायल जबकि दो को मामूली चोटें जिसमें एक महिला की मौत होने की सूचना है। पुलिस थाना देहरा के अंतर्गत की चलाली में ज्वाला जी से आ रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी दूसरी गाड़ी को बचाने के चक्कर में गहरी खाई में उतर गई, जिसमें गाड़ी में सवार 5 लोगों में से तीन लोगों को गंभीर चोटें आई जबकि 2 लोगों को मामूली चोटें आई। मिली जानकारी के अनुसार यह श्रद्धालु ज्वाला जी माता के दरबार में हाजिरी भरने के पश्चात चिंतपूर्णी माता के दर्शन करने के लिए आ रहे थे। चलाली में दूसरी दिशा से आ रही गाड़ी को बचाने के चक्कर में गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। गाड़ी में सवारकुल 5 लोगों में 2 पुरुष और 3 महिलाएं थी, जिसमें बुजुर्ग महिला को काफी गंभीर चोटें आई हैं ओर उसकी मौत होने की सूचना है और इसके अलावा महिला के बेटे और पोते को भी गंभीर चोटें आई हैं जबकि महिला की दोनों पोतियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना में घायल हुए लोगों की पहचान लुधियाना न्यू कुंदन पुरी सिविल लाइन के रूप में हुई है। सिविल हॉस्पिटल चिंतपूर्णी के डॉ. शिवा ने बताया कि कुल 5 लोगों को सिविल हॉस्पिटल चिंतपूर्णी में लाया गया था, जिसमें तीन लोगों को गंभीर चोटें आई थी। घटना में घायल हुए व्यक्तियों के नाम इस प्रकार हैं।भूपेंद्र आयु 48 वर्ष पुत्र स्वर्गीय अमरनाथ, हर्ष आयु 22 वर्ष पुत्र भूपेंद्र, फिरका आयु 28 वर्ष पुत्री भूपेंद्र है इस हादसे में एक।महिला की अस्पताल में मौत हो गयी जिसकी पहचान पुष्पा पत्नी स्वर्गीय अमरनाथ आयु 67 वर्ष है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला बाल विकास परियोजना अधिकारी मशोबरा स्थित टूटू के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्र कनवन, ग्राम पंचायत शाेघी, आंगनबाड़ी केंद्र जलेल, ग्राम पंचायत जलेल, आंगनबाड़ी केंद्र कंडा ग्राम पंचायत मूल कोटि आंगनबाड़ी केंद्र टूड ग्राम पंचायत भोंट, आंगनबाड़ी केंद्र रामपुर क्योंथल ग्राम पंचायत रामपुर क्योंथल आंगनबाड़ी केंद्र मझत, ग्राम पंचायत मयाली जेजाद, आंगनबाड़ी केंद्र मेडच ग्राम पंचायत गणहट्टी, आंगनबाड़ी केंद्र हलोग ग्राम पंचायत हलोग धामी में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पद भरने के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी मशोबरा रूपा रानी ने दी। उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने प्रमाण पत्र सहित आवेदन सादे कागज पर 24 फरवरी 2023 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी मशोबरा के कार्यालय में जमा करवाएं। उन्होंने बताया कि आवेदक आंगनबाड़ी केंद्र के फीडिंग एरिया का स्थाई निवासी होना चाहिए और शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास होनी चाहिए और आयु सीमा 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। बाल विकास परियोजना अधिकारी मशोबरा ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र, वृत्त पर्यवेक्षक या बाल विकास परियोजना अधिकारी मशोबरा कार्यालय स्थित टुटू में संपर्क कर सकते हैं।
कपिल शर्मा। संगड़ाह पुलिस थाना रेणुकाजी के अंतर्गत आने वाले ददाहू में मौजूद जल शक्ति विभाग के स्टाेर का ताला तोड़ यहां मौजूद भारी भरकर सामान चुराने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर धर दबोचा। जानकारी के अनुसार चोरों ने पुराने पंप के अलावा, पुलिया व गेट वाल जैसी लगभग एक लाख की कीमत की मशीनों व पुराने सामान पर हाथ साफ किया। गत पहली फरवरी को चाेर इस सामान काे धौलाकुआं के एक कबाड़ी अथवा स्क्रेप डीलर काे बेच दिया। चोरी की इस घटना को लेकर विभाग के पंप ऑपरेटर दीपक द्वारा गुरुवार को रिपाेर्ट दर्ज करवाए जाने के बाद इसी दिन चोरी में इस्तेमाल हुई पीकअप (HP-71-1921) के मालिक नरेंद्र कुमार को हिरासत में लिया। आज शुक्रवार को चोरी का सामान खरीदने वाले धौलाकुआं के स्क्रेप डीलर प्रेम चंद व ददाहू के साथ लगते गांव के हरीश शर्मा को गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के अनुसार पुलिस पता इस बात का भी लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी अन्य ऐसी वारदात में तो शामिल नहीं थे, अथवा इस मामले में कोई और तो संलिप्त नहीं था। DSP संगड़ाह मुकेश कुमार डढवाल ने बताया कि मामले की हर एंगल से छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि कल गिरफ्तार किए गए नरेंद्र कुमार को अदालत द्वारा 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है, जबकि आज गिरफ्तार हुए दोनों आरोपियों को कल काेर्ट में पेश किया जाएगा।
विनायक ठाकुर । देहरा देहरा पुलिस को एक गुमशुदा युवा लड़की को बरामद करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाल ही में उपमंडल देहरा की एक ग्रामीण महिला ने अपनी युवा लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट देहरा थाने में दर्ज करवाई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से उसके जानने वालों को अपनी पैनी निगाह पर रखा और फिर जल्द ही एक क्लू के आधार पर राजस्थान की रेतली जमीन पर ढूंढने निकल गए, तो लड़की को ढूंढ कर ही राजस्थान से साथ लेकर देहरा पुलिस टीम देहरा पहुंची। बता दें कि लड़की घर से करीब तीन सप्ताह पूर्व बिना किसी को बताए राजस्थान पहुंच गई थी। पुलिस ने फिलहाल लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। देहरा के डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि लगभग तीन सप्ताह पूर्व मां द्वारा लिखवाई गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने लड़की को राजस्थान से बरामद कर परिजनों को सौंप दी है। पुलिस की इस बड़ी सफलता पर देहरा पुलिस की प्रशंसा आज बाजार में चर्चा का विषय रही।
प्रदेश भाजपा में बदलाव की भी चर्चा आगामी कार्यक्रमों का आयोजन पर भी कोर कमेटी ने की चर्चा ममता भनोट। ऊना हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों की हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक महत्वपूर्ण ऊना में हो रही है। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के राज्य अध्यक्ष सुरेश कश्यप अध्यक्षता करेंगे, जबकि भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आज शुरू हुई। इस बैठक में प्रेम कुमार धूमल, अविनाश राय खन्ना, सौदान सिंह, संजय टंडन, तिरलोक जंबाल, पवन राणा, सुरेश कश्यप, जयराम ठाकुर, सतपाल सिंह सत्ती व डॉ. राजीव सहजल सहित कोर कमेटी के सभी बड़े नेता भाग ले रहे हैं। बैठक में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व शांता कुमार उपस्थित नहीं है। भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भाजपा की कार्यसमिति के एजंडे को जहां चर्चा करने के बाद अनुमति प्रदान होगी। वहीं, सबसे बड़ा निर्णय मिशन 2024 रहेगा। क्योंकि विधानसभा चुनावों में हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के लिए अब 2014 का लोकसभा चुनाव महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी तैयारी करने के लिए विशेष रूप से रणनीति बनाने के लिए आगे बढ़ रही है और ऊना की इस बैठक में 2024 का रोड मैप सेट होगा। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है, ऐसे में लोकसभा चुनावों में कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। भाजपा के पास लोकसभा की चारों सीटें हैं, उन्हें बरकरार रखना भाजपा के लिए चुनौती है। इसलिए भाजपा अब रणनीति के तहत आगे काम करेगी। विधानसभा चुनाव में हार को लेकर के इस बैठक में बड़ा मंथन होने की संभावना नहीं है, लेकिन अनुशासन पर जरूर बात हो सकती है। पार्टी की बैठक शुरू होने से पहले ही कई नेताओं पर गाज गिरी है और आगामी समय में बागी नेताओं को कैसे डील करना है, उस पर भी आने वाले समय में बात होगी। सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि विधानसभा चुनावों के बाद से ही हिमाचल में भाजपा के संगठन में बदलाव की बातें उठ रही है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में क्या उनके कार्यकाल को एक्सटेंशन मिलेगा या नहीं यह पता आने वाले समय मे चलेगा, लेकिन प्रदेश के कई नामों की चर्चा चल रही है। ऐसे में क्या होगा यह अब हाईकमान के रुख पर निर्भर होगा। कोर कमेटी में इसकी चर्चा जरूर होगी। प्रदेश से ही भाजपा के बड़े नेता जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में एक्सटेंशन मिल गई है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पर जेपी नड्डा क्या फैसला लेते हैं। इस पर भी अहम नजरें रहेंगी ।फिलहाल भाजपा की कोर कमेटी में अनेक मुद्दों पर चर्चा हो रही है। अब देखना यह है कि आने वाले समय में भाजपा के इस रणनीति के साथ आगे बढ़ती है।
नरेंद्र डाेगरा । जयसिंहपुर विधायक प्राथमिकता बैठक में जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा ने जयसिंहपुर विस क्षेत्र की विभिन्न प्राथमिकताएं सीएम सुखविंदर सुक्खू के समक्ष रखीं। गोमा ने सिविल अस्पताल जयसिंहपुर में दर्जे के अनुरूप स्टाफ उपलब्ध करवाने लंबागांव व जगरूपनगर पीएचसी में नया भवन पंचरुखी सीएचसी को अपग्रेड करने मांग रखी। गोमा ने होल्टा चढियार सरिमोलग सड़क व परागे द गलु शिवनगर सड़क को सीआरएफ के तहत लाने, भवारना झूंगा देवी सड़क जो कि पिछली भारी बरसात में खराब हुई थी, उसकी रिपेयर की मांग रखी। जयसिंहपुर के विधायक ने राजकीय बहुतकनीकी संस्थान तलवाड़ में इलेक्ट्रिक व मेकैनिकल ट्रेड शुरू करने व आईटीआई सलियाणा में नए ट्रेड शुरू करने व नया भवन बनाने की मांग रखी। विधायक यादविंदर गोमा ने सीएम को बताया कि पिछली बरसात में जयसिंहपुर में पेयजल व सिंचाई योजनाओं को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ था, लेकिन नुकसान की भरपाई के लिए महज 75 लाख रुपए ही मिले थे। गोमा ने बैठक में इन पेयजल व सिंचाई योजनाओं के नुकसान की भरपाई के लिए 2 करोड़ रुपए उपलब्ध करवाने की मांग सीएम के समक्ष रखी। गोमा ने कहा कि बेसहारा पशु किसानों की खेती उजाड़ रहे हैं। इसलिए ब्यास नदी किनारे तारबाड़ लगाया जाए, ताकि किसान खेतों में खेती कर सकें।
विनायक ठाकुर । देहरा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर में मुख्यालय दिल्ली के द्वारा प्रेषित राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद के सदस्यों के द्वारा निरीक्षण कार्य संपन्न किया गया। इस समिति में भोपाल परिसर के निदेशक प्रो. रमाकां पाण्डेय, मुख्यालय दिल्ली से प्रो. एसबी रमणमूर्ति तथा समिति के अन्य सदस्य डॉ. मनोज श्रीमाल उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने परिसर के गतिविधियों का जायजा लिया एवं परिसर के गतिविधियों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। समिति ने परिसर को अपने विशिष्ट सुझाव से अवगत भी कराया। इस अवसर पर आधुनिक विभागाध्यक्ष डॉ. संजय मनकोटिया, कम्प्यूटर विभागाध्यक्ष अमित वालिया, शिक्षा शास्त्री से डॉ. मुकेश शर्मा, ज्योतिष के डॉ. विनोद शर्मा आदि उपस्थित रहे।
मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने नादौन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। शुक्रवार दोपहर बाद नादौन पहुंची उपायुक्त ने एसपी डॉ. आकृति शर्मा, एसडीएम अपराजिता चंदेल, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ खरीड़ी मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मैदान की आवश्यक मरम्मत एवं इसे समतल करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री की जनसभा से संबंधित विभिन्न प्रबंधों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ भी व्यापक चर्चा की। उन्होंने नवनिर्मित मिनी सचिवालय, विश्राम गृह नादौन और विश्राम गृह सेरा के परिसरों का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर इन सभी परिसरों में पर्याप्त प्रबंध होने चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी खरीड़ी मैदान के आस-पास वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। बाहर से आने वाले वाहन इन्हीं स्थलों पर खड़े होने चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी जनसभा स्थल पर शौचालय, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथी सिंह, कांग्रेस नेता विवेक कटोच, भारत भूषण, कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी तथा नगर पंचायत नादौन के पार्षद भी उपस्थित थे।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी आम आदमी पार्टी पर्यटन विंग के प्रदेशाध्यक्ष विकास धीमान ने कहा कि बजट ने हिमाचल प्रदेश और आम जनता को सिर्फ छला है। हिमाचल प्रदेश एक बागवानी और पर्यटन बहुल्य प्रदेश है। बजट में बागवानो और पर्यटन के लोगों को किसी तरह की कोई राहत नहीं दी। कोविड के 2 वर्ष बीत जाने पर भी पटरी पर वापस नहीं आ पाया पर्यटन उद्योग बजट से कुछ उम्मीदें रखा रहा था, जो की अब खत्म हो गई है। हिमाचल प्रदेश के लिए रेल बजट में कुछ नहीं। हिमाचल प्रदेश की सेब की अर्थव्यवस्था 5000 करोड़ रुपए की है, जिससे 2.5 लाख परिवारों का रोजगार जुड़ा है, पर बजट में बात न कर के केंद्र ने हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नजर अंदाज कर दिया है। विकास ने कहा कि बजट में युवाओं के रोजगार की बात नहीं, किसानों की आय 2 गुना हुई की नहीं, उसकी बात नहीं, किसानों के एमएसपी की बात नहीं। मनरेगा जो ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार मोहिया करवाने की योजना है, उसमें बजट में कुछ नहीं। कल्याणकारी योजनाओं के बजट में कमी अच्छी बात नहीं है। विकास धीमान ने बताया एक अच्छे बजट का केंद्र आम जनता के हाथों तक पैसा पहुंचाना और लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करना होता है, मगर नए बजट में कर कटौती की योजनाओं को प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। अब क्या लोग इंश्योरेंस और हाउस लोन जैसे निवेश करेंगे या नहीं। अब बस उम्मीद यह है की जिस तरह की इकनॉमिक ग्रोथ रेट की बात बजट में हुई वह 2024 में धरातल पर भी दिख जाए, क्योंकि 2023 में तो सफल हुए नहीं।
नेहा पराशर। गगरेट शिक्षा सुधार समिति ईसपुर की बैठक आज शिव मंदिर नोण के परिसर में आयोजित हुई, जिसमें संस्था के संस्थापक एनआरआई ओपी डोगरा ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने संस्था द्वारा तैनात सरकारी स्कूलों में 40 अध्यापकों के साथ अपने विचार सांझा करते हुए उनके शिक्षा संबंधी कार्यों का अवलोकन भी किया। उन्होंने गुणवत्ता पूर्वक शिक्षा पर जोर दिया तथा नई शिक्षा नीति की प्रशंसा भी की। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान रखने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने तैनात शिक्षकों के कार्यों में व कर्मठता की सहारना की तथा सरकार व विभाग से उनको अनुभव प्रमाण पत्र देने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा तैनात शिक्षक नामात्र मानदेय लेकर भी शिक्षा के जगत में नए आयाम स्थापित करने में अपनी अहम भूमिका का निर्वाह कर रहे हैं, जो कि काबिल-ए-तारीफ है। समिति के सचिव सुच्चा सिंह कंग ने बताया कि समिति द्वारा तैनात शिक्षकों का मानदेय जनवरी माह से 5000 से 5500 रुपए प्रति माह कर दिया गया हैं। ओपी डोगरा की बेटी मिन्नी डोगरा ने भी शिक्षा संबंधी अपने विचार रखें। शिक्षा सुधार सुधार समिति के सचिव सुच्चा सिंह कंग ने बताया कि खड्ड गांव से समाजसेवी प्रवीण बाली ने शिक्षा सुधार द्वारा चलाए जा रहे लड़कियों के लिए निःशुल्क कम्प्यूटर केंद्र के लिए 2 लैपटॉप भी प्रदान किए। वह 2 अध्यापकों का पिछले 4 माह से मानदेय भी दे रहे हैं। संस्था प्रतिनिधियों ने इस मौके पर उनका आभार जताया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष चितविलास पाठक, जगतराम शास्त्री व राजेंद्र बीटन सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे।
विनायक ठाकुर । देहरा पुलिस थाना देहरा के अंतर्गत तहसील चौक देहरा में सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति काे गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हाे गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी (HP36D-6252) के चालक बलदेव सिंह निवासी बड़ा ने अपने गाड़ी को तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाकर सड़क के किनारे खडे़ दया राम टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हाे गए। घायल दया राम अमरपुरी वार्ड-5 देहरा का निवासी है, जिस पर पुलिस थाना देहरा में मामला दर्ज हुआ है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी संदीप पठानिया ने करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डॉ. खुशाल शर्मा द्वारा ज्वालामुखी थाना के निर्माणाधीण भवन औचक निरीक्षण किया तथा भवन निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करने बारे हिदायत दी गई। इसके साथ ही खुंडियां थाना के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी मझीण का भी औचक निरीक्षण भी उनके द्वारा किया तथा थाना व चौकी के सभी जवानों को सत्यनिष्ठा ऐप पर कार्य करने के लिए दिशा निर्देश दिए। साथ ही सत्यनिष्ठा ऐप पर सभी संदिग्ध, अजनबी व्यक्तियों संबंधी जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी हिमाचल प्रदेश सरकार की शिमला में विधायक प्राथमिकता की बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने आधा दर्जन सौगातें मांगी ताकि इलाके की जनता को जल्द से जल्द सुविधाएं मिल सके। विधायक संजय रत्न ने शिमला में हुई विधायक प्राथमिकता की बैठक में ज्वालामुखी विधानसभा के विकास के लिए रखे गए प्रस्ताव में मांग रखी की ज्वालामुखी विधानसभा में जल शक्ति विभाग व लोक निर्माण विभाग के मंडल खोलने का बारे कहा। इसके अलावा 51 पंचायतों के लिए सुरानी में खंड विकास कार्यालय की मांग रखी। मझीण, खुंडिया व लगडू में बस स्टैंड व टिहरी में बहुतकनीकी महाविद्यालय खोले जाने और एडीबी की सहायता से ज्वालाजी मंदिर में श्रृद्धालुओं के लिए सुविधाएँ बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाने व जनता की मांगों को प्रमुखता से बैठक में रखा। वहीं, ज्वालामुखी की जनता की प्रमुख मांगों को विधायक प्राथमिकता बैठक में प्रस्ताव रखने पर खुशी का माहौल है।
विनायक ठाकुर । देहरा 'नीबूआं' व 'रुनझुनुआ' पहाड़ी गाने पर अपनी महारत हासिल कर चुके गांव पाईसा के हिमाचली सुपर स्टार लोकगायक मोहित गर्ग का एक के बाद एक गाना हिट होता जा रहा है। श्रोताओं की पंसद पर पहाड़ी लोक गायक मोहित गर्ग का अब एक और लोकगीत 'आधा फूल्का' पहाड़ी लोकगीत देश की नंबर वन कंपनी टी-सीरिज ने हिमाचली पर रलीज हो गया। इस गाने को पोलाराम ढांगवाला प्रोडक्शन के अंतर्गत फिल्माया गया। गाने के बोल खुद मोहित गर्ग द्वारा लिखा गया है व इसे संगीत में परमजीत पमी ने पिरोया है। गाने का निर्देशन सूरज भारद्वाज ने किया है। गाने में दिव्या व अनिल नीलू दवरा अहम रोल अदा किया गया है। गाने को काफ़ी पसंद किया जा रहा है। मोहित से हुई बात में उन्होंने कहा कि ख़ुशी की बात है की मेरी गायकी की कलाकारी को देखते हुए मुझे जो टी सीरीज जैसा मंच मिला। लिहाजा जहां टी-सीरीज कंपनी मुझे जहां भी गायकी का मौका देगी में वहां अपनी लोक पहचान व लोक गायन जरूर करूंगा। आपको बता दें मोहित गर्ग का पहला गाना जनवरी 2019 को रिलीज हुआ था और उसके बाद श्रौताओं की पहली पंसद बन चुके मोहित गर्ग ने एक के बाद एक अपनी मधुर आवाज मे गाना गाकर अपनी अलग पहचान बनाई है और दर्जनों गाने अपने चाहने बालों को दिए और पूरे हिमाचल ही नहीं, बल्कि हिमाचल से बाहर भी अपना नाम बनाया और आज के दौर में शायद ही कोई ऐसी स्टेज होगी, जहां मोहित गर्ग न दिखे हों, आज के दौर में मोहित गर्ग ने काफी नाम अपनी गायकी से कमाया और लगातार अपने चाहने बालों को नए नए गाने दिए और खास बात ये रही, जो भी गाना इन्होंने गाया वाे एक से बड़कर एक है। इसी कड़ी को आगे ले जाते हुए मोहित गर्ग ने एक और लोकगीत अपने चैनल सारंग स्टूडियो प्रोडक्शन पर रिलीज किया, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। गाने को म्यूजिक भैरवी स्टूडियो के म्यूजिक डायरेक्टर परमजीत पम्मी ने व फिल्मांकन अखिल चौधरी ने दिया है व दिनेश स्टूडियो व मनीष चौहान ने साथ कार्य किया व दिव्या ठाकुर ने इसमें अहम किरदार निभाया है। मोहित ने बात करने पर बताया की ये गाना मेरे और गानों से बिलकुल अलग है। मोहित ने बताया की बो एक लोकगायक हैं और लोक मर्यादाओं के मद्देनजर ही सभी गीतों पर काम करते हैं और इसी के करके उनके चाहने वाले उन्हें हर बार स्पोर्ट भी करते हैं और मुझे उम्मीद है हिमाचल वासी उनके इस प्रोजेक्ट को भी प्यार देंगे और अपना आशीर्वाद देंगे।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी डीएसपी ज्वालामुखी चंद्र पाल ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हम सब का नैतिक कर्तव्य है। अगर हर वाहन चालक जागरूक होकर ट्रैफिक नियमों का पालन करें, तो वास्तव में सड़कों पर होने वाले हादसों पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित आयु वर्ग से पहले वाहन चलाने से भी परहेज करना चाहिए। डीएसपी ज्वालामुखी चंद्र पाल ने कहा कि स्कूली बच्चे अपने घरवालों को भी यातायात नियमों के बारे में जागरूक करके अभियान में सहयोग करें साथ ही नियमों से अनजान युवा वर्तमान में हादसों का शिकार हो रहे हैं। वाहन चलाते समय कोई भी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। दाेपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, ताकि बिना हेलमेट के बिना होने वाले हादसों में कमी आ सके। वहीं, उन्होंने कहा कि सड़क हादसों के ग्राफ में कमी लाने के लिए सड़क एवं यातायात के नियमों की जानकारी होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़क पर अधिकांश दुर्घटनाओं के पीछे लापरवाही कारण होता है। ऐसे में यातायात के नियम चालकों को सही एवं सुरक्षित वाहन चलाने की सीख देते हैं। यातायात नियमों की जानकारी केवल वाहन चालकों को ही नहीं, बल्कि एक आम आदमी, एक राहगीर को भी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशा करके कभी भी गाड़ी नहीं चलानी चाहिए। ऐसे लोग स्वयं तो काल का ग्रास बनते ही हैं। साथ ही अन्य मासूम लोगों के लिए भी काल साबित होते हैं।
हिमाचल के ऊना जिले में आज BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हो रही है, जो 5 फरवरी तक चलेगी। इसके लिए पार्टी के जिला कार्यालय में BJP के दिग्गज नेता जुटेंगे। 3 दिन चलने वाली बैठक में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही पार्टी संगठन की आगामी गतिविधियों का खाका तैयार होगा। इसके अलावा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार को लेकर चर्चा हो सकती है। पहले दिन शुक्रवार शाम को भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी। इसमें प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आने वालों का रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा। कल 4 फरवरी को पहले सत्र में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक होगी। वहीं आज शाम 6 बजे भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई है। वहीं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह का जिला ऊना कार्यालय पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर एवं समस्त कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उनके साथ भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन का भी सभी कार्यकर्ताओं ने जिला ऊना पहुंचने पर स्वागत किया। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की तीन दिवसीय बैठक में उपस्थित रहेंगे और आज शाम को होने जा रही कोर ग्रुप में भी सुदान सिंह उपस्थित होने जा रहे हैं।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट ब्लॉक कांग्रेस अर्की की ओर से भारत जोड़ो की तर्ज पर हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा की शुरुआत शुक्रवार को जिला परिषद दाड़लाघाट वार्ड से हुई। यह अभियान ब्लॉक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप के नेतृत्व में शुरू किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार में मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) संजय अवस्थी विशेष रूप से मौजूद रहे। मंडलाध्यक्ष सतीश कश्यप ने कहा कि अभियान के तहत कांग्रेस पदाधिकारी विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ स्तर तक जाकर कांग्रेस की नीतियों और भाजपा के दुष्प्रचार के संदर्भ में लोगों को जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो अभियान को पूरे देश में सराहा जा रहा है। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान दो माह तक हर विधानसभा क्षेत्र में चलेगा। इसमें लोगों को कांग्रेस की नीतियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।अभियान में जिला परिषद वार्ड दाड़लाघाट की 18 पंचायतों के लोगों ने भाग लिया।इस मौके पर मंडलाध्यक्ष कांग्रेस अर्की सतीश कश्यप, जगदीश ठाकुर, राजेश गुप्ता, डॉ. मस्त राम शर्मा, तिलक गौतम, लाला शंकर, रोशन ठाकुर, विनोद कंवर, दीपक गजपति, ऋषि देव शर्मा, जय सिंह ठाकुर, मनसा राम, राम लाल, हेतराम ठाकुर, मनोज गौतम, कमलेश व प्रेम केशव सहित अन्य मौजूद रहे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट ने अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया। समारोह में मुख्य संसदीय सचिव सीपीएस (लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग व सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने कार्यक्रम का आगाज़ विद्या की देवी मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की बधाई दी तथा विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज से ही विकसित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का सामंजस्य संस्कार के साथ होता है, तभी बच्चें आदर्श नागरिक बनते हैं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में अभिभावकों तथा अध्यापकों को अपना कर्तव्य निभाना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अंकों को प्राप्त करने के लिए ही नहीं अपितु ज्ञान प्राप्ति के लिए पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य है, जिसके लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक राजीव गांधी माॅडल डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जाएगा। इन 68 स्कूलों में अत्याधुनिक तकनीक और उपकरणों की सुविधा के साथ शिक्षा उपलब्ध प्रदान की जाएगी। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट में विज्ञान ब्लाॅक के निर्माण के लिए एक करोड़ 39 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में आरएमएसए फंड के तहत बन रहे कमरों के निर्माण के लिए 20 लाख की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में पुस्तकालय के लिए कमरा बनाने के लिए चार लाख 22 हजार देने की घोषणा की। संजय अवस्थी ने विद्यालय के शैक्षणिक सत्र वर्ष 2019-20 में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले 12 छात्रों, शैक्षणिक सत्र वर्ष 2020-21 में 49 छात्रों को सम्मानित किया तथा विभिन्न ज़िला व जा़ेनल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 30 छात्रों को भी सम्मानित किया। उन्होंने ज़िला स्तरीय कला उत्सव में भाग लेेने वाले राहुल, अनामिका और नीतिका गौतम को सम्मानित किया। संजय अवस्थी ने स्काउट एंड गाइड के तहत आयोजित की गई नारा लेखन प्रतियोगिता में नितिका गौतम, द्रुव ठाकुर, भुवनेश्वर और दिवांश को भी पुरस्कृत किया। प्रथम स्थान में शगुन, पलवी और लक्ष्मी, नैना गौतम, आदर्श, भुवनेशवर, कार्तिक शर्मा और कार्तिक चंदेल और एनएसएस शिविर में भाग लेने वाली नेहा, प्रीति, मनीष, नितिका, गगन और विशाल को भी सम्मानित किया। उन्होंने चिल्ड्रन सांइस कांग्रेस, विश्व एड्स दिवस, विश्व भूमि दिवस, राष्ट्रीय बालिका दिवस पर भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट के विद्यार्थियों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 3100 रुपए तथा स्कूल प्रबंधन समिति के लिए 11,000 रुपए की राशि देने की घोषणा की। मुख्य संसदीय सचिव ने दाड़लाघाट के लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निपटारे के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष अर्की कांग्रेस सतीश कश्यप, पंचायत समिति कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कौंडल, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर, पूर्व उपप्रधान दाड़ला राजेश गुप्ता, पंचायत प्रधान दाड़ला बंसी राम भाटिया, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व उपप्रधान दाड़ला हेमराज ठाकुर, लाला शंकर, मोहन सिंह ठाकुर, वेद प्रकाश शुक्ला, डाॅ मस्त राम शर्मा, अरुण शुक्ला, अनिल गुप्ता, जय सिंह ठाकुर, ऋषि देव शर्मा, संतराम पंवर, कमलेश शर्मा, तिलक गौतम, उपमंडलाधिकारी अर्की केशव राम, डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा, खंड विकास अधिकारी कुनिहार तारा शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अर्की कंचन शर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग दाड़ला बलि राम, सहायक अभियंता विद्युत विभाग सचिन आर्य, कनिष्ठ अभियंता विद्युत हितेश गौतम, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग के आला अधिकारियों सहित बच्चों के अभिभावक व विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
सुक्खू सरकार के मानवीय दृष्टिकोण की घाटी के लोगों ने की सराहना फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर के माध्यम से आज सूचना प्राप्त हुई कि जिला लाहौल-स्पिति के उदयपुर उपमंडल के गांव छालिंग निवासी पदमा देचिन गंभीर रूप से बीमार हैं और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा की आवश्यकता है। यह जानकारी प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री ने पदमा देचिन को हेलिकॉप्टर के माध्यम से कुल्लू स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने बिना समय गंवाए मुख्यमंत्री के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित की। अब पदमा देचिन का कुल्लू अस्पताल उपचार किया जा रहा है। भारी बर्फबारी से सड़क मार्ग अवरुद्ध होने के कारण पदमा देचिन का उपचार घाटी में संभव नहीं हो पा रहा था और उन्हें इसके लिए कुल्लू स्थानांतरित करना अत्यंत आवश्यक था। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च अधिमान देते हुए पदमा देचिन का उपचार करवाने के लिए प्रशासन को तुरंत हेलिकॉप्टर का प्रबंध कर उन्हें कुल्लू स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। यह सुख की सरकार के मानवीय दृष्टिकोण को प्रदर्शित करता है। मुख्यमंत्री जरूरतमंदों और विपरीत परिस्थितियों से घिरे प्रदेशवासियों के लिए चिंतित रहते हैं। विपरीत परिस्थितियों में फंसे किसी भी प्रदेशवासी के बारे में सूचना प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री त्वरित निर्णय लेकर उसका समाधान सुनिश्चित करते हैं।
विनायक ठाकुर । जसवां-परागपुर प्रदेश के पूर्व उद्योग एवं परिवहन मंत्री एवं जसवां-परागपुर से मौजूदा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में वर्ष 2023-24 के लिए पेश किए गए आम बजट की सराहना की है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पेश किया गया बजट देश के हर व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित बजट पेश किया है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि आम बजट गांव, गरीबों, किसानों, आदिवासियों, पिछड़ों, शोषितों, वंचितों, दिव्यांगजनों व आर्थिक रूप से पिछड़े तथा मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त और सक्षम बनाने वाला बजट है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के नागरिकों को सामाजिक न्याय, समानता, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराने वाला बजट है। यह बच्चों की पढाई, मध्यम वर्ग की कमाई और बुजुर्ग वर्ग की भलाई पर बल देने वाला बजट है। ऐसे सर्व स्पर्शी, सर्व- समावेशी एवं देश के जन-जन और हर क्षेत्र के सर्वांगीण कल्याण के प्रति समर्पित आम बजट के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कएवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा आम बजट 2023-24 का एजेंडा है नागरिकों के लिए बड़े अवसर उपलब्ध कराना, विकास और रोजगार सृजन को मजबूत प्रोत्साहन प्रदान करना और व्यापक आर्थिक स्थिरता को मजबूत करना। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कुल मिलाकर, यह बजट आजादी के 100 साल बाद भारत की परिकल्पना का बजट है। इस बजट में किसान, मध्य वर्ग, महिला से लेकर समाज के सभी वर्ग के विकास की रूपरेखा है।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी ज्वालामुखी विधायक संजय रत्न ने कहा है कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों के विकास के लिए बजट में विशेष योजनाएं दी जानी चाहिए थीं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों की बजट में उपेक्षा की गई है। कृषि और बागवानी क्षेत्र की पूरी तरह अनदेखी हुई है। बजट में हिमाचल में रेलवे के विकास की भी किसी भी योजना का प्रस्ताव नहीं है, जो बहुत ही दुखदाई है। इस बजट ने एक बार फिर से प्रदेश के लोगों को मायूस किया है। ज्वालामुखी विधायक संजय रत्न ने लोकसभा में प्रस्तुत वर्ष 2023-24 के बजट पर निराशा प्रकट की है। इससे न तो देश की अर्थव्यवस्था सुधरेगी और न ही बेहतर विकास दर हासिल होगी। यह पूरी तरह दिशाहीन बजट है। इससे देश में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ेगी। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय रत्न ने इसे जनविरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सात लाख तक कि टैक्स छूट को कम से कम 12 लाख तक किया जाना चाहिए था, संजय रत्न ने कहा कि केंद्र सरकार के इस बजट का हिमाचल को कोई फायदा नहीं मिला है।
नरेंद्र डाेगरा। जयसिंहपुर नावार्ड के सौजन्य से कांगडा केंद्रीय सहकारी बैंक कोटलू ने तरेहला में जागरूकता शिविर लगाया। वित्तीय साक्षरता शिविर के तहत आज कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा कोटलू के शाखा प्रबंधक वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में यह शिविर लगाया गया। बैंक में चल रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जैसे कि जनता को ज्वाइंट लायबिलिटी ग्रुप सेल्फ हेल्प ग्रुप किसान क्रेडिट कार्ड, एंड डेबिट कार्ड, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, ऋण योजना, स्वरोजगार योजना व आज कल हो रही वितीय धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी। इस शिविर में प्रधान संतोष कुमारी उपप्रधान काकू रणोत, उधम सिंह, शक्ति चंद, रणवीर सिंह व अंजू देवी के साथ गांव के लगभग 50 लोगों उपस्थित रहे।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा अगामी 5 फरवरी को गुरु रविदास प्रकाशोत्सव के 646वीं जयंती के उपलक्ष्य पर 3 फरवरी शुक्रवार को गुरु रविदास महासभा सभा नंगल चौक (नंगल बंड) की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। गुरु रविदास महासभा के अध्यक्ष गुरदास राम की अध्यक्षता में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में दर्जनो गाड़ियों के काफिले सहित सैंकड़ाें भक्तों ने गुरुद्वारा नंगल बंड से यह शौभा यात्रा प्रात: 10:30 बजे आरंभ हुई। वहीं, यह शौभा यात्रा गुरुद्वारा नंगल बंड से शुरू हुई डाडासीबा पेट्रोल पंप से बाया जंबल बस्सी, बढलठोर से वापस चनौर गुरु रविदास मंदिर तयामल गुरु रविदास का गुणगान करती गई। काफी संख्या में लोग इस शोभायात्रा में शामिल हुए। वहीं, इस दौरान संगत के लिए भंडारे का भी आयोजन गुरु रविदास मंदिर तयामल द्वारा किया गया, जिसमें सैकड़ाें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आगामी 5 फरवरी, 2023 को गुरु रविदासजी की जयंती के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा नंगल बंड में रागी जत्थे द्वारा भजन-कीर्तन व गुरु रविदास महाराज की महिमा का गुणगान किया जाएगा और दोपहर के बाद भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया वर्ष 2023-24 का बजट देश के विकास को और गति देने वाला व विकसित भारत के सपने को साकार बनाने में मदद देने वाला बजट साबित होगा क्योंकि केंद्र सरकार द्वारा देश के सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। इस बजट में पहली बार मध्यम वर्ग के उन सभी लोगों का ध्यान रखा गया है, चाहे वो सरकारी कर्मचारी हो, गैर सरकारी कर्मचारी हो, पेंशनर हो किसान मजदूर या व्यापारी हो जिन्हें 7 लाख कि राशि तक कोई टैक्स नहीं देना है। यह मध्य वर्ग के लोगों के लिए एक बड़ी राहत है, क्योंकि मध्य वर्ग को इससे पहले बहुत कम राहत टैक्स में मिलती रही है। किसानसभा रियासत डाडासीबा स्थित स्युल खड्ड के अध्यक्ष सुरजीत सिंह सपेहिया, सचिव विरेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष कैप्टन रामस्वरूप शर्मा, कैशियर यशपाल ठाकुर, प्रेस सचिव मोनू, कैशियर कृष्ण कुमार, अजीत कुमार, सलाहकार हवलदार चौधरी राम, हवलदार व कश्मीर सिंह द्वारा बजट का स्वागत किया है।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत खुंडियां बाजार में फैली गंदगी यातायात व पार्किंग समस्या व अन्य अव्यवस्था के बारे में तहसीलदार खुंडियां सुभाष कुमार द्वारा प्रधान, उपप्रधान पंचायत खुं़िडयां, प्रधान व्यापार मंडल खुं़डियां, हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग खुडियां, पुलिस विभाग राजस्व विभाग के स्टाफ सहित पूरे खुंडियां बाजार का संयुक्त निरीक्षण किया। गया तथा पूरी व्यवस्था का जायजा लिया। खुंडियां बाजार के समस्त दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों के आगे खुली पड़ी नालियों पर लोहे की जाली लगाने तथा सभी दुकानों पर डस्टबिन रखने के निर्देश दिए, ताकि कूड़ा-कचरा नालियों में न फेंका जाए। हालांकि व्यापार मंडल द्वारा अपने खर्चे पर सफाई कर्मचारी रखे हैं, जो नियमित तौर पर पूरे बाजार की सफाई करते हैं। खुंडियां बाजार में बने सार्वजनिक शौचालय की हालत काफी खराब पाई गई, जिसकी साफ सफाई व मुरम्मत व रखरखाव के लिए स्थानीय पंचायत को निर्देश दिए गए। पार्किंग समस्या को देखते हुए टैक्सी चालकों को मुख्य बाजार पर वाहन पार्क न करके साथ लगते स्थान पर अस्थाई तौर पर गाड़ी पार्क करने के निर्देश दिए तथा नए पार्किंग स्थान को हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग को ठीक करने बारे दिशा निर्देश दिए, ताकि साथ लगते स्थान पर वाहन पार्क हो सके तथा मुख्य बाजार में चार पांच बसें इक्ट्ठी लगने से जो भीड़ होती थी तथा जनमानस को जो असुविधा होती थी। इसका निपटारा किया जा सके। बातचीत में तहसीलदार खुंडियां सुभाष कुमार ने बताया कि बाजार में गंदगी व अव्यवस्था बारे स्थानीय निवासी द्वारा ईमेल के माध्यम से उपायुक्त कांगड़ा को शिकायत की थी, जिसमें कार्यवाही करने तथा मौके पर समस्या के समाधान बारे दिशा-निर्देश जारी किए गए। वहीं, उक्त स्थान पर निरीक्षण किया गया। इसके साथ-साथ तहसीलदार द्वारा स्थानीय आम जनता से आग्रह किया कि वह बाजार में कूड़ा-करकट खुले में ना फेंके तथा इसे कूड़ेदान में डाल कर बाजार में सफाई व्यवस्था सुधारने में अपना सहयोग दें, ताकि भविष्य में जनमानस को कोई असुविधा न हो तथा न ही किसी बीमारी के फैलने की आशंका रहे। इस दौरान मौका पर तहसीलदार खुंडियां के साथ कार्यालय कानूनगो बलवीर सिंह, पटवारी सुनील कुमार व जेईपीडब्ल्यूडी लोरिस चौधरी, पुलिस के ऐएएसआई बृजभूषण, प्रधान, उप प्रधान ग्राम पंचायत खुंडियां, प्रधान व्यापार मंडल खुंडियां व स्थानीय दुकानदार तथा अन्य लोग मौजूद रहे।
मनोज शर्मा। अर्की अर्की मंडल के जयनगर में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस, प्रदेश सचिव शशिकांत व अर्की मंडल युवा कांग्रेस अध्यक्ष, अशोक भारद्वाज ने युवाओं के साथ मिलकर केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2023-24 बजट में किसानों और युवाओं की अनदेखी के लिए विरोध प्रदर्शन किया। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस, प्रदेश सचिव शशिकांत ने कहा कि मौजूदा बजट में किसानों के लिए एमएसपी की कोई घोषणा नहीं की गई है, जिससे प्रदेश के किसानों को बहुत निराशा हुई है। देश के युवाओं के लिए नए रोजगार की कोई घोषणा न होने से युवाओं के हितों का दरकिनार कर दिया गया है। अर्की मंडल युवा कांग्रेस, अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने कहा कि इस बजट में केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियां एक बार फिर से उजागर हो गई हैं। जयनगर में युवा कांग्रेस सदस्यों ने इकट्ठे होकर केंद्र सरकार के बजट में आम आदमी की अनदेखी के लिए पोस्टर दिखाकर इस बजट का विरोध किया है। युवा कांग्रेस अर्की, मंडल से वेद प्रकाश, मोहित ठाकुर, अनिल चौधरी, सुभाष, प्रेम, हेमराज, गुरूदेव, पम्मी, कमल जोगता, प्रवीण जगोता, विक्की, गोले, अखिल व किशोरी लाल आदि युवाओं ने केंद्र सरकार द्वारा इस जनविरोधी बजट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
तिलक राज। कांगड़ा शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फ़ॉर वूमेन घुरकड़ी (कांगड़ा) में पहली फरवरी से तीन फरवरी तक चलने वाली खेलों का समापन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास से किया गया। कार्यक्रम का आगाज परेड की सलामी से हुआ। तदुपरांत लेजियम ड्रिल का सभी ने आनंद लिया। समापन समारोह में शरण कॉलेज की निदेशक शालिनी सैनी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। तीन दिवसीय खेलों के दौरान शरण कॉलेज के प्रांगण में विभिन्न प्रकार की रेसिज, मटका रेस, सैक रेस, 200 मीटर रेस, 400मीटर रेस, 800 मीटर, खो-खो, कबड्डी, बालीबाल, बास्केटबॉल, मंकी जंप, पासिंग दा बाल अंडर दा लेग, फिलिंग दा बोटल तथा अन्य खेलें भी हुईं। जिसमें विपाशा, यमुना, इरावती, चंद्रभागा चारों सदनों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दिखाई। कब्बडी में इरावती की टीम विजेता रही। खो-खो में यमुना सदन की छात्राओं ने बाजी मारी और वालीबॉल में चंद्रभागा सदन प्रथम रहा खेलों के समापन समारोह में मुख्यातिथि ने विजेता छात्राओं को मैडल और सर्टिफिकेट देकर नवाजा तथा छात्राओं के कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही राम चंद्र मिशन यूनाइटेड नेशंस इंफार्मेन्स सेंटर एंड दा हर्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट (एसआरसीएम) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता 2022-23 में शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फ़ॉर वोमैन घुरकड़ी कांगड़ा की डीएलएड सेकंड ईयर की छात्रा नितिका कौंडल ने पूरे हिमाचल में तीसरा स्थान हासिल कर कॉलेज व अभिभावकों का खूब नाम रोशन किया। अंत में कॉलेज प्राचार्या डॉ, सुमन शर्मा ने सभी प्रतिभागी तथा विजेता छात्राओं को बधाई दी तथा उनको खेलों के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने निदेशक शालिनी सैनी का स्वागत व धन्यवाद किया।
रंजीत ठाकुर। कुनिहार राजकीय सी एंड वी अध्यापक संघ हिमाचल प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गानंद शास्त्री की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू से मिला। दुर्गानंद शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के अलावा प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, स्वास्थ मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध ठाकुर, राजस्व बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी व मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी से शिमला सचिवालय में मिला। संघ ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए मुख्यमंत्री व समस्त मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया और अपना मांग पत्र मंत्रिमंडल के समक्ष रखा, जिसमें मुख्य रूप से 20 वर्ष बाद मिलने वाली विशेष वेतन वृद्धि की समयावधि 10 वर्ष करना, सभी सी एंड वी अध्यापकों को योग्यता और अनुभव के आधार पर आर्थिक लाभ सहित टीजीटी पदनाम देना या सीधे प्रवक्ता पद के लिए नीति निर्धारण करना, माध्यमिक विद्यालयों में कला अध्यापक, शारीरिक शिक्षक व भाषा अध्यापक के पदों को पूर्ववत बिना संख्या बार के भरना आदि 20 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि समस्त मंत्रिमंडल ने संघ की मांगों को बड़े ध्यानपूर्वक सुना और इन सभी के निवारण हेतु शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर संघ के राज्य अध्यक्ष दुर्गा नंद महासचिव, देवदत्त, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप राम चंदेल, कोषाध्यक्ष मुख्य महिला विंग सलाहकार सविता कुमारी, सिरमौर के जिलाध्यक्ष वीर सिंह, किन्नौर के जिलाध्यक्ष किरण बिष्ट, दलजीत सिंह, लक्ष्मी नंद तथा राज्य कार्यकारिणी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने आज यहां अधिकारियों को कहा कि किसानों से संबंधित समस्याओं का समाधान करने के लिए अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में अधिक कार्य करें तथा कृषि की नवीन तकनीकों से किसानों को अवगत करवाएं। हिमाचल प्रदेश कृषि सेवाएं संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष रविंद्र शर्मा के नेतृत्व में कृषि मंत्री से भेंट कर उन्हें अपनी मांगों से अवगत करवाया। कृषि मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के लिए शीघ्र ही कृषि प्रसार और कृषि विकास अधिकारियों के पदों को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि और खेती की विभिन्न तकनीकों की जानकारी प्रदान करने वाली पत्रिका का भी प्रकाशन किया जाएगा। विभाग की कृषि भूमि की बाड़बंदी कर उसमें कृषि गतिविधियों को और बढ़ावा दिया जाएगा तथा किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस अवसर पर शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया, संघ के महासचिव नरेश नायक और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर हमीरपुर के गांधी चौक पर आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने गांधी चौक की चारों तरफ पूरी व्यवस्था का जायजा लिया और जो भी कमियां पाई गईं, उन्हें अधिकारियों को जल्द से जल्द पूरा करने के दिशा निर्देश दिए गए। प्रशासन मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर किसी तरह की कोई कमी नहीं रहने देगा इसी के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लिया गया। उपायुक्त हमीरपुर देव श्वेता बनिक ने बताया कि आगामी दिनों में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का हमीरपुर जिला का दौरा है, जिसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज गांधी चौक पर होने वाली जनसभा को लेकर तैयारियों का जायजा लिया गया है कि किस तरह से तैयारियां की जाएंगी और किस तरह की व्यवस्थाएं पूरे कार्यक्रम में रहेंगी। उन्होंने कहा कि यातायात को लेकर भी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं, ताकि शहर में आने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना। इस मौके पर इस मौके पर उपायुक्त देव श्वेता बनिक, एसपी आकृति शर्मा, एएसपी अशोक वर्मा, एसडीएम मनीष सोनी, एडीसी जितेंद्र सांजटा,और सदर विधायक आशीष शर्मा व अन्य विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
मनीष ठाकुर। इंदाैरा राजकीय महाविद्यालय सुघ भटोली में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर का आज समापन राजकीय डिग्री कॉलेज सुघ-भटोली में पीटीए अध्यक्ष सीमा देवी द्वारा किया गया। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों को उनके सात दिवसीय एनएसएस शिविर के समापन पर बधाई और आशीर्वाद दिया। उन्होंने एनएसएस अधिकारी प्रो. जगन सिंह की प्रशंसा की, जिनके मार्गदर्शन में यह सात दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। प्रो. जगन सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन में एक अच्छा लक्ष्य चुनने और उसे प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अधीक्षक राजेश कुमार, लिपिक हरजिंदर सिंह एवं बीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
बैठक में बिलासपुर के विधायकों से भी भाग लेने का आग्रह फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला माल ढुलाई भाड़े को लेकर सीमेंट कंपनी और ट्रक ऑपरेटरों के बीच विवाद को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में दाड़लाघाट ट्रक ऑपरेटर यूनियन तथा एसीसी बरमाणा ट्रक ऑपरेटर यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ देर शाम एक बैठक हुई। बैठक में सीमेंट कंपनी तथा ट्रक ऑपरेटर के बीच मालभाड़े को लेकर चल रहे विवाद को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। ट्रक ऑपरेटर यूनियनों ने सीमेंट कंपनी के साथ विवाद को समाप्त करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी हितधारकों के साथ चर्चा कर अपना प्रस्ताव प्रदेश सरकार के समक्ष रखने के लिए दो दिन का समय मांगा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 फरवरी को सायं 4 बजे पुनः इस मामले पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के सभी विधायकों से भी इस बैठक में भाग लेने का आग्रह किया। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक राजेश धर्माणी, इंद्र दत्त लखनपाल, प्रधान सचिव आरडी नज़ीम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति केसी चमन, निदेशक उद्योग विभाग राकेश प्रजापति, निदेशक परिवहन अनुपम कश्यप और ट्रक ऑपरेटर यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला प्रदेश विधानसभा में प्रथम बार निर्वाचित विधायकों की कार्यकारिणी ने अध्यक्ष केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों पर अनौपचारिक चर्चा भी की। गत दिनों शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया को प्रदेश विधानसभा में प्रथम बार निर्वाचित विधायकों की कार्यकारिणी का अध्यक्ष चुना गया है। उनका अध्यक्ष बनने के लिए प्रस्ताव धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर की ओर से प्रस्तुत किया गया था। भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज और शिमला (शहरी) के विधायक हरीश जनारथा ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। कार्यकारिणी में महासचिव पद की जिम्मेदारी बिलासपुर से विधायक त्रिलोक जम्वाल को सौंपी गई है। उनके नाम का प्रस्ताव चंबा के विधायक नीरज नय्यर व इंदौरा के विधायक मलिंद्र राजन ने किया। गगरेट के विधायक चैतन्य शर्मा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ आईटी और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी करसोग के विधायक दीप राज को सौंपी गई है। इस दौरान सभी विधायकों ने उनके समक्ष पेश आने वाली समस्याओं और चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। विधायक किस प्रकार अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें, इस पर भी चर्चा की गई।
शिमला में हुई बैठक में विधायक ने रखीं विकास की प्राथमिकताएं फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शिमला में विधायक प्राथमिकताओं पर चर्चा को हुई बैठक में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने क्षेत्र के विकास को नए आयाम देने को लेकर अपनी विभिन्न प्राथमिकताएं रखीं। उन्होंने धर्मशाला क्षेत्र की तीन मुख्य खड्डों-चरान, मांझी और मनूणी के तटीकरण की बात की। बता दें, धर्मशाला क्षेत्र में बहने वाली इन खड्डों में बरसात में बाढ़ के कारण उपजाऊ भूमि का कटाव व अन्य जान-माल का नुकसान होता है। इनके तटीकरण से एक ओर जहां हर साल करीब 1300 हैक्टेयर भूमि का बाढ़ से बचाव होगा, वहीं सालाना 25 करोड़ रुपये के नुकसान को भी बचाया जा सकेगा। बैठक में चर्चा के दौरान सुधीर शर्मा ने धर्मशाला के नरघोटा में एक्जीबिशन इंडस्ट्री हब बनाने की दिशा में काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक्जीबिशन इंडस्ट्री हब आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के साथ साथ प्रदर्शनियों से संबंधित विभिन्न प्रकार के सहायक उद्योगों के विकास का वाहक होगा। इसके अलावा उन्होंने धर्मशाला में ट्यूलिप गार्डन से चटकर और मांझी से धर्मकोट के लिए दो रोप-वे बनाने की बात की। सुधीर शर्मा ने कांगड़ा हवाई अड्डे के निर्माण को प्राथमिकता पर करने का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री ने इन सभी कार्यों के लिए अपनी सहमति व्यक्त की। बैठक में उपरांत सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला के विकास के लिए प्राथमिकता के साथ चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा जाएगा। क्षेत्र में विकास की नई योजनाएं लाने क साथ साथ अधूरे कार्यों को सिरे तक ले जाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे धर्मशाला के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने को प्रतिबद्ध हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं के स्थाई समाधान के अलावा यहां विश्वस्तरीय मानकों की सुविधाएं सृजित कराना उनका लक्ष्य है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला शिमला के आईजीएमसी में स्टेट ऑर्गन एंड टिशु ट्रांस प्लांट ऑर्गेनाइजेशन (सोटो) हिमाचल प्रदेश व आई बैंक आईजीएमसी वीरवार को अंगदान व नेत्रदान के प्रति जागरूकता अभियान छेड़ा गया। इसमें सुपर स्पेशलिटी वर्ल्ड और कार्डियोलॉजी वार्ड के बाहर मरीजों के साथ आए तीमारदारों और स्टाफ को अंगदान के बारे में जानकारी दी गई। अस्पताल की मेट्रन हरिप्रिया ने जानकारी देते हुए कहा कि नेत्रदान कोई भी व्यक्ति कर सकता है, चाहे वह किसी भी जाति, धर्म, समुदाय या लिंग का हो। नेत्रदान करने और उसके बाद प्रत्यारोपण करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाती। आईजीएमसी का नेत्र बैंक 25 किलोमीटर के दायरे में घर पर हुई मृत्यु के बाद 6 घंटे के भीतर नेत्र एकत्रित करता है। मरने के बाद नेत्रदान करना दूसरों की जिंदगी में उजाला लेकर आता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सरकार की ओर से सोटो संस्था की स्थापना की गई है। यह संस्था प्रदेश में जगह-जगह जाकर लोगों में अंगदान के प्रति भ्रांतियों को दूर करने में जुटी हुई है। देश में प्रतिदिन प्रत्येक 17 मिनट में एक मरीज ट्रांसप्लांट का इंतजार करते हुए जिंदगी से हाथ धो बैठता है। एक व्यक्ति जिसकी उम्र कम से कम 18 वर्ष को स्वैच्छिक रूप से अपने करीबी रिश्तेदारों को देश के कानून व नियमों के दायरे में रहकर अंगदान कर सकता है। अंगदान एक महान कार्य है जो हमें मृत्यु के बाद कई जिंदगियां बचाने का अवसर देता है। अंगदान के संबंधित सही जानकारी व भ्रम होने की वजह से अधिकतर लोग अंगदान करने से पीछे हट जाते हैं। इसीलिए अगर लोगों में पहले से अंगदान को लेकर पर्याप्त जानकारी होगी, तभी ऐसे मौके जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो सकते हैं। कार्यक्रम में सोटो की आईईसी मीडिया कंसलटेंट रामेश्वरी, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर नरेश कुमार और प्रोग्राम असिस्टेंट भारती कश्यप सहित अन्य स्टाफ नर्सें मौजूद रही।
मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में अगामी वार्षिक बजट में विधायक प्राथमिकता के निर्धारण के लिए आयोजित बैठक में भाग लिया। विधायक प्राथमिकता के तहत आशीष शर्मा ने अपने विधासभा क्षेत्र की प्रमुख प्राथमिकता हमीरपुर बस अड्डा सहित ताल में वेटरनरी कॉलेज खोलने, झगड़ियानी स्कूल में विज्ञान प्रयोगशाला खोलने, अणु को मल निकासी योजना से जोड़ने और हमीरपुर में शहीदी स्मारक बनाने सहित अन्य प्रस्ताव दिए। इस मौके पर विधायक ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री इन योजनाओं को धरातल पर अमलीजामा पहनाएंगे। विधायक ने कहा कि चार फ़रवरी को यशस्वी मुख्यमंत्री हमीरपुर के दौरे पर आएंगे। इस दौरान अपने हजारों समर्थकों की उपस्थिति में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुक्खू की सरकार से प्रसिद्ध इस सरकार के मुखिया का हमीरपुर का दौरा लोगों के लिए विकासात्मक योजनाओं से भरपूर् और सुख के क्षण देने वाला होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमीरपुर के ऐतिहासिक गांधी चौक पर विशाल जनसभा को संबाेधित करेंगे एवं विकास की सौगात हमीरपुर को देंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला विधायक प्राथमकिता बैठक के दूसरे दिन के प्रथम सत्र में जिला कांगड़ा और किन्नौर के विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र की विकास योजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि गुड गवर्नेंस के लिए गुड गवर्नमेंट का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों की प्राथमिकताएं बजट की दिशा तय करती हैं, ऐसे में सभी विधायक अपनी योजनाएं भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप प्रस्तावित करें और सरकार का सुशासन प्रदान करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं और योजनाओं के साथ-साथ अन्य सुझाव भी दें, सरकार उन पर विचार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की शिकायतों को प्रभावी ढंग से सुलझाने और कुशल प्रशासन प्रदान करने के लिए वर्तमान सरकार तत्परता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए सभी पक्षों के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य सरकार इस दिशा में कड़े निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि सभी विकासात्मक परियोजनाओं की समय सीमा तय कर उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बड़े अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी शुरू की जाएगी, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने में और मद्द मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन से पानी की योजनाऐं सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं, अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए ब्लूप्रिंट तैयार करें और अगर पानी की योजना व स्रोत को नुकसान पहुंचता है, तो इस पर एफआईआर दर्ज करने का भी प्रावधान किया जाए। कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का ने पंजाब की सीमा से लगे क्षेत्र में युवाओं को नशे से बचाने के लिए दृढ़ प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने नूरपुर में मेडिकल कॉलेज खोलने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे इंदौरा, फतेहपुर और ज्वाली क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए पेयजल की तीन योजनाओं के निर्माण का प्रस्ताव किया। विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने अपने क्षेत्र में ड्रग्स और अवैध खनन माफिया पर शिकंजा कसने का आग्रह किया। उन्होंने अपने क्षेत्र में 10 नए ट्यूबवैल लगाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने शाहनहर से छूटे क्षेत्र में किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध करवाने के लिए वितरण प्रणाली का शेष कार्य शीघ्र पूरा करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया। जसवां-प्रागपुर के विधायक बिक्रम सिंह ने एफसीए और एफआरए स्वीकृतियों के मामलों में तेजी लाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार इस पर दृढ़ता से कार्य कर रही है और प्रक्रिया को समयबद्ध किया जा रहा है, जिसके लिए यूजर एजेंसी, डीएफओ और संबंधित जिलों के उपायुक्तों को उत्तरदायी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। फतेहपुर के विधायक भवानी सिह पठानिया ने ड्रग व खनन माफिया पर नियंत्रण के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और अधिक रोजगार सृजित करने तथा नशा निवारण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया। उन्होंने रैहन के पुलिस स्टेशन को स्तरोन्नत करने का आग्रह किया। विधानसभा क्षेत्र ज्वालाजी के विधायक संजय रत्न ने निर्माणाधीन योजनाओं को पूरा करने के लिए धन का प्रावधान करने का आग्रह किया, ताकि इन योजनाओं का लाभ आम लोगों को मिल सके। उन्होंने जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग के मण्डल खोलने का प्रस्ताव किया। उन्होंने 51 पंचायतों के लिए सुराली में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय खोलने का प्रस्ताव किया। विधायक ने मझीण, लगडु और खुंडिया में बस स्टैंड और टीहरी में बहुतकनीकी महाविद्यालय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने एडीबी की सहायता से ज्वालाजी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाने का आग्रह किया। जयसिंहपुर के विधायक यादवेंद्र गोमा ने अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पंचरुखी को स्तरोन्नत कर सीएचसी बनाया जाए। उन्होंने क्षेत्र में बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर में एचआरटीसी डिपो की आवश्यकता है और उसके लिए पर्याप्त आधारभूत ढांचा भी तैयार किया जाना चाहिए। विधानसभा क्षेत्र सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने संसाधन बढ़ाने व शानन परियोजना के लिए रोडमैप तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने मिनी और माइक्रो हाइडल प्रोजेक्ट पर वाटर टैक्स के लिए नीति बनाने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है। कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने नगरोटा बगवां और कांगड़ा के बीच बन रहे रेलवे ओवर ब्रिज को शीघ्र शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार हाईटैक अस्पताल के निर्माण की बात कही। उन्होंने बेसहारा पशुओं को आश्रय प्रदान करने के लिए ठोस नीति बनाने, कूहलों और हैंडपंपों की मरम्मत करवाने का सुझाव दिया। शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कर्मचारी चयन आयोग के कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग के कामकाज को निलंबित करने और पुरानी पेंशन को बहाल करने के प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने शाहपुर आईटीआई में रोजगारोन्मुखी कोर्स शुरू करने और बीडीओ कार्यालय के लिए नया भवन बनाने का प्रस्ताव किया। उन्होंने शाहपुर में जल शक्ति विभाग की योजनाओं का निर्माण शुरू करने और चंबी मैदान को विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में ईसीएचएस और सीएसडी कैंटीन खोलने के लिए भूमि हस्तांरित करने का भी सुझाव दिया। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने अमृत योजना के तहत धर्मशाला के कुछ वार्डों के लिए पानी की स्कीमें बनाने, मांझी और ट्यूलिप गार्डन से दो रोप-वे निर्माण का प्रस्ताव किया। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के सरकार के निर्णय का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 तक हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। बैठक में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल, पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, वित्त सचिव अक्षय सूद, योजना सलाहकार डॉ. बासु सूद, प्रशासनिक सचिव, विभागाध्यक्ष, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
टीम ने किया ग्राम पंचायत बारीं में भूमि का निरीक्षण मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर टौणी देवी में मलिया कचरा प्रबंधन प्लांट शुरू करने के प्रयास तेज हो गए हैं, इसके लिए पंचायती राज विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत बारीं में भूमि का निरीक्षण किया तथा इसके लिए आगामी प्रक्रिया अमल में लाने के निर्देश दिए हैं, जिससे प्लांट स्थापित करने के लिए आगामी कार्रवाई की जा सके। पंचायती राज विभाग की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के प्रदेश समन्वयक संजीव राणा ने जिला समन्वयक अनिल पटियाल, खंड समन्वयक सुजय कटोच के साथ ही ग्राम पंचायत बारीं के प्रधान रविंद्र ठाकुर के साथ यहां का दौरा किया। स्वच्छ भारत मिशन के प्रदेश संयोजक संजीव राणा ने बताया कि आगामी समय में घर-घर में निर्मित शौचालय को खाली करने की समस्या गंभीर रूप धारण कर सकती है। इसे सरकार चुनौती के रूप में ले रही है तथा इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रदेश भर में मलिय कचरा प्रबंधन को ठिकाने लगाने के लिए प्लांट लगाए जाएंगे। जिसमें जिला व ब्लाक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बताया कि बमसन खंड के लिए भी टौणी देवी में प्लांट लगाने की योजना बनाई जा रही है तथा इसके लिए ग्राम पंचायत बारी में भूमि देखी गई है। आगामी दिनों में सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिससे इस दिशा में आगे कदम बढ़ाया जा सके। अभी तक प्रदेश में किसी भी स्थान पर मलिक कचरा प्रबंधन प्लांट स्थापित नहीं हुआ हैं तथा अब इसके लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वह सभी जिलों का भ्रमण कर जगह चिन्हित कर रहे हैं। इसी कड़ी में टौणी देवी की ग्राम पंचायत बारी में भी जगह देखी गई। बताया कि यह प्लांट बिल्कुल आधुनिक होगा तथा इससे किसी प्रकार की कोई किसी को असुविधा नहीं होगी। क्षेत्र को विशेष लाभ होगा तथा पंचायत को आगामी दिनों आय का साधन भी संयंत्र बनेगा। ग्राम पंचायत बारी के प्रधान रविंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रदेश का पहला कचरा प्रबंधन संयंत्र ग्राम पंचायत बारी में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए बारी में स्थान भी देखा गया है। लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से इसे तैयार किया जाएगा। इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे तथा लोगों का सहयोग भी इसमें पंचायत को पहले की तरह मिलेगा, जिससे इस कार्य को अमलीजामा पहनाया जा सके। पंचायत के विकास के लिए वह हमेशा तत्पर है तथा आगामी दिनों में इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार व जिला प्रशासन का भी पूरा सहयोग विकास कार्यों के लिए मिल रहा है। कार्यों को मूर्त रूप प्रदान करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। खंड विकास अधिकारी टौणी देवी सिकंदर ने भी इस स्थान का निरीक्षण किया है तथा उन्होंने बताया कि यह प्लांट क्षेत्र के लिए लाभकारी साबित होगा। पंचायत को इसके लिए आगामी दिनों में विशेष प्रयास करने चाहिए। विकास खंड कार्यालय की ओर से पंचायत का पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
शिवांशु शुक्ला। धर्मशाला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता की अध्यक्षता में दस्त रोग प्रभावित क्षेत्रों शीला चौक, पासु और भटेहड़ का दौरा किया। जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया की दो रैपिड रिस्पांस टीमों का गठन किया गया है, जो कि घर-घर जाकर लोगों को दस्त रोग से कैसे बचा जा सकता है। इसके बारे में जानकारी उपलब्ध करवा रहे हैं तथा लोगों को दवाइयां ओ आर एस तथा जिककी गोलियां उपलब्ध करवा रही हैं। आने वाले कुछ दिनों तक यह गांव अंडर सर्विलेंस ही रहेंगे। इसके साथ साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा ने बताया की जिला कांगड़ा के सभी स्वास्थ्य खंडों के खंड चिकित्सा अधिकारीयों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने अपने स्वास्थ्य खंडों मे इस प्रकार की बीमारियों के लिए निगरानी बनाए रखें। इसके साथ साथ ब्लॉक आरआरटी टीम तथा संबंधित फील्ड स्टाफ बीमारी से संबंधित नए मामलों पर नजर रखते हुए हैं, तुरंत अपने उच्चाधिकारियों को जानकारी दें, ताकि जल्दी से जल्दी उचित कदम उठाया जा सके। आगे जानकारी देते हुए डिस्टिक सर्विलेंस ऑफिसर डॉ. तरुण सूद ने बताया कि डरने की कोई जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य विभाग हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर अपने हाथों को समय-समय पर साबुन और पानी से धोते रहे। ताजा खाना करें, भोजन को ढक कर रखें। आसपास की स्वच्छता पर ध्यान दें। दस्त लगने पर ओआरएस और जिंक का प्रयोग करें। खुले में शौच न करें। बासी भोजन का सेवन न करें। गंभीर लक्षण होने पर तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य संस्थान में संपर्क करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के साथ डिस्टिक सर्विलेंस ऑफीसर डॉ. तरुण सूद, बीएमओ तियारा डॉ. विवेक करोल, एमओ इंचार्ज पीएचसी दाड़ी डॉ. माहिल आदि मौजूद रहे।
मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर ग्राम पंचायत चौकी कंनकरी का एक प्रतिनिधिमंडल डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा से मिला और उन्होंने उनको गंदे पानी की सप्लाई के बारे में अवगत कराया। इस मौके पर गांव वासियों ने ग्राम पंचायत के द्वारा पास रेजोल्यूशन की कॉपी भी पुष्पेंद्र वर्मा को सौंपी। जिसमें पंचायत की तरफ से विभाग को बार-बार इस तरह की गंदे पानी की सप्लाई के बारे में बताया, लेकिन इसका अभी तक कोई भी हल नहीं निकला। इसलिए गांव के गणमान्य व्यक्तियों ने डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा को ज्ञापन सौंपा और डॉ. वर्मा ने तुरंत अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत करते हुए तुरंत इस तरह की सप्लाई को बंद कर के नए सिरे से साफ पेयजल की व्यवस्था करने के बारे में कहा, ताकि किसी तरह की कोई महामारी फैलने की गुंजाइश न हो। साथ में उन्होंने अधिकारियों से यह भी अनुरोध किया कि इस तरह की सप्लाई कैसे इस चौकी कंनकरी पंचायत में आ रही है, उसका भी तुरंत पता लगाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही से मुख्यमंत्री जी को अवगत करवाया जाएगा, ताकि जिला हमीरपुर में शुद्ध पेयजल की सप्लाई हो सके और लोगों का जीवन सुरक्षित रहे। क्योंकि शुद्ध पेयजल हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार है और हमारी कांग्रेस सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।


















































