जसवां-परागपुर : डाडासिबा पंचायत भवन में फहराया तिरंगा, सुरेंद्र सिंह मनकोटिया रहे उपस्थित
स्वतंत्रता दिवस का पर्व डाडासिबा में पूरे जोश के साथ मनाया गया। जसवां-परागपुर के दिग्गज कांग्रेसी नेता और पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने पंचायत भवन में तिरंगा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जैसे ही तिरंगा लहराया, पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने कहा कि आज का दिन हर भारतियों के लिए गर्व और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अनेक बलिदानों के बाद मिली है, और हमें इसका मान-सम्मान बनाए रखना होगा। “यह तिरंगा सिर्फ कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं, बलिदानों और उम्मीदों का प्रतीक है। इसकी आन-बान-शान की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है।”
मनकोटिया ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, तकनीक, कृषि और सामाजिक सेवा में आगे बढ़कर देश की प्रगति में योगदान दें। उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि हम भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर लड़ें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक सशक्त और समृद्ध भारत मिल सके।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल की सदस्याएं, स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविताएं और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भावनाओं से भर दिया। कार्यक्रम के अंत में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए, उनके बलिदान को नमन किया गया।
डाडासिबा पंचायत भवन में आयोजित यह समारोह स्वतंत्रता दिवस के गौरव, एकता और देशभक्ति का जीवंत प्रतीक बना। सुरेंद्र सिंह मनकोटिया का जोशीला भाषण और तिरंगे की शान में किए गए वचनों ने लोगों में नई ऊर्जा और देश के प्रति समर्पण की भावना भर दी।
