कांगड़ा: मतदाता दिवस पर लॉरेट फार्मेसी शिक्षण संस्थान में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
लॉरेट फार्मेसी शिक्षण संस्थान के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब द्वारा 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में संस्थान की वीमेन सेल द्वारा “बालिकाओं को सशक्त बनाना, राष्ट्र को सशक्त बनाना” विषय पर एक सेमिनार भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सेंट्रल यूनिवर्सिटी धर्मशाला से प्रोफेसर मृदुला शर्मा तथा अधिवक्ता भावना शर्मा रहीं। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य एवं निदेशक प्रोफेसर डॉ. एम. एस. आशावत द्वारा मुख्य वक्ताओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य वक्ताओं का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया।
इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की मुख्य थीम “माय इंडिया, माय वोट” रही, जिसका उद्देश्य मतदाताओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को उनके मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना था। अपने संबोधन में प्रोफेसर मृदुला शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक के वोट की अहम भूमिका होती है। उन्होंने छात्रों को यह संदेश दिया कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि युवा मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी न केवल चुनावी परिणामों को प्रभावित करती है, बल्कि समाज में जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को भी सशक्त बनाती है। साथ ही उन्होंने छात्रों को डिजिटल एवं ऑफलाइन माध्यमों से मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा प्रश्न-उत्तर सत्र में भी सक्रिय सहभागिता दिखाई। वहीं अधिवक्ता भावना शर्मा ने “बालिकाओं को सशक्त बनाना, राष्ट्र को सशक्त बनाना” विषय पर प्रेरक वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसर प्रदान करने से न केवल उनका व्यक्तिगत विकास होता है, बल्कि राष्ट्र की प्रगति भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभाने और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान “माय इंडिया, माय वोट” अभियान के अंतर्गत छात्रों और युवाओं ने मतदान की शपथ ली। शपथ के माध्यम से उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, मतदान के प्रति जिम्मेदार रहेंगे और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सीपीएस वर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने मुख्य वक्ताओं, शिक्षकों तथा सभी छात्रों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. विनय पंडित, डॉ. अमरदीप अंकलगी, डॉ. प्रतिमा आशावत, डॉ. परवीन, डॉ. अदिति कौशिक, डॉ. शिव कुमार खुशवा सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
