जयसिंहपुर विधानसभा के अंतर्गत जाने वाले नाहलना गांव की बेटी आदित्री ठाकुर ने चीन के शैपाई में आयोजित एशिया महिला रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत करके जयसिंहपुर विधानसभा का नाम व अपने परिवार का नाम रोशन कर दिया है। आदित्री ठाकुर के पिता अशवनी ठाकुर चंडीगढ़ पीजीआई में नौकरी करते हैं व माता सपना ठाकुर चंडीगढ़ में ईएसआई हॉस्पिटल में नर्स है। आदित्री ठाकुर चंडीगढ़ मे रायन इंटरनेशनल स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। आदित्री ठाकुर आजकल अपने पैतृक गांव नाहलना में आयी हुई है, जिससे गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है। आदित्री ठाकुर ने इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों व दादा गगन सिंह, दादी व माता- पिता को दिया है।
-वाहन तक पहुंचने में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की ली मदद परागपुर के साथ लगते पुली इलाके में शुक्रवार देर शाम बाइक को टक्कर मारकर भागे वाहन की पुलिस ने पहचान कर ली है। पुलिस इसे जब्त कर देहरा थाने ला रही है। पुलिस परागपुर से लेकर रानीताल तक कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से वाहन तक पहुंची है। बताया जा रहा है कि यह वाहन कांगड़ा की किसी फर्म के नाम पर पंजीकृत है। बता देें कि हादसे के बाद से ही देहरा थाने के यातायात प्रभारी एएसआई रवि कुमार टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटे थे। गौरतलब है कि इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। साथ ही सड़क किनारे चल रही एक महिला भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गई थी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था।
बढल ठोर बस स्टैंड सड़क किनारे बिना वजह दिन भर खड़ी गाड़ियों के कारण यहां जाम लगना आम बात हो गई है। इस कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी तो हो ही रही है, साथ ही किसी बड़े हादसे का अंदेशा भी बना हुआ है। हालांकि समय-समय पर पुलिस भी ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसती आ रही है, बावजूद इसके न मानू की तर्ज पर कई बिगड़ैल चालक अपनी गाड़ियों को वहीं सड़क किनारे पार्क करके चले जाते हंै। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से बढल ठोर से डाडा सीबा व तलवाड़ा के लिए बसें जाती हैं मसलन बस स्टैंड में बस के इंतजार में पहले ही सवारियां खड़ी रहती हैं और ऊपर से इसी सड़क पर उक्त गाड़ियां पार्क होने से बसें सवारियों को बिठाने के लिए खड़ी हो जाती हैं, जिससे वहां हमेशा हादसे का डर बना रहता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का हल किया। क्या कहते हैं एसएचओ इस संदर्भ मे देहरा थाना प्रभारी संदीप पठानिया ने बताया कि बढल ठोर सड़क किनारे बेवजह गाड़ियां खड़ी करना ठीक नहीं है। पुलिस गश्त के दौरान अगर यहां कोई भी गलत ढंग से गाड़ी पार्क की मिलती है तो ऐसे चालकों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।
पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है और सैलानियों की सुविधा के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए शीघ्र ही टूरिस्ट हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी और इसे 1100 हेल्पलाइन से जोड़ने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क संपर्क के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी सुदृढ़ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों में पर्यटकों का अधिक दिन तक ठहराव हो, इसके लिए कि प्रदेश सरकार राज्य में ईको-टूरिज्म पर्यटन को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है और इसके लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण वन क्षेत्रों में 11 ईको-पर्यटन स्थल चिन्हित किए गए हैं। इनमें पालमपुर वन मंडल में स्वार, सौरभ वन विहार, न्यूगल पार्क, बीड़-बिलिंग, पार्वती वन मंडल में कसोल, खीर गंगा व सुमारूपा, सिराज में सोझा, कोटगढ़ में नारकंडा और शिमला वन मंडल के तहत शोघी कैंपिंग स्थल व पोटर हिल कैंपिंग स्थल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटकों को वैश्विक स्तर की सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। इसी दिशा में अनेक नवोन्मेषी पहल की जा रही हैं। प्रदेशवासियों और पर्यटकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए चरणबद्ध तरीके से यू.वी.अल्ट्रा फिल्टरेशन तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
-विधायक केवल सिंह पठानिया ने विजेता खिलाड़ियों की थपथापाई पीठ रैत में राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता में हाकी में सिरमौर ने अपना दबदबा कायम किया जबकि टेबल टेनिस में मंडी की छात्राएं पहले स्थान पर रहीं। सोमवार को राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा के लिए कारगर कदम उठा रही है तथा सभी विद्यालयों में खेल गतिविधियों के लिए आधारभूत संरचना भी विकसित की जा रही है ताकि प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर भी चरणबद्व तरीके से मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलें जीवन का अभिन्न अंग हैं तथा खेलों के माध्यम से ही युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखा जा सकता है। इस प्रतियोगिता में 12 जिलों की 470 छात्राओं तथा 150 ऑफिशियल ने भाग लिया । विजेताओं को मिला सम्मान मुख्यातिथि केवल सिंह पठानिया ने इस खेलकूद प्रतियोगिता में हॉकी में विजेता रही सिरमौर जिला की छात्राओं तथा उपविजेता रही उना की छात्राओं को पुरस्कृत किया इसी तरह से टेबल टेनिस की विजेता मंडी तथा उपविजेता कांगड़ा, वेटलिफ्टिंग में विजेता ऊना, उपविजेता कांगड़ा, बॉक्सिंग में विजेता शिमला तथा उपविजेता मंडी जिबकि ताइक्वांडो में विजेता सिरमौर, उपविजेता हमीरपुर की टीम को पुरस्कृत किया इस प्रतियोगिता के ओवर आल चैंपियन माजरा स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम को नवाजा गया। इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य तथा ऑर्गेनाइजेशन सक्रेटरी अजय समयाल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। एडीपीओ अतुल कटोच ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त तथा खेलकूद प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आये हुए स्टाफ का धन्यवाद किया तथा आभार जताया। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर उपनिदेशक शिक्षा महेंद्र धीमान, अधिशासी अभियंता विद्युत अमन चौधरी, अधिशासी अभियंता जलशक्ति कैप्टन अमित डोगरा, बीडीओ रैत कंवर सिंह, प्रधानाचार्य अनिल जरयाल, शमशेर चौधरी, रिशु समयाल, नरेेंद्र, कुलदीप, खाद्य निरीक्षक सुरेश कुमार,प्रधान सिहवां अजय बबली, प्रदीप बलोरिया, कैप्टन जनमेज, कैलाश शर्मा, कुलभूषण, कुलदीप शर्मा, करतार चंद, विभिन्न स्कूलों के डीपी,पीटी, अध्यापक वर्ग, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
थाना देहरा की संसारपुर टैरस चौकी के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में कमरे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मदन लाल (३२) पुत्र गुरबख्श सिंह निवासी मलहोट तहसील झंडुता, जिला बिलासपुर, संसारपुर टैरस में औद्योगिक क्षेत्र में दुकान करता था व सुबह १० बजे के करीब वो दुकान से अपने कमरे पर चला गया। शाम करीब पांच बजे तक भी वो दुकान पर नहीं आया तो उसके आसपास के लोगों ने जब उसके कमरे पर जाकर देखा तो वो कमरे में मृत पड़ा मिला। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संसारपुर टैरस पुलिस को दी। वहीं, पुलिस इंचार्ज एएसआई संजीव कुमार व टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। संजीव कुमार ने बताया कि कमरे में बिजली की तारें पड़ी थीं व युवक के हाथ पर करंट लगा है। वहीं, एसएचओ देहरा संदीप पठानिया ने बताया कि प्रथम दृष्टयता में मौत की वजह करंट लगना हो सकती है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारणों की पुष्टि होगी। उन्होंने कहा कि युवक का शव कल पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेजा जाएगा।
संसारपुर टैरस चौकी के तहत ग्राम पंचायत रिडी कुठेड़ा में कुठेड़ा के समीप एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक को गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार शाम को दो युवक मोटरसाइकिल पर चिंतपूर्णी से संसारपुर टैरस की तरफ आ रहे थे कि रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल एक खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवकों सुनील कुमार (34) पुत्र कालीदास, निवासी ईच्छी कांगड़ा व सुनील कुमार (28) पुत्र यशपाल सिंह निवासी माहला जंडौर को बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने सुनील कुमार पुत्र कालीदास को मृत घोषित कर दिया।
भारत की जनजातियां देश के लगभग सभी राज्यों में फैली हुई है। अलग- अलग राज्यों में इनके रीति-रिवाज और रहन सहन भी एकदम अलग होते हैं। जनजातियां, भारतीय आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जनजातीय संस्कृति भारत की अमूर्त राष्ट्रीय विरासत का एक अभिन्न अंग है। यह उद्गार प्रोफेसर नारायण ने रविवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र मोहली खनियारा में इतिहास हिमालयन जनजातियों का इतिहास एवं संस्कृति सामाजिक स्थिति तथा निरंतरता विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए। उन्होंने हिमालय तथा अन्य क्षेत्रों की जनजातियों के इतिहास तथा समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने भारतीय औपनिवेश काल तथा अंग्रेजों के शासन काल में विभिन्न जनजातियों के मानवीय अधिकारों तथा अजीविका के साधनों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर जनजातियों के विभिन्न समृद्व सांस्कृतिक पक्षों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इससे पहले क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो धर्म प्रकाश वर्मा ने कहा कि भारत वैविध्य पूर्ण आदिवासी संस्कृति से संपन्न देश रहा है जिसने आधुनिकीकरण के दबाव के बावजूद अपनी परंपराएं और मूल्य आज भी सुरक्षित रखे हैं। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में दो सौ से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर प्रो कुलवंत राणा, अंकुश भारद्वाज, डॉ. मोहिंदर, डॉ. चेत राम, डॉ. सकंद मिश्रा, डॉ. बलराज बरार, संयोजक डा राजकुमार, आयोजन सचिव राजेंद्र कुमार सहित संस्थान के 148 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सेवाएं के चुनाव उद्यान विभाग निदेशालय नव बिहार के सभागार हॉल शिमला में संपन्न हुए। इसमें भारी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। इसमें सर्वसम्मति से महासंघ अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर, महासचिव राजीव चौहान एवं उपाध्यक्ष एलडी चौहान चुने गए। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ब्लॉक देहरा के प्रधान विजय अशरफ ने समस्त कार्यकारिणी द्वारा उनको ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं।
समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त सूबेदार अरविंद शर्मा नें बताया कि हरिओम प्राइवेट आईटीआई एवं बीबीएम पब्लिक स्कूल इंद्रा कॉलोनी में सिटी हॉस्पिटल कांगड़ा के द्वारा फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में करीब 150-160 रोगियों को हॉस्पिटल द्वारा फ्री दवाइयां व मेडिकल कंसल्टेशन प्रदान की गई। मेडिकल कैंप का आयोजन दा डिस्ट्रेस रिलीफ, चेरिटेबल बेनोवोलेंट सोसाइटी के द्वारा सोसाइटी के चेयरमैन सेवानिवृत्त कर्नल ऐसी परमार तथा उनके अन्य सदस्यों के सहयोग से कराया गया। चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा सिटी हॉस्पिटल से आए डॉक्टर्स और उनके स्टाफ के लिए चाय नाश्ता व दोपहर के भोजन का आयोजन भी किया गया। क्षेत्रवासियों नें कैंप का आयोजन करने के लिए सिटी हॉस्पिटल एवं डीआरसी सोसाइटी का आभार व्यक्त किया। सोसाइटी के सूरम चंद राणा एवं रंगील सिंह और हरिओम इस सारे कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
करोड़ों रुपये के क्रिप्टो करेंसी फ्रॉड केस में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने हमीरपुर जिले में विभिन्न 21 ठिकानों पर दबिश दी है। एसआईटी ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर, बैंक डिटेल समेत अन्य संपत्तियों की जांच की है। अधिकारी रिकॉर्ड को खंगाल रहे हैं। पुलिस विभाग और वन विभाग में सेवारत कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से भी पूछताछ की है। भोलेभाले लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर क्रिप्टो करेंसी में आरोपियों ने निवेश करवाया था। आरोपियों के पास आलीशान घर, लग्जरी गाड़ियां देखकर एसआईटी भी हैरान है।
-पांच नवंबर को होगा मतदान, मतगणना भी पंचायत मुख्यालय पर होगी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने पंचायतों के उप चुनावों के दृष्टिगत पंचायती राज एक्ट 194 की धारा-158 बी के तहत आदेश जारी करते हुए मतदान के 48 घंटें पूर्व पब्लिक मीटिंग, जुलूस इत्यादि पर संबंधित पंचायतों में पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कांगड़ा जिला में पंचायत उपचुनावों के लिए 5 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वोटिंग सुबह 8 बजे से सायं 4 बजे तक होगी। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद प्रधान, उप प्रधान और पंचायत सदस्य के पदों के लिए मतों की गिनती संबंधित पंचायत मुख्यालय पर होगी और प्रक्रिया पूर्ण होते ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंग। चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रधान, उप प्रधान तथा पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के चुनाव को लेकर संबंधित ग्राम पंचायत में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू रहेगी।
-प्रदेश सचिवालय में भी गैर फॉर्मल कपड़े पहनने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई -प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा ने जारी किया सर्कुलर प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा ने एक सर्कुलर जारी किया है, जिसके अनुसार हिमाचल प्रदेश सचिवालय समेत सरकारी दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारी अगर जीन, टी-शर्ट या अन्य गैर फॉर्मल कपड़े पहनकर आए तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। प्रदेश हाईकोर्ट और अन्य अदालतों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों को फॉर्मल ड्रेस पहनकर ही जाना होगा। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वर्दी पहन कर ही कार्यालय में आना होगा। सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश उच्च न्यायालय ने वर्ष 2017 में इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। उसके बाद कार्मिक विभाग ने सभी विभागों को दिशा-निर्देश तैयार कर जारी किए थे, जिसमें ड्रेस कोड के बारे में जानकारी दी थी। इसमें स्पष्ट किया था कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी उपयुक्त, औपचारिक, साफ और अच्छे दिखने वाले और सही रंग के कपड़े पहनकर ही सरकारी दफ्तर में आएंगे। वे उच्च न्यायालय या अन्य अदालतों में उपस्थित होते हुए भी फॉर्मल और सही तरीके के कपड़े पहनेंगे। इस सर्कुलर के अनुसार हालांकि यह ध्यान में आया है कि इन निर्देशों की ठीक से अनुपालना नहीं की जा रही है। यही नहीं, प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी सही कपड़ों में नहीं पहुंच रहे हैं। उनके लिए पहले से ही वर्दी तय है। अधिकारियों और कर्मचारियों के कपड़े पहनने का अंदाज कार्यालय की व्यावसायिकता, गंभीरता और अनुशासन की शैली को भी प्रदर्शित करता है। ऐसे में राज्य सचिवालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी इन निर्देशों की अनुपालना करें। अगर इस संबंध में किसी भी तरह की कोताही बरती जाती है तो ऐसे में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कंडक्ट रूल्स में प्रावधान होने की भी बात की गई। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में केवल वही वर्दी नहीं पहनेंगे, जिन्हें इससे पहले अनिवार्य नहीं किया गया है।
कांगड़ा जिले में आपदा प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत 45 सूचीबद्व पुनरुद्धार कार्यों के लिए 185 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने देते हुए बताया कि मानसून सीजन में भारी बारिश के कारण आपदा आने पर सरकार ने पंचायतों-गांवों में अधिक से अधिक पुनरुद्धार कार्य मनरेगा के तहत करने के निर्देश दिए थे ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को पुन: विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला की 15 विकास खंडों में आपदा से प्रभावित 13350 कार्यों की सूची भेजी गई थी जिसे स्वीकृति प्रदान की गई है। इंदौर ब्लॉक में 1158 कार्यों के लिए 39.50 करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए हैं इसी तरह से प्रागपुर ब्लॉक में 22 पंचायत में 124 कार्य स्वीकृत किए गए हैं जिस पर 2 करोड रुपए खर्च किया जाएगा। लंबागांव ब्लॉक में 127 पंचायत में 260 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 21 करोड़ के रुपए के करीब व्यय की जाएगा। बैजनाथ ब्लॉक में 76 पंचायत में 1000 कार्य मनरेगा के तहत स्वीकृत किए गए हैं इस पर 7 करोड़ 23 लाख के आसपास राशि खर्च की जाएगी। फतेहपुर ब्लाक में 1123 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 11 करोड रुपए स्वीकृत किए गए हैं। नगरोटा बगबां ब्लॉक में 49 पंचायत में 680 कार्य स्वीकृत किए गए हैं 7 करोड़ के करीब खर्च किया जाएगा इस तरह से रैत ब्लॉक में 55 पंचायत के लिए 923 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 1298 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी सुलह ब्लॉक 1218 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 17 करोड़ की अनुमानित राशि खर्च की जाएगी नगरोटा सूरियां ब्लॉक में 21 पंचायत में 64 कार्य स्वीकृत किए गए हैं 87 लाख की राशि व्यय की जाएगी। कांगड़ा ब्लॉक में 81 पंचायत के लिए 1204 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 22 करोड़ 59 लाख की राशि व्यय की जाएगी पंचरूखी ब्लाक में 70 पंचायत में 1154 कार्य स्वीकृत किए गए हैं 13 करोड़ 65 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। बड़ोह ब्लॉक में 17 पंचायत में 45 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 65 लाख की राशि स्वीकृत की जाएगी। भवारना ब्लॉक में 747 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर करीब 8 करोड़ 52 लाख की राशि व्यय की जाएगी देहरा ब्लॉक 1741 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 15 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी धर्मशाला ब्लॉक की 14 पंचायत के लिए सौ विभिन्न कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 2 करोड़ 34 लाख की राशि व्यय की जाएगी। ग्रामीण स्तर पर पुनरुद्धार कार्यों को तेजी से करें पूरा उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर मनरेगा के तहत स्वीकृत पुनरुद्धार कार्यों को तेजी से पूरा करें ताकि प्रभावितों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि डीआरडीए के परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए कि वे हर 15 दिन में मनरेगा में पुनरुद्धार कार्यों को लेकर समीक्षा करें। मनरेगा मस्टरोल, सामान खरीद जैसी व्यवहारिक समस्याओं के समाधान के लिए भी कार्य करें ताकि मनरेगा के कार्यों में किसी भी तरह का बिलंव नहीं हो।
उप मंडल स्तरीय 31वीं बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चनौर में हुआ, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नलसूहा के आठवीं कक्षा के छात्र वैभव शर्मा ने जूनियर मैथ ओलंपियाड में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय पहुंचने पर वैभव शर्मा का प्रधानाचार्य व अन्य सभी अध्यापकों ने जोरदार स्वागत किया। प्रधानाचार्या विपन शर्मा ने बताया कि अब वैभव शर्मा देहरा उपमंडल की तरफ से जिला विज्ञान कांग्रेस में भाग लेंगे। वैभव शर्मा ने इस कामयाबी का श्रेय प्रधानाचार्य विपन शर्मा, सभी अध्यापकों व विशेषकर विषय अध्यापक संदीप कुमार को दिया।
देश भर में आज महाकाव्य रामायण के रचनाकार महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनाई जा रही है। डाडा सीबा में भी व्यापारियों द्वारा महर्षि वाल्मीकि का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर व्यापारियों द्वारा प्रसाद बांटा गया। इस दिन देश भर में कई सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और महर्षि वाल्मीकि के जीवन से जुड़ी बातों को लोगों तक पहुंचाया जाता है। इस मौके पर डाडा सीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा, पूर्व प्रधान अशोक मेहरा, पूर्व प्रधान धर्मचंद, गुरबचन सिंह, राकेश कुमार, सनी, बलवीर सिंह, कमल कुमार मेहरा, संजीव कुमार मुन्नू, जसवीर सिंह, मनोहर लाल व रतन चंद आदि उपस्थित रहे।
-धोखा होने का एहसास होते ही लड़की ने शादी करने से कर दिया इनकार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के विकास खंड लंबागांव के एक गांव में सेहरा बांधकर आए दूल्हे को बिना दुल्हन के बैरंग लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले लड़की का रिश्ता दूर के दूसरे गांव में तय हुआ था। रिश्ता तय होने पर लड़के वालों ने लड़के का बहुत बड़ा कारोबार होने की बात कही थी। इसी बीच लड़की वाले जब भी लड़के को देखने की बात करते तो लड़के वाले उसका बिजनेस के सिलसिले में बाहर होने की बात कह कर टाल देते। नतीजतन बरात पहुंचने तक लड़के वालों ने लड़की वालों को लड़का देखने ही नहीं दिया। लड़की के घर बरात पहुंचने पर जब लड़के को नहाने के लिए कहा गया, तब भी लड़के के पक्ष वाले उसकी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कहते टाममटोल करने लगे। इससे लड़की के रिश्तेदारों और गांव वालों को कुछ शक होने लगा। देखते ही देखते लड़की वालों को इस बात का एहसास हो गया कि लड़का न तो बोल पा रहा है और न ही ठीक से खड़ा होकर चल पा रहा है। अब लड़की पक्ष को पूरा यकीन हो गया कि शादी के नाम पर उनके साथ धोखा हो रहा है। जब सारी बात का भेद शादी की रस्मों से पहले ही खुल गया तो लड़की वाले असमंजस में पड़ गए। इतने में जब लड़की को इस बात का पता चला तो उसने साहस दिखाते हुए शादी करने से इंकार कर दिया। लड़की के पिता सहित गांववासी और रिश्तेदार भी लड़की के निर्णय से सहमत हो गए। लड़के वालों को बरात वापस ले जाने के लिए कह दिया गया। थोड़ी बहुत बातचीत के बाद लड़के वाले भी बरात वापस ले जाने को सहमत हो गए। नतीजतन पंचायत सदस्यों को मौके पर बुलाया गया और उनके समझाने-बुझाने पर बरात बिना खाना खाए ही बिना दुल्हन के वापस लौट गई। लड़के के दिव्यांग होने पर लड़की सहित उसके परिजनों ने घर आई बरात को बिना दुल्हन के लौटा दिया। संबंधित पंचायत के उप प्रधान ने इसके बारे में बताया कि वह स्वयं वार्ड सदस्य के साथ मौके पर गए थे। उन्होंने कहा कि अगर यह शादी हो जाती तो लड़की उम्रभर के लिए बड़ी मुसीबत में घिर जाती। लड़की के परिजनों की ओर से लिए गए इस साहसिक निर्णय की हर जगह सराहना हो रही है।
25 विधानसभा हलकों से सिर्फ एक मंत्री राजयोग उसका जिसे मिले कांगड़ा और मंडी का साथ सत्ताधारी कांग्रेस के हिस्से में है 11 सीटें क्या कांगड़ा में कांग्रेस की खींचतान डाल रही अड़ंगा ! भाजपा में मंडी को भरपूर मान, कांगड़ा दिखे हल्का मंडी में कांग्रेस को चाहिए व्यवस्था परिवर्तन 12 जिलों में 68 विधानसभा सीटें और 25 सीटें सिर्फ दो जिलों से। यानी करीब 37 प्रतिशत सीटें इन्हीं दो जिलों से है। इसीलिए कहते है हिमाचल प्रदेश में उसका राजयोग पक्का समझो जिसे कांगड़ा और मंडी का साथ मिल जाएँ। इन दो जिलों की चाल, सत्ता की ताल बदल देती है। 15 सीटों वाला जिला कांगड़ा और 10 सीटों वाला जिला मंडी सियासी दलों को मजबूर भी कर सकते है और मजबूत भी। ये ही कारण है की इन्हें सत्ता में भागीदारी भी उसी लिहाज से मिलती रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जिला कांगड़ा कांग्रेस के साथ गया और पार्टी 10 सीटें ले आई। वहीँ मंडी ने भाजपा और जयराम ठाकुर का मान रखा और दस में से नौ सीटों पर भाजपा को शानदार जीत मिली। दोनों जिलों की 25 में से 11 पर कांग्रेस को जीत मिली। खेर सत्ता परिवर्तन हुआ और कांग्रेस की सरकार बन गई। मंडी ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया लेकिन कांगड़ा का भरपूर प्यार मिला। सिलसिलेवार दोनों ज़िलों की बात करते है और शुरुआत करते है ज्यादा सियासी वजन वाले जिला कांगड़ा से। कांगड़ा को जिस सियासी अधिमान की अपेक्षा थी वो अब तक नहीं मिला, कैबिनेट में इसका वजन अब तक हल्का है। कांगड़ा के हिस्से में अब तक सिर्फ एक मंत्री पद आया है। कैबिनेट में तीन स्थान खाली है और जाहिर है इसमें कांगड़ा का भी हिस्सा होगा, लेकिन जो मंत्रिपद पांच साल के लिए मिल सकते थे अब चार साल के लिए मिलेंगे, या उससे थोड़ा कम ज्यादा। जाहिर सी बात है कैबिनेट के चेहरे तय करने में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान अड़ंगा डाल रही है, जिसका खमियाजा कांगड़ा को भुगतना पड़ रहा है। दूसरा सवाल ये भी है कि क्या कांगड़ा में वजनदार नेता नहीं रहे जो जिला के हक की बात रखे। जीएस बाली के रहते कांगड़ा का दावा सीएम पद के लिए था लेकिन अब हालात ये है कि मंत्रिपद के लिए भी कांगड़ा तरस गया है। दूसरा बड़ा नाम सुधीर शर्मा भी पार्टी के भीतरी संतुलन में अब तक कतार में ही है। वीरभद्र सरकार के समय सुधीर और स्व बाली, दोनों ही नेता सियासी मोर्चे पर वॉयलेंट रहते थे, अब बाली रहे नहीं और सुधीर साइलेंट है। दिग्गज ओबीसी नेता चौधरी चंद्र कुमार कांगड़ा से एकलौते मंत्री है, पर उनके जूते में भी उनके पुत्र और पूर्व विधायक नीरज भारती का पांव नहीं पड़ रहा। यानी मंत्री के घर में भी असंतोष है। जिला से दो सीपीएस बनाये गए है मगर ये सीपीएस रहेंगे या नहीं ये भी कोर्ट को तय करना है। आरएस बाली को जरूर कैबिनेट रैंक दिया गया है। इनके अलावा यादविंद्र गोमा, संजय रतन, भवानी पठानिया, मलेंद्र राजन और केवल पठानिया भी अपने अपने हलकों की सियासत में सिमित है। दिलचस्प बात ये है कि जला कांगड़ा के ये दस विधायक चार अलग-अलग गुटों से है। इनमें से तीन गुट कभी साथ थे, अब इनके बिखराव ने इन्हें कमजोर कर दिया है। बहरहाल कांगड़ा को आश्वासन तो मिल रहे है और शायद जल्द मंत्री पद भी मिले, लेकिन इस विलम्ब से कांग्रेस को हासिल क्या होगा, ये बड़ा सवाल है। वहीँ पद देकर किसका कद बढ़ाया जाता है, पुरानी निष्ठाएं बरकारार रहती है या बदलती है, इस पर भी निगाह रहेगी। बात भाजपा की करें तो भाजपा संगठन में भी कांगड़ा हल्का ही दीखता है। उम्मीद थी कि भाजपा का अगला प्रदेश अध्यक्ष जिला कांगड़ा से हो सकता है लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कांगड़ा से प्रदेश संगठन में एक महामंत्री है, वहीँ अन्य पदों में भी कांगड़ा को वैसी तवज्जो नहीं दिखती जैसी अपेक्षा थी। कांग्रेस की तरह ही यहाँ भाजपा में भी गुट है और गुटों में भी गुट है। 2022 के विधानसभा चुनाव में यहाँ भाजपा को सिर्फ चार सीट मिली थी, दो कैबिनेट मंत्री और संगठन के महामंत्री भी चुनाव हार गए थे। कांगड़ा में कमजोरी पार्टी के सत्ता से वनवास का बड़ा कारण बनी। अब बात जिला मंडी की करते है। 2017 के विधानसभा चुनाव से ही मंडी भाजपा के साथ है। तब भाजपा ने क्लीन स्वीप किया था। वहीँ 2022 में भी कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली। भाजपा ने पांच साल मंडी को सीएम पद दिया और विपक्ष में आकर नेता प्रतिपक्ष का पद। यहाँ संकट कांग्रेस के समक्ष है। कांग्रेस के बड़े बड़े दिग्गज चुनाव हार गए जिनमें सीएम पद के दावेदार कौल सिंह ठाकुर भी है। जिला में एकमात्र विधायक है धर्मपुर से चंद्रशेखर। ऐसे में यहाँ मंत्री पद की संभावना न के बराबर है। किन्तु चंद्रशेखर को किसी अहम पद पर एडजस्ट जरूर किया जा सकता है। बहरहाल यहाँ भाजपा के लिए सब दुरुस्त है लेकिन 2017 और 2022 की पुर्नावृति न हो, इसके लिए कांग्रेस को मजबूत एक्शन प्लान की दरकार जरूर है। जिला मंडी में कांग्रेस के लिए आँतरिक व्यवस्था परिवर्तन समय की जरुरत है। मंत्रिपद न सही लेकिन मंडी को भागीदारी भरपूर देनी होगी।
राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी में केंद्रीय छात्र परिषद वर्ष 2023-24 के लिए निर्वाचित पदाधिकारियों को प्राचार्य डॉ सुशील कुमार बस्सी द्वारा शपथ दिलाई गई। प्रधान पद पर विज्ञान चिराग ठाकुर, उप प्रधान पद पर वाणिज्य संकाय की कविता, सचिव पद पर कला संकाय के अजमु, संयुक्त सचिव पद पर बीसीए के शुभम ने शपथ ग्रहण किया। वहीँ , अन्य सदस्यों में साक्षी कौंडल, अनीता कौंडल, मुस्कान शर्मा, वरुण, वैभव शर्मा , मीनाक्षी, साहिल, साहिल धीमान, कृतिका शर्मा, रितिक चौधरी, तमन्ना राणा, अनुप्रिया ठाकुर ने भी जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ ली।
पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत आती पुलिस चौकी रैहन के देहरी में शुक्रवार को एक डिजायर और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इससे बाइक पर सवार दो छात्राएं घायल हो गईं। घायल लड़कियों में एक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मिन्ता और गदरोली निवासी दो छात्राएं शुक्रवार सुबह रैहन की तरफ से देहरी कॉलेज जा रही थीं। ऐसे में देहरी वाटर सप्लाई ऑफिस के सामने राजा का तालाब की तरफ से आ रही स्विफट कार न.एचपी 88–0917 चालक ने विपरीत दिशा में जाकर जोरदार टक्कर मारकर बाइक सवार न.एचपी 88–0376 दोनों छात्राओं को घायल कर दिया। जिससे छात्रा प्रेरणा और आरजू गंभीर रूप से घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल छात्रा मिन्ता प्रेरणा को परिजन पठानकोट के निजी अस्पताल में ले गए। जबकि आरजू निवासी गदरोली को सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया है। इस दौरान जोरदार टक्कर की आवाज से आस पास के लोग इकट्ठा हो गए। इस बीच घटना की सूचना रैहन पुलिस चौकी को दी गई। हैड कांस्टेबल संजीव और दिनेश घटनास्थल पर तत्काल पहुंच गए। और उन्होंने आगे की कार्यवाही शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक दोनों घायल छात्राओं में से गंभीर रूप से घायल छात्रा प्रेरणा की स्थिति की जानकारी पता नहीं चल पाई है।
ज्वालामुखी शहर के गीता भवन में छह नवंबर को मेडिकल एड असेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। एसडीएम की ओर से लगाए जा रहे इस कैंप का समय सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। सात नवंबर को यही कैंप खुंडियां स्थित सिविल अस्पताल में लगाया जाएगा। तहसील कल्याण अधिकारी ने बताया कि 40 फीसदी या इससे अधिक की पात्रता वाले दिव्यांग कृत्रिम अंगों के लिए इस कैंप में आ सकते हैं। कैंप के दौरान एलिमको आक्सीलरी प्रोडक्शन सेंटर चंडीगढ़ से आई टीम दिव्यांगों की आवश्कता का आकलन करेगी। उन्होंने साफ किया कि इस कैंप में किसी तरह के दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बनाए जाते हैं। संबंधित व्यक्ति को चिकित्सा प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो लाना जरूरी होगा। अंगों का वितरण तीन दिसंबर को किया जाएगा।
ज्वालामुखी शहर के गीता भवन में छह नवंबर को मेडिकल एड असेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। एसडीएम की ओर से लगाए जा रहे इस कैंप का समय सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। सात नवंबर को यही कैंप खुंडियां स्थित सिविल अस्पताल में लगाया जाएगा। तहसील कल्याण अधिकारी ने बताया कि 40 फीसदी या इससे अधिक की पात्रता वाले दिव्यांग कृत्रिम अंगों के लिए इस कैंप में आ सकते हैं। कैंप के दौरान एलिमको आक्सीलरी प्रोडक्शन सेंटर चंडीगढ़ से आई टीम दिव्यांगों की आवश्कता का आकलन करेगी। उन्होंने साफ किया कि इस कैंप में किसी तरह के दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बनाए जाते हैं। संबंधित व्यक्ति को चिकित्सा प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो लाना जरूरी होगा। अंगों का वितरण तीन दिसंबर को किया जाएगा।
विधायक मलेंद्र राजन ने बुधवार को वन विश्राम गृह इंदौरा में विधानसभा क्षेत्र के 14 जरूरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 6 लाख 70 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए। यह राशि गंभीर रूप से बीमार चल रहे रोगियों के उपचार हेतु आवंटित की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग विशेषकर अति गरीब और पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और जनसेवा का ध्येय लेकर स्वर्णिम हिमाचल के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने 10 माह के अल्प कार्यकाल में ही कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को लागू कर धरातल पर उतारा है जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है। इस मौके पर एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक ने लंज कॉलेज में 100 केवी ट्रांसफार्मर का किया लोकार्पण नशे से दूर रहकर युवा पीढ़ी सशक्त समाज का निर्माण सुनिश्चित कर सकती है। युवाओं को पढ़ाई के साथ साथ समाज सेवा के प्रकल्पों में भी बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। यह उद्गार शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को राजकीय महाविद्यालय लंज में 100 केवी के ट्रांसफार्मर का लोकार्पण करने तथा सेंट्रल स्टूडेंट एसोसिएशन के नव नियुक्त पदाधिकारियों के शपथ समारोह में बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं ताकि बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त पदों को चरणबद्व तरीके से भरने के लिए प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। इससे पहले कालेज के प्रिंसिपल एसके सोनी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सीएमओ डा सुशील शर्मा, अधिशासी अभियंता अमन चौधरी, पंचायत प्रधान तिलक, हेमराज, सुमन मैहरा, केके डोगरा, रेखा चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी विनय सिंह सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बाल विकास परियोजना धर्मशाला के अधीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के दो तथा सहायिका के 12 पद भरे जाने तय हुए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला रमेश जागवान ने बताया कि पूर्व में इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर रखी गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 6 नवंबर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए पात्र उम्मीदवार सादे कागज पर अपने संपूर्ण दस्तावेजों सहित 6 नवंबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला के कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत ढगवार के मसरेहड़ केंद्र तथा ग्राम पंचायत पासू पंतेहड़ के देहरू केंद्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद भरे जाने हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नम्बर-1 के टैंगलवुड, वार्ड नम्बर-4 के कोतवाली बाजार तथा वार्ड नम्बर-8 के उपरेहड़ केंद्रों में आंगनवाड़ी सहायिका के पद भरे जाने है। वहीं ग्राम पंचायत रसेहड़ के रसेहड़, योल के लहसर, बरवाला के थम्बा, कजलोट के अप्पर सुधेड़, सुक्कड़ के खास सुक्कड़, शीला के शीला-2, गगल के गगल-2, मंदल के निचली भड़वार और ढगवार के मसरेहड़ केंद्रों में भी सहायिका के पद भरे जाएंगे। आवेदन के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी। उम्मीदवार उसी आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की स्थाई निवासी हो। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के लिए जमा दो पास होना आवश्यक है। उम्मीदवार के परिवार की समस्त साधनों से वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
हरिपुर तहसील के गांव झकलेहड़ निवासी युवक साइबर ठगों का शिकार हो गया। ठगों ने उससे करीब एक लाख रुपये लूट लिए। युवक की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यह रकम होल्ड करवा दी। जल्द ही यह रकम उसके खाते में वापस आ जाएगी। झकलेहड़ निवासी संजय कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से लिंक आया। उसने गलती से इस पर क्लिक कर दिया। कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से 99,998 रुपये निकल गए। उसने इसकी शिकायत देहरा डीएसपी कार्यालय में स्थित साइबर सेल में दी। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसके खाते की उक्त रकम को होल्ड करवा दिया। डीएसपी अनिल कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे किसी तरह के लालच में न आएं। अनजान नंबर से आए लिंक और लाटरी के मैसेज पर क्लिक न करें।
भाजपा युवा मोर्चा जिला देहरा द्वारा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के जन्मदिवस के उपलक्ष पर माता श्री बगलामुखी मंदिर में हवन व पाठ पूजा करवाई गई। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रमन शर्मा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शिवेंद्र सैनी, जिला महामंत्री प्रिंस, भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी अक्षय अत्री, अक्षय राणा, अभिषेक, शम्मी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
डाडासीबा के अंतर्गत जमटालू पीर मेला दंगल दशहरा कमेटी द्वारा नंगल चौक मेले की दंगल प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। इसमें प्रदेश और अन्य राज्यों से आये पहलवानों ने अपने जोरदार प्रदर्शन के बलबूते लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल के फाइनल राउंड की भिड़ंत मूहल गांव के पहलवान गोफू और बणी के दीपक के बीच हुई। इसमें गोफू पहलवान ने अपने प्रतिद्वंदी को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पूर्व प्रथम व द्वितीय सेमीफाइनल काफी जोरदार रहे। जीएम एयरटेल दिल्ली ऑपरेशन हेड राजेश विशिष्ट ने दंगल का शुभारंभ किया। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने राजेश विशिष्ट को सम्मानित किया। राजेश विशिष्ट ने कमेटी को 11,000 हजार रुपये का अंशदान दिया। दंगल के समापन पर राजेश विशिष्ट ने ने विजेता व उपविजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया। इसमें विजेता पहलवान को 7000 रुपये व उपविजेता को 6,000 रुपये नकद इनाम दिया गया। दशहरा कमेटी के प्रधान राय सिंह ने दंगल में आए सभी लोगों का धन्यवाद किया।
शाहपुर में चार दिवसीय दशहरा उत्सव के समापन पर कृषि मंत्री ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं को मंत्री ने किया सम्मानित कृषि मंत्री प्रो चंद्र कुमार ने कहा कि दशहरा जीवन में नैतिक मूल्यों और नैतिक आचरण का पर्व है, बुराई और छल पर अच्छाई तथा सत्य की जीत का प्रतीक है। मंगलवार को शाहपुर में चार दिवसीय दशहरा उत्सव के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि कृषि मंत्री प्रो चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि पर्वों तथा त्यौहारों के माध्यम से भारत की समृद्व संस्कृति की झलक मिलती है तथा जीवन जीने के सही मार्गदर्शन भी मिलता है। उन्होंने कहा कि शाहपुर में पहली बार चार दिवसीय दशहरा उत्सव मनाया गया है जिसमें सांस्कृतिक संध्या तथा खेल कूद प्रतियोगिताएं आयोजित कर स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच दिया है यह अपने आप में एक बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी लोक कलाओं के संवर्धन तथा संरक्षण के लिए कारगर कदम उठा रही है ताकि हिमाचल की लोक संस्कृति से युवा पीढ़ी को अवगत करवाया जा सके। इस अवसर पर मुख्यातिथि विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा दशहरा उत्सव के सफल आयोजन पर मेला कमेटी अपनी ऐच्छिक निधी से 51 हजार की राशि भी स्वीकृत की। इससे पहले विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि शाहपुर में चार दिवसीय दशहरा उत्सव के आयोजन का वायदा चुनावों से पूर्व किया गया था तथा उसी वायदे को निभाकर दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि इस दशहरा उत्सव में कबड्डी, वॉलीबाल, रंगोली, रस्सा कस्सी, महिलाओं की चेयर रेस इत्यादि खेलों का आयोजन भी किया गया है। इसके साथ विकासात्मक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया ताकि लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर करतार चंद, सीएमओ डॉ सुशील शर्मा,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, सीडीपीओ संतोष ठाकुर, जितेंद्र सोंधी, शाहपुर नप अध्यक्ष उषा शर्मा, वैज्ञानिक अधिकारी सुनंदा पठानिया, उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया, प्रदीप बलोरिया, अधिशासी अभियंता सुभाष शर्मा, शाहपुर स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल जरयाल, प्रधानाचार्य आईटीआई शाहपुर चौन सिंह, संसार सिंह, डीडी शर्मा, अश्वनी चौधरी, जिन्दु महाजन, राम आदर्श, ओंकार राणा व महिला कांग्रेस के सदस्य सहित कई लोग उपस्थित रहे।
खंड स्तरीय दशहरा उत्सव में विधायक मलेंद्र राजन ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत इंदौरा: इंदौरा क्षेत्र में कृष्णा रामलीला क्लब इंदौरा सहित डाह कुलाड़ा, मोहटली, चूहड़पुर, इंदपुर सुरड़वां, भोग्रवां, मलाहड़ी सहित विभिन्न गांवों में निरंतर रामलीला मंडल का क्रम जारी रहा और आज रावण दहन के साथ दशहरा उत्सव मनाया गया। इससे पहले इंदौरा में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। वहीं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला इंदौरा के मैदान में खंड स्तरीय दशहरा उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रामलीला मंचन जहां मानव जाति को मर्यादाओं का पालन करने का संदेश देता है, वहीं विजय दशमी के अवसर पर रावण दहन से भीतर के रावण को तिलांजलि देने की प्रेरणा समाज को लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत, अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर कृष्णा रामलीला क्लब इंदौरा द्वारा मुख्यातिथि व अन्य गणमान्यों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ जिला देहरा का विजय दशमी के उपलक्ष्य में पथ संचलन कार्यक्रम संपन्न आज संगठन की दृष्टि से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ जिला देहरा का विजय दशमी के उपलक्ष्य में पथ संचलन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें 180 में स्वयंसेवक भाग लिया। इसमें मुख्य उद्बोधन प्रांत बल कार्य प्रमुख सुनील का रहा। उन्होंने अपने उद्बोधन में समाज में व्यापक बुराइयों को समाप्त करके ही समाज और देश का भला हो सकता है। उन्होंने कहा कि देश तभी उन्नत हो सकता है यदि उसकी जनता समाज और राष्ट्र के प्रति जागरूक है। उन्होंने अपने उद्बोधन पर्यावरण को साफ और स्वच्छ रखने के बारे में कहा। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि शाखा स्वयं सेवकों में देशभक्ति और देश निर्माण का भाव पैदा होता है। इसमें विभाग संघ चालक अशोक, जिला संघ चालक डॉक्टर निगम, विभाग समरसता प्रमुख रणजीत, जिला प्रचारक सुनील, जिला कार्यवाह तोमिर, जिला प्रचारक सुनील विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सोमवार को धर्मशाला में भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने भेंट की। इस दौरान दोनों के मध्य क्रिकेट को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विराट कोहली को न्यूजीलैंड के खिलाफ धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में निर्णायक पारी खेलने के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्व कप में भारतीय टीम के विजय अभियान जारी रखने पर प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय टीम बेहतरीन फॉर्म में है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया इस बार विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार है। हर भारतीय की भी कामना है कि भारतीय टीम एक बार फिर विश्व कप जीते। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी तेजिंद्र बिटटू, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा और विधायक सुधीर शर्मा भी उपस्थित थे।
अनुराग ठाकुर का जीवन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत : डॉ. सुकृत सागर आज पूरे प्रदेशभर में खासकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का जन्मदिवस भाजपा कार्यकर्ता धूमधाम से मना रहे हैं। इसी कड़ी में देहरा विधानसभा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. सुकृत सागर के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, इसमें 56 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर डॉ सुकृत सागर ने कहा कि सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का जीवन मेरे जैसे असंख्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि अनुराग साधना व तपस्या की तरह जीवन निर्वाहन कर दिनरात जनकल्याण में लगे हुए हैं। उनके कधों पर देश-प्रदेश की लाखों उम्मीदों का बोझ है। सुकृत ने कहा कि हम सभी ने अनुराग ठाकुर की लंबी आयु, स्वस्थ्य जीवन की कामना करते हुए इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया है तथा रक्तदान किया है। इसमें भाजपा के जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि व भजपा मंडलाध्यक्ष निर्मल सिंह, पूर्व जिला महामंत्री अभिषेक पाधा व अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलनयन डोगरा ने विशेष अतिथि के रुप में शिरकत की। इस मौके पर व्यापार मंडल हरिपुर के अध्यक्ष अतुल महाजन, संदीप शर्मा, योगेश रैना, विजेंदर गुलेरिया, हरपाल सिंह, डॉ अरविंद शर्मा, अंकुश वशिष्ठ, प्रवीन कुमार पिंका, सुदर्शन सिंह, कर्नेल सिंह, गुरवचन सिंह, रमेश, देसराज शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खुंडिया में स्थित हिमाचल ताइक्वांडो अकादमी की प्रियंका अब राज्य स्तरीय गेम्स में अपना दमखम दिखाएगी। यह प्रतियोगिता 27 से 30 अक्तूबर तक कांगड़ा जिला के रैत में आयोजित की जाएगी। प्रियंका हिमाचल ताइक्वांडो अकादमी के संचालक सुनील कुमार और कोच मीना कुमारी के पास पिछले 3 साल से ताइक्वांडो की ट्रेनिंग ले रही है। प्रियंका खुंडिया के छोटे से गांव मझंलाहड की रहने वाली है। बता दें कि अगस्त में हुई स्कूल गेम्स में उसने जिला स्तरीय में ताइक्वांडो गेम में गोल्ड मेडल जीत कर राज्य स्तरीय गेम्स में जगह बनायी थी।
पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत पड़ते कलोहा में सोमवार को एक मजदूर पर दीवार गिरने से मौत का मामला सामने आया है। बताते चलें कि उक्त व्यक्ति कलोहा में ही एक कच्चे घर के समीप मजदूरी कर रहा था कि इतने में अचानक एक घर की कच्ची दीवार उसके ऊपर गिर गई जिससे वह चोटिल हो गया और उसकी दुखद मौत भी हो गयी है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय देबीर सिंह सुपुत्र दीनू राम निवासी निचला कलोहा तहसील रक्कड़ के रूप हुई है । मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी रक्कड़ गुरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा सिविल अस्पताल भेज दिया है।
जसवां परागपुर के अंतर्गत लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल में दशहरे के पर्व पर 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुवात की। वहीं नाटक में विद्यार्थियों द्वारा रामायण के दृश्य को दर्शाया गया जिसमें भगवान राम के वनवास से लेकर सीता हरण के सभी दृश्य को बड़े ही रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। राम द्वारा रावण का वध करके रामायण के दृश्यों को विराम दिया गया। नाटक प्रस्तुति देने के वाले विद्यार्थियों ने प्रांगण में बैठे सभी श्रोतागण और अध्यापकों का मनोरंजन किया । कार्यक्रम के दौरान लोटस ग्रुप के अध्यक्ष अश्विनी कुमार, गुरपाल सिंह और देशराज ठाकुर भी शामिल रहे। अंत में स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के अभिनय की प्रशंसा की। सभी विद्यार्थियों ने संबोधन करते हुए उन्होंने रामायण के महत्व के बारे में बताया उन्होंने यह भी बताया कि दशहरे का असली अर्थ बुराई पर अच्छाई की जीत है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गरली के एनसीसी कैडेट्स को दो साल के प्रशिक्षण और परीक्षा उत्तीर्ण करने के अपरांत ए सर्टिफिकेट दिए गए। इस परीक्षा में स्कूल के 30 कैडेट्स ने हिस्सा लिया। इनमें से 26 कैरेट्स ने परीक्षा ए ग्रेड में और चार कैडेट्स ने परीक्षा बी ग्रेड में पास की। बता दें कि स्कूल में एनसीसी के 2 साल के प्रशिक्षण के दौरान कई गतिविधियां कराई जाती हैं। इसमें सेना संबंधी विषय और जनरल विषय की पढ़ाई के साथ-साथ वेपन ट्रेनिंग, एब्स्ट्रैक्टिकल कोर्स, मैप रीडिंग, फायरिंग इत्यादि का प्रशिक्षण दिया जाता है। कैडेट्स को 2 साल के प्रशिक्षण के दौरान 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में भी हिस्सा लेना अनिवार्य होता है तभी एक कैडेट ए सर्टिफिकेट की परीक्षा के लिए पत्र होता है । स्कूल प्रधानाचार्य अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने कैडेट्स को सर्टिफिकेट दिए और साथ में एनसीसी सेकंड ईयर सेशन 2022-23 के चार कैडेट्स को कंपनी सार्जेंट मेजर, सार्जेंट, कॉरपोरल, लेंस कॉरपोरल रैंक्स आवंटित किए।
जयसिंहपुर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव का रविवार को इसका शुभारंभ हो गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक यादविंदर गोमा ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह से बाजार में होकर दशहरा मंच तक शोभा यात्रा निकाल कर और दीप प्रज्वलित कर राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक गोमा ने जनता को संबोधित करते हुए राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव की बधाई दी व जयसिंहपुर मैदान में दो हाई मास्क लाइट लगाने की घोषणा की । राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव जयसिंहपुर की पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक अर्सप्रीत कौर, नीतीश राज के नाम रही। इस अवसर पर सिविल जज नितिका ताहिम, एसडीयम संजीव ठाकुर, तहसीलदार अभिषेक भास्कर, वीडियो सिकंदर कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जशवंत डढवाल के साथ अन्य विभागों के सभी अधिकारी मौजूद रहे।
-धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में उठाया क्रिकेट मैच का लुत्फ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान 76 करोड़ 57 लाख रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन तथा शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने शाहपुर में 56.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली मल निकासी योजना एवं संवर्द्धन पेयजल योजना नगर पंचायत शाहपुर का शिलान्यास किया। उन्होंने 13.71 करोड़ रुपये की लागत से शाहपुर विधानसभा के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं में पानी की गुणवत्ता में सुधार के लिए जल प्रशोधन संयंत्र का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 5 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न उठाऊ पेयजल योजनाओं की पुरानी पम्पिंग मशीनरी के प्रतिस्थापना कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना-2 के अंतर्गत 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले किसान सुविधा केन्द्र भवन शाहपुर का शिलान्यास किया। उन्होंने लगभग 80 लाख रुपये से निर्मित शाहपुर विश्राम गृह के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण भी किया। शाहपुर के दशहरा मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शाहपुर के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में कांगड़ा में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। ज़िला के ढगवार में 250 करोड़ रूपये की लागत से दुग्ध संयत्र लगाया जा रहा है, जिससे कृषकों और पशुपालकों को उनके उत्पादों के अच्छे दाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार और इससे होने वाले विस्थापितों के पुनर्वास के लिए सरकार ने तीन हजार करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के लिए अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। देहरा के बनखंडी में 400 करोड़ रुपये की लागत से जूलॉजिकल पार्क का निर्माण किया जाएगा। पौंग बांध क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वॉटर स्पोर्ट्स और संबद्ध गतिविधियों को शुरु किया जाएगा। प्रदेश को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए दृढ़ प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि अगले दस वर्षों में हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार सम्माननीय नेता हैं और हमेशा सही बात करते हैं। उन्होंने कहा कि शांता कुमार ने भी आपदा के दौरान प्रदेश सरकार के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के लिए प्रदेश सरकार ने 12 हजार करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन केंद्र सरकार को भेजा है। उन्होंने कहा कि राज्य को केंद्र की ओर से अभी तक विशेष राहत पैकेज उपलब्ध नहीं करवाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को केंद्र से केवल आपदा राहत के तहत वही धनराशि उपलब्ध करवाई गई है जिसका वार्षिक बजट में प्रावधान होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यदि प्रदेश में राष्ट्रीय आपदा और राहत पैकेज घोषित करती और विपक्ष विधानसभा में आपदा पैकेज में सरकार का समर्थन करता तो वे केंद्र सरकार का आभार करते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांसद प्रतिभा सिंह के अलावा किसी भी सांसद ने प्रदेश के हक की बात केंद्र के समक्ष नहीं रखी। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शाहपुर में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत नौ निराश्रित बच्चों को कौशल विकास, उच्च शिक्षा तथा गृह निर्माण के लिए सहायता राशि के चेक भेंट किए। मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक मांग को पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इससे पहले शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का शाहपुर पधारने पर स्वागत किया। उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 77 करोड़ की दस विकास योजनाओं की सौगात देने और ईसीएचएस के लिये 6 कनाल भूमि उपलब्ध करवाने के लिये मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शाहपुर विधानसभा में विकास तेज गति से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर स्वर्गीय आर.के. महाजन की याद में उनके परिजनों ने दो लाख, आई.एम.सी एवं आई.टी.आई. शाहपुर ने एक लाख, द्रोणाचार्य कॉलेज रैत ने एक लाख रुपये, राजपूत सभा शाहपुर ने 51 हजार रुपये, रेहलू के कर्ण पिंटू ने 71 हजार रुपये, शाहपुर रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के डी. आर शर्मा ने 11 हजार रुपये, योगा गाइड फाउंडेशन हि.प्र. ने 21 हजार रुपये, जितेंद्र, उदयालक शर्मा, अशोक कुमार, ऋतु और रजनी देवी ने 21 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष के लिये भेंट किये। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के मध्य खेले जा रहे विश्व कप क्रिकेट मैच का लुत्फ भी उठाया तथा भारतीय टीम का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, राज्य पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली, मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल, विधायक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय रतन, विधायक मलेंद्र राजन, विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, राज्य कृषि विकास बैंक के अध्यक्ष संजय चौहान, पूर्व विधायक अजय महाजन तथा सुरिंदर काकू, कृषि बैंक के अध्यक्ष राम चंद पठानिया, जिला अध्यक्ष करण पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
-ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा काम -लोक निर्माण विभाग ने मूंदी आंखें, लोगों में रोष इंदौरा-सनौर सड़क किनारे तार बिछाने के लिए कंपनी के ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है। ठेकेदार की लेबर द्वारा नाली निकालने के बाद सड़क के किनारे न तो मिट्टी ठीक से बिछाई जा रही है और न ही सड़क से 5 मीटर दायरे के बाहर यह नाली निकाली जा रही है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। अब ठेकेदार द्वारा रात के अंधेरे में जेसीबी लगाकर सड़क के आर-पार नाली खोद दी गई है। हैरत की बात तो यह है कि तार बिछाने के बाद न तो सड़क की स्थिति को सुधारा गया और न ही वहां से मिट्टी को सही ढंग से हटाया गया। इससे वहां मिट्टी का लगभग आधा फुट ऊंचा स्पीड ब्रेकर बन गया है। वहीं, इतना कुछ होने के बाद भी लोक निर्माण विभाग आंखें मूंद कर बैठा हुआ है। विभाग के इस रवैये से स्थानीय जनता में काफी रोष है। इस बारे में विभाग के कनिष्ठ अभियंता निश्चल सिंह सैनी से बात की तो उन्होंने बताया कि ठेकेदार को सड़क दुरुस्त करने के आदेश दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश के लोगों की सुविधा को देखते हुए राज्य सरकार ने सफेदा, पॉपलर, बांस की लकड़ी के साथ-साथ कुठ (औषधीय पौधे) को प्रदेश से बाहर ले जाने पर लगी रोक को हटा दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए आज यहां कहा कि अब राज्य के लोग इन चार प्रजाति की लकड़ी को बिना परमिट के प्रदेश से बाहर ले जा सकते हैं। साथ ही इन प्रजाति की लकड़ी की ढुलाई राज्य के भीतर भी बिना अनुमति के हो पाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में बहुत से किसान इन प्रजाति के पेड़ों को व्यवसायिक स्तर पर उगाते हैं, ऐसे में उनके हितों को देखते हुए राज्य सरकार ने इन चार प्रजातियों पर लगे प्रतिबंध को हटाने का निर्णय लिया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार ने खैर की लकड़ी, कत्था, देवदार के तेल सहित प्रदेश में उगने वाली अन्य जड़ी-बूटियों को प्रदेश से बाहर ले जाने पर लगे प्रतिबंध को भी हटा दिया है। हालांकि इन वन उत्पादों को प्रदेश से बाहर ले जाने के लिए वन विभाग से परमिट लेना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन विभाग से विभिन्न प्रकार के ई-परमिट प्राप्त करने के लिए हिमाचल प्रदेश में नेशनल ट्रान्ज़िट पास सिस्टम शुरू करने जा रही है। यह सिस्टम शुरू करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का छठा राज्य होगा, जिसके शुरू होने से जहां लोगों को ई-परमिट प्राप्त करने में सुविधा होगी, वहीं विभाग के कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता आएगी।
-पंचायती राज मंत्री बोले, प्रदेश की स्थिति सुधरने पर पूरी करेंगे मांगें -टर्मिनेशन लेटर भी लिए जाएंगे वापस जिला परिषद कैडर अधिकारी व कर्मचारियों की २२ दिनों से चली आ रही हड़ताल आज समाप्त हो गई। सोमवार से सभी कर्मचारियों व अधिकारियों ने कार्य पर लौटने का फैसला लिया है। शनिवार को जिला परिषद कर्मचारी महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से मिला और लगभग एक घंटे तक चली बैठक के बाद सरकार की ओर से मिले आश्वासन पर हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया गया। पंचायती राज मंत्री ने कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है। वहीं, पंचायती राज मंत्री ने कहा कि आज जिला परिषद कर्मियों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला और बैठक की गई, जिसमें उन्हें विश्वास दिलवाया गया है कि उनकी मांगें सरकार चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि इनकी हड़ताल के चलते आपदा के समय कार्य में रुकावट आ रही थी। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर को कर्मचारियों व अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक रखी गयी है, जिसमें इनकी सभी मांगों पर मंथन किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि जिन कर्मचारियों को बर्खास्तगी पत्र जारी किए गए थे, सोमवार को काम पर लौटने पर उनके टर्मिनेशन लेटर भी वापस ले लिए जाएंगे।
-सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और प्रशासन -क्रेन की मदद से बस को निकाला बाहर विधानसभा हलका इंदौरा के अंतर्गत पंचायत भदरोया में निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जैसे ही बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पलटी तो बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासन घटनास्थल पर पहुंच गया और बचाव कार्य शुरू किया गया। इससे पहले बस में सवार कई घायल यात्री निजी और प्राइवेट अस्पताल इलाज के लिए जा चुके थे। दुर्घटना के बाद प्रशासन की तरफ से क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला गया। इस संबंध में जब इंदौरा के एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन घटनास्थल पर पहुंचा है। बस में सवार घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। तीन घायलों को सिविल अस्पताल पठानकोट व 4 घायलों को सिविल अस्पताल नुरपुर भेजा गया है। बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया है।
-इलेक्ट्रिक व्हीकल तथा सौर उर्जा में 1000 बेरोजगार युवाओं को देंगे ट्रेनिंग -राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प - नगरोटा में कौशल केंद्रों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित की बैठक पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि हिमाचल में कौशल विकास निगम के माध्यम से ड्रोन क्षेत्र में 500 युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा इसके साथ ही सौर उर्जा तथा इलेक्ट्रिक व्हीकल के क्षेत्र में एक हजार युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। शनिवार को नगरोटा में उद्यमिता विकास संस्थान के कौशल केंद्रों के संचालकों के साथ आयोजित बैठक में बतौर मुख्यातिथि आरएस बाली ने कहा कि 5000 छात्रों को ईईई यानि इंगलिश इंप्लायमेंट ईंटरप्रेन्योरशिप का प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे प्रदेश के युवा अंग्रेजी भाषा तथा रोजगार कौशल में दक्ष होंगे। आरएस बाली ने कहा कि वर्तमान सरकार युवा को रोजगार के अवसर पर उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है तथा इसी बात को लेकर राज्य में पिछले वर्ष रोजगार संघर्ष यात्रा भी आरंभ की गई थी। आरएस बाली ने कहा कि हेल्थ केयर सेक्टर तथा पर्यटन आतिथ्य में भी स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं तथा इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए हिमाचल में पर्यटन आतिथ्य में युवाओं को प्रशिक्षित करने की दिशा में पहल की गई है इसके साथ ही कौशल केंद्रों में हेल्थ केयर सेक्टर से संबंधित प्रशिक्षण पर भी विशेष बल दिया जाएगा ताकि हिमाचल के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। पर्यटन निगम के अध्यक्ष ने कहा कि श्रम रोजगार विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग तथा हिमाचल कौशल विकास निगम के सहयोग से बाजार की आवश्यकताओं के अनुसार राज्य भर में विभिन्न प्रशिक्षित उम्मीदवारों के लिए हर महीने रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर एसडीएम मुनीष शर्मा, बीडीओ राजेश शर्मा, राज्य संयोजक डा अनिल कुमार, आदित्य नायर,ममता देवी, अजय कुमार, ज्योति शिल्पा, दीक्षा शिवानी सहित 80 कौशल केंद्रों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अलग-अलग योजनाओं से क्षेत्र के युवाओं का एक अभिवावक के रूप में भविष्य तराश रहे केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर की योजना सांसद भारत दर्शन के दूसरे चरण के लिए देहरा विधानसभा क्षेत्र की घियोरी पंचायत के गौरव धीमान पुत्र सुभाष धीमान का चयन हुआ है। गौरतलब है कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के 21 होनहार छात्रों को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की पहल सांसद भारत दर्शन के दूसरे चरण में देश के विभिन्न ऐतिहासिक शहरों को घूमने व समझने का अवसर मिलेगा। चयनित छात्रों को 25 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल हमीरपुर में हरि झंडी देकर रवाना करेंगे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा आयोजित इस दौरे के माध्यम से सभी छात्र निशुल्क भारत भ्रमण करेंग। इससे पूर्व पिछले माह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की 25 छात्राओं को सांसद भारत दर्शन के माध्यम से अनुराग ठाकुर भारत भ्रमण करबा चुके है देहरा विधानसभा से इस दौरे के लिए चयनित गौरव धीमान को बधाई देते हुए डॉ सुकृत सागर ने कहा कि अनुराग ठाकुर की पहल से हो रहा यह शैक्षणिक दौरा भविष्य में बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान देगा। 21 छात्रायों के साथ साथ एक से श्रेष्ठ अध्यापिकाओं का भी चयन किया गया है। आपको बता दें कि एक से श्रेष्ठ अनुराग ठाकुर की पहल है, जिसके अंतर्गत गांवों में बच्चों को निशुल्क पढ़ाया जाता है और साथ ही सभी जरूरी सामग्री जैसे कि किताबें, स्टडी टेबल, कापिया, प्रोटीन शेक आदि नि:शुल्क दी जाती है। एक से श्रेष्ठ के माध्यम से 9000 बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रही है। देहरा विधानसभा सहित हमीरपुर क्षेत्र में 475 से अधिक केंद्र चल रहे है भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा, मंडल अध्यक्ष निर्मल सिंह व घियोरी पंचायत की प्रधान पूनम धिमान व डॉ. सुकृत सागर ने गौरव को बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
-हरियाणा राज्य की कैथल कबड्डी टीम रही उप विजेता सोलन जिले की नालागढ़ जागो टीम ने मां बगलामुखी खेल कमेटी की ओर से नैहरन पुखर में करवाए गए कबड्डी टूर्नामेंट को जीत लिया है। वहीं, हरियाणा राज्य के कैथल जिले की कैथल कबड्डी टीम उप विजेता रही। विजेता को 71 हजार और उप विजेता को 51 हजार रुपये का कैश प्राइज दिया गया। नालागढ़ के राहुल राणा बेस्ट रेडर और कैथल के अंकित बेस्ट डिफेंडर घोषित किए गए। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दयाल पंचायत से संबंधित चंडीगढ़ के व्यवसायी छोटू शर्मा और देहरा के विधायक होशियार सिंह ने टीमों को पुरस्कृत किया। इससे पहले शुक्रवार को हुए अंडर-19 के मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा (सोलन) की टीम विजेता रही थी। टीम को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया था। यह टूर्नामेंट ढलियारा खड्ड में स्थित दयाल पंचायत के खेल मैदान में 19 से 21 अक्टूबर के बीच कराए गए। शनिवार सुबह प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने किया। मैच के दौरान संजीव ठाकुर, सुरेंद्र, मनोज राणा, अजय शर्मा, सुरेंद्र राणा और पंकज ने आफिशियल की भूमिका निभाई। कमेटी के संयोजक अजय कुमार, तरसेम ठाकुर और वीरेंद्र मनकोटिया ने कहा कि कमेटी हर साल इस तरह का आयोजन करेगी। इसमें सहयोग के लिए उन्होंने स्थानीय लोगों का आभार जताया। इस मौके पर समाजसेवी सलामदीन, कमेटी सदस्य अंकुश शर्मा, दलजीत चौहान, विनायक ठाकुर, मनोज कुमार, सतेंद्र डढवाल, अविनाश धीमान, मोहित ठाकुर, दलजीत कालू, मनोज ठाकुर मौजू आदि मौजूद रहे। इसका शुभारंभ श्री बालाजी समूह के प्रबंध निदेशक डा. राजेश शर्मा ने किया था।
हिमाचल पथ परिवहन निगम ने शनिवार को धर्मशाला से चिंतपूर्णी के लिए धार्मिक बस सेवा शुरू कर दी है। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर और डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल ने बस सेवा को शुरू किया। दर्शन योजना के तहत शुरू की गई यह बस धर्मशाला से ज्वालामुखी, ज्वालामुखी से चिंतपूर्णी और चिंतपूर्णी से वापस ज्वालामुखी और धर्मशाला के लिए श्रद्धालुओं को ले जाएगी, वहीं चिंतपूर्णी से खाटूश्याम के लिए भी एचआरटीसी की बस सेवा शुरू होने वाली है। 23 अक्तूबर को नवमी पर एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से इस बस सेवा को शुरू किया जाएगा। एचआरटीसी अपनी आय को बढ़ाने के लिए प्रदेश में धार्मिक बस सेवाएं शुरू कर रहा है। इसके लिए प्रदेश व देश भर में करीब 100 बस रूट चिन्हित किए जाएंगे। इन रूटों पर एचआरटीसी धार्मिक बस सेवा को शुरू करेगा। वृंदावन, हरिद्वार, ऋषिकेष, अयोध्या सहित देश व प्रदेश के विभिन्न रूटों पर बस सेवा शुरू होगी।
- धर्मशाला पहुंची टीम इंडिया, 22 को होगा मुकाबला क्रिकेट विश्व कप का अपना अगला मैच खेलने के लिए भारतीय टीम शुक्रवार दोपहर को धर्मशाला पहुंच गई। टीम इंडिया 22 अक्तूबर को न्यूजीलैंड के साथ अपना पांचवां मुकाबला खेलेगी। कप्तान रोहित शर्मा सहित टीम के सदस्य पुणे से दोपहर 1:45 बजे विशेष विमान से गगल हवाई अड्डे पर पहुंचे। गगल हवाई अड्डे पर पहुंचने पर खिलाड़ियों का एचपीसीए की ओर गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया। इसके अलावा ढोल की थाप पर खिलाड़ियों का स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों की खासी भीड़ रही। खिलाड़ियों की सुरक्षा के चलते किसी भी क्रिकेट प्रेमी को उनसे मिलने नहीं दिया गया। हवाई अड्डे से भारतीय टीम के खिलाड़ी सीधे धर्मशाला के कंडी स्थित होटल रेडिसन ब्लू के लिए रवाना हो गया। टीम इंडिया रेडिसन ब्लू में ठहेरगी। इसी होटल में न्यूजीलैंड की टीम भी रुकी है। भारतीय टीम शनिवार को मैदान में अभ्यास के लिए भी उतरेगी। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में सात साल बाद एक बार फिर भारत और न्यूजीलैंड की टीम आमने-सामने होगी। न्यूजीलैंड की टीम धर्मशाला में भारत के खिलाफ जीत का खाता खेलने के लिए और भारत की टीम यहां पर अपने जीत के क्रम को बरकार रखने के लिए मैदान में उतरेगी। न्यूजीलैंड को 2016 में हुए एक दिवसीय मैच में भारत से मिली हार का बदला लेने को मौका रहेगा।
कांगड़ा पुलिस ने नशे की बड़ी खेप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में पुलिस थाना कांगड़ा की टीम ने गत दिवस रिंकु पुत्र रणजीत सिंह निवासी घुरकड़ी के घर से 26.2 ग्राम चरस व 13.4 ग्राम हेरोइन पकड़ी है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना कांगड़ा में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पुलिस रिमांड में है तथा मामले में आगामी जांच जारी है। दूसरे मामले में पुलिस चौकी योल की टीम ने बंगाली कालोनी सिद्धबाड़ी के पास गौतम पुत्र विजय कुमार निवासी सिद्धबाड़ी बंगाली कालोनी के कब्जा से 80 ग्राम चरस व 32 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जिस पर आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना धर्मशाला में मामला पंजीकृत किया गया। गौतम भी पुलिस रिमांड में है तथा इस मामले में भी आगामी तफतीश जारी है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए उपभोक्ताओं के राशन कार्डों में उनकी आधार संख्या पंजीकृत की जा रही है। ई-केवाईसी के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्म तिथि तथा लिंग, आधार में दर्ज डाटा के अनुसार ही हो। इस प्रक्रिया को 31 अक्तूबर पूर्ण किया जा रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि विभागीय सर्वर में अचानक आई तकनीकी समस्या के दृष्टिगत ई-केवाईसी की प्रक्रिया बाधित हो गई थी, जिसे दुरूस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21 अक्तूबर से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पुन: सुचारू रूप से कार्य करना आरंभ कर देगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि संबंधित उचित मूल्य की दुकान पर जाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए विभाग का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी उचित मूल्य की दुकान में राशन प्राप्त करने में कोई असुविधा हो रही हो तो इसका समाधान 24 अक्तूबर तक कर दिया जाएगा।


















































